10:32 PM, 06-Mar-2026
ईरान हमलों पर चेतावनी न मिलने से कुछ खाड़ी देश ट्रंप से नाराज
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन खाड़ी देशों के सहयोगियों की बढ़ती नाराजगी का सामना कर रहा है। उन्होंने शिकायत की है कि अमेरिका और इस्राइल के हमलों के जवाब में उन्हें अपने देशों पर हुए ईरानी ड्रोन और मिसाइलों हमलों के लिए तैयारी के लिए पूरा वक्त नहीं दिया गया।
दो खाड़ी देशों के अधिकारियों ने कहा कि उनके देशों को हमलों का जवाब देने के लिए वक्त नहीं मिला, क्योंकि ट्रंप ने उन्हें संयुक्त अमेरिका-इस्राइली ऑपरेशन की पहले से सूचना नहीं दी। खाड़ी देशों ने पहले ही चेतावनी दी थी कि ईरान पर हमला पूरे क्षेत्र के लिए गंभीर नतीजे ला सकता है, लेकिन उनकी चेतावनियों को नजरअंदाज किया गया। एक अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में यह धारणा बन रही है कि अमेरिकी सेना ने मुख्य रूप से इस्राइल और अपने सैनिकों की रक्षा पर ध्यान दिया, जबकि खाड़ी देशों को खुद बचाव करना पड़ा। उनके मुताबिक, इंटरसेप्टर मिसाइलों का भंडार तेजी से कम हो रहा है। सीएनएन ने पूर्व सऊदी खुफिया प्रमुख प्रिंस तुर्की अल-फैसल के हवाले से कहा कि यह मूलतः बेंजामिन नेतन्याहू का युद्ध है, जिन्होंने ट्रंप को इसका समर्थन करने के लिए राजी किया। हालांकि, इस मसले पर सऊदी अरब, कुवैत और बहरीन की सरकारों ने बोलने इन्कार किया। वहीं व्हाइट हाउस प्रवक्ता एना केली ने कहा कि ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के कारण ईरान के मिसाइल हमले 90 फीसदी तक कम हो गए हैं। वहीं, अमेरिकी रक्षा अधिकारियों ने भी माना कि ईरान के शाहेद ड्रोन की लहरों को रोकना मुश्किल हो रहा है। युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान ने खाड़ी देशों पर लगभग 380 मिसाइलें और 1,480 ड्रोन दागे हैं, जिनसे कम से कम 13 लोगों की मौत हुई।
09:32 PM, 06-Mar-2026
खामेनेई के सोशल मीडिया खाते से इस्राइल को चेतावनी
अमेरिका और इस्राइल के सैन्य हमलों में मारे ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया और इस्राइल को चेतावनी दी है। पोस्ट में कहा गया, यहूदी वादी शासन (जायनिस्ट) ने बहुत बड़ी गलती की है और नतीजे इसे निराश कर देंगे। इंशाअल्लाह। खामेनेई की मौत के बाद उनके आधिकारिक सोशल मीडिया खाते पर यह पहली पोस्ट साझा की गई है।

08:23 PM, 06-Mar-2026
अन्य देशों की मध्यस्थता की कोशिशों के बीच ईरान का कड़ा संदेश- हमें कम मत आंकिए
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने शुक्रवार को कहा कि कुछ देशों ने अमेरिका और इस्राइल के साथ चल रहे झगड़े में बीच-बचाव की कोशिश शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि हम भी शांति पसंद करते हैं, लेकिन अपनी इज्जत और स्वतंत्रता के साथ। हमने पिछले हफ्ते सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को खो दिया। शायद कुछ लोगों ने हमें कम आंक लिया है।
राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'कुछ देशों ने बीच-बचाव की कोशिशें शुरू कर दी हैं। साफ-साफ कह दूं कि हम इस इलाके में हमेशा शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं, फिर भी हमें अपने देश की इज्जत और आजादी की रक्षा करने में कोई हिचकिचाहट नहीं है। बीच-बचाव उन लोगों पर होना चाहिए, जिन्होंने ईरानी लोगों को कम आंका और इस झगड़े को भड़काया।
ईरानी प्रेसिडेंट का यह बयान तब आया जब कई रिपोर्ट्स में बताया गया कि ईरान ने इजरायल पर हमलों की एक नई श्रृंखला शुरू कर दी है, जिसमें बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसमें उसकी लेटेस्ट सुपर-हैवी खोर्रमशहर-4 भी शामिल है। लेबनान की ऑफिशियल नेशनल न्यूज एजेंसी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर दक्षिणी लेबनान के शहर शिडोन में एक आवासीय इमारत पर इजरायली हवाई हमले को निशाना बनाया गया।
08:03 PM, 06-Mar-2026
ईरान ने कुर्दिस्तान में कुर्द विरोधी समूहों पर मिसाइल हमले किए: ईरानी मीडिया
ईरान ने इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र में कुर्द विरोधी समूहों पर मिसाइल हमले किए हैं। यह जानकारी ईरान के सरकारी टीवी ने दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी बलों ने उन ठिकानों को निशाना बनाया, जिन्हें तेहरान ईरान-विरोधी अलगाववादी समूहों का अड्डा बताता है। ये समूह उत्तरी इराक के अर्ध-स्वायत्त कुर्द क्षेत्र में सक्रिय बताए जाते हैं। ये हमले ऐसे समय में हुए हैं, जब खबरें आ रही हैं कि अमेरिका इराक में मौजूद कुर्द विरोधी गुटों के साथ तालमेल कर रहा है। इन गुटों ने संकेत दिया है कि वे ईरान के खिलाफ जारी संघर्ष में शामिल हो सकते हैं।
08:00 PM, 06-Mar-2026
बिना शर्त आत्मसमर्पण करे ईरान: डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि ईरान के साथ किसी भी तरह का समझौता तभी होगा, जब वह बिना शर्त आत्मसमर्पण करेगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद ईरान में एक 'बेहतरीन और स्वीकार्य नेतृत्व' चुना जाएगा। इसके बाद अमेरिका और उसके सहयोगी देश मिलकर ईरान को तबाही के कगार से वापस लाने के लिए काम करेंगे। ट्रंप ने दावा किया कि इस प्रक्रिया के बाद ईरान की अर्थव्यवस्था पहले से ज्यादा बड़ी, बेहतर और मजबूत बनेगी। उन्होंने अपने बयान के अंत में नारा दिया- 'मेक ईरान ग्रेट अगेन (एमआईजीए)'।
05:59 PM, 06-Mar-2026
कतर में भारतीय दूतावास ने एडवइजरी जारी की
पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच दोहा में भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए वीजा, ट्रांजिट और और सऊदी अरब के बाहर यात्रा को लेकर जानकारी दी। दूतावास ने आज एक एडवाइजरी में बताया कि कतर में ट्रांजिट के दौरान फंसे भारतीय नागरिकों के लिए एक पंजीकरण लिंक खोला गया है। इस लिंक के जरिये उन्हें सऊदी अरब के लिए अस्थायी ट्रांजिट वीजा हासिल करने में मदद मिलेगी।
दूतावास ने कहा कि यह सुविधा केवल उन भारतीय नागरिकों के लिए है, जो इस समय कतर में ट्रांजिट के दौरान फंसे हुए हैं और जिनके पास सऊदी अरब से आगे यात्रा के लिए कन्फर्म टिकट हैं। ऐसे लोग दिए गए लिंक पर पंजीकरण कर सकते हैं। दूतावास ने यह भी बताया कि कतर के गृह मंत्रालय ने घोषणा की है कि कतर में समाप्त हो चुके या समाप्त होने वाले सभी प्रवेश वीजा की अवधि एक महीने के लिए बढ़ा दी गई है। यह फैसला 28 फरवरी 2026 से लागू हुआ है और स्थिति के अनुसार इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है। भारतीय नागरिकों को यह भी बताया गया है कि आपात स्थित में सलवा बॉर्डर क्रॉसिंग के रास्ते सड़क मार्ग से सऊदी अरब के लिए निकलने का विकल्प फिलहाल खुला है।
05:24 PM, 06-Mar-2026
इस्राइल का दावा- 50 लड़ाकू विमानों ने खामेनेई के 'भूमिगत बंकर' को नष्ट किया
इस्राइली सेना ने दावा किया है कि उसके 50 लड़ाकू विमानों ने तेहरान में उस भूमिगत बंकर पर हमला किया है, जिसे ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के लिए बनाया गया था। इस्राइल ने एक बयान में दावा किया कि यह परिसर मध्य तेहरान की सड़कों के नीचे पूरी तरह फैला हुआ था और इसमें बैठक कक्ष भी शामिल थे। बयान में यह भी कहा गया कि खामेनेई की हत्या के बाद भी वरिष्ठ अधिकारी इस सुविधा का इस्तेमाल करते रहे।
04:31 PM, 06-Mar-2026
ईरान में स्कूल पर हमले की जल्द हो पारदर्शी जांच: संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख
संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क ने ईरान के स्कूल में हुए हमले की जल्द जांच कराने की अपील की। इस हमले में 175 लोगों की मौत हो गई थी। तुर्क ने जिनेवा में पत्रकारों से बातचीतमें कहा कि अमेरिका ने इस हमले की जांच की घोषणा की है। संयुक्त राष्ट्र चाहता है कि यह जांच जल्द, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि जांच तेजी से होनी चाहिए। इसके साथ ही हमले के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। पीड़ितों को न्याय और उचित मुआवजा भी मिलना चाहिए। इस बीच, अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका मिनाब में हुए इस हमले की जांच कर रहा है।
04:24 PM, 06-Mar-2026
इस्राइल ने दक्षिण लेबनान में फिर किए हवाई हमले
इस्राइल ने एकबार फिर दक्षिण लेबनान में हवाई हमले किए हैं। अल-जजीरा ने स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट्स के हवाले से बताया कि इस्राइली लड़ाकू विमानों ने दक्षण लेबनान के कई इलाकों को निशाना बनाया। ये हवाई हमले मरवानीह और याह्मार अल-शफीक कस्बों के पास हुए हैं। इलाके में कई धमाकों की आवाजें सुनी गई और हमलों के बाद स्थिति तनावपूर्ण है।
02:58 PM, 06-Mar-2026
भारत की कतर में रहने वाले अपने नागरिकों से अपील
मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए भारत ने कतर में रहने वाले अपने सभी नागरिकों से कतर के अधिकारियों, विशेष रूप से गृह मंत्रालय द्वारा जारी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने का अनुरोध किया है। मंत्रालय ने कतर के सभी निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर रहने, अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों को छोड़कर बाहर न निकलने और खिड़कियों और खुले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।
एडवाइजरी में कहा गया है कि कतर का हवाई क्षेत्र अभी भी बंद है और उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित हैं। कतर एयरवेज 7 मार्च, 2026 को सुबह 9 बजे (दोहा समय) अगली अपडेट जारी करेगी। सभी यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी-अपनी एयरलाइन के संपर्क में रहें।
02:02 PM, 06-Mar-2026
श्रीलंका: घायल ईरानी जवानों को पहुंचाया अस्पताल
अमेरिकी हमले में बचाए गए ईरानी नाविकों को लेकर श्रीलंकाई नौसेना का जहाज गाले नौसैनिक अड्डे पर पहुंचा, घायल नाविकों को एम्बुलेंस में ले जाया जा रहा है।
02:00 PM, 06-Mar-2026
ईरान में मृतकों की संख्या 1332 पहुंची
28 फरवरी से शुरू हुई जंग का आत सातवां दिन है। ऐसे में रोजाना मृतकों का आंकड़ा बढ़ रहा है। ईरानी रेड क्रिसेंट की रिपोर्ट के अनुसार अब तक अमेरिका और इस्राइल के हमलों में ईरान में कम से कम 1,332 लोग मारे गए हैं।
01:58 PM, 06-Mar-2026
इंडोनेशिया अपने नागरिकों को ईरान से निकालना शुरू करेगा
विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार इंडोनेशिया आज से ईरान से अपने नागरिकों को निकालना शुरू करेगा। अल जरीरा ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि निकासी प्रक्रिया आज धीरे-धीरे शुरू होगी, और यह पहला चरण अजरबैजान के माध्यम से चलाया जाएगा 32 इंडोनेशियाई लोगों का पहला समूह सोमवार या मंगलवार को जकार्ता पहुंचने वाला है।
बता दें कि ईरान में कुल 329 इंडोनेशियाई नागरिक हैं, जिनमें से अधिकांश कोम शहर में छात्र हैं। मंत्रालय के अनुसार, लगभग पांच लाख इंडोनेशियाई लोग मध्य पूर्व के पूर्व के देशों में रहते हैं, लेकिन इंडोनेशिया सरकार फिलहाल इस क्षेत्र के अन्य देशों से लोगों को निकालने पर विचार नहीं कर रही है।
01:16 PM, 06-Mar-2026
आईआरजीसी का दावा- मार गिराया इस्राइल का हेरॉन ड्रोन
तेहरान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने मध्य शहर इस्फहान के ऊपर उड़ रहे एक इस्राइल हेरॉन ड्रोन को मार गिराया है। हेरॉन ड्रोन इस्राइल का सबसे बड़ा मानवरहित हवाई वाहन (यूएवी) है और इसे 2007 में सेवा में लाया गया था।
01:04 PM, 06-Mar-2026
कतर एयरवेज की उड़ानें रद्द
कतर के हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण कतर एयरवेज की निर्धारित उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित हैं। कतर एयरवेज की उड़ानें नागरिक उड्डयन प्राधिकरण की ओर से हवाई क्षेत्र को सुरक्षित रूप से फिर से खोलने की घोषणा के बाद ही पुनः शुरू होंगी। 7 मार्च को दोहा समयानुसार सुबह 9:00 बजे (06:00 UTC) तक इस संबंध में और जानकारी दी जाएगी।
12:45 PM, 06-Mar-2026
सऊदी अरब ने एक और ड्रोन को गिराया
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उसने रियाद के उत्तर-पूर्व में एक और ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया है। यह घटना मंत्रालय द्वारा रियाद के पूर्व में तीन ड्रोन गिराए जाने की जानकारी देने के बाद हुई है।
12:24 PM, 06-Mar-2026
ईरान के हमले में कुवैत के 67 जवान घायल
ईरान के हमले में कुवैत के 67 जवान घायल हो गए हैं। वहीं सैकड़ों मिसाइलें और ड्रोन टारगेट पर पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दिए हैं। कुवैत के सरकारी संचार केंद्र की एक ब्रीफिंग में शुक्रवार को रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी। रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता सऊद अल-अतवान ने कहा कि घायल लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर है। उन्होंने आगे कहा कि दो लोगों को अभी भी मेडिकल निगरानी में रखा गया है।
12:10 PM, 06-Mar-2026
इस्राइल ने दक्षिणी बेरूत में हमलों की एक लहर चलाई
इस्राइल सेना का कहना है कि उसने दक्षिणी बेरूत के धाहियेह इलाके में 26 राउंड हमले किए हैं। दावा है कि उसने हिज्बुल्ला के इस्तेमाल किए जाने वाले अलग-अलग इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया है, जिसमें समूह की कार्यकारी परिषद का मुख्यालय और ड्रोन वाला एक वेयरहाउस शामिल है। वहीं लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार सोमवार से बेरूत समेत लेबनान पर हुए हमलों में कुल 123 लोग मारे गए हैं और 683 घायल हुए हैं।
11:51 AM, 06-Mar-2026
अमेरिका ने ईरान के 30 जहाजों को डुबो दिया
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को एक शीर्ष अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने कहा कि अमेरिका ने चल रहे युद्ध के दौरान 30 से अधिक ईरानी जहाजों को डुबो दिया है, जबकि तेहरान की सेनाओं द्वारा बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन हमलों में काफी कमी आई है।
रॉयटर्स ने एडमिरल ब्रैड कूपर के हवाले बताया कि 30 से अधिक जहाज डुबो दिए हैं, और पिछले कुछ घंटों में ही हमने एक ईरानी ड्रोन वाहक पोत को निशाना बनाया है, जिसका आकार लगभग द्वितीय विश्व युद्ध के विमानवाहक पोत के बराबर है। और इस समय उसमें आग लगी हुई है।
11:47 AM, 06-Mar-2026
इस्राइल पर ईरान ने क्लस्टर बम गिराए
ईरान ने इस्राइल पर क्लस्टर बम गिराए हैं। जिसका वीडियो सामने आया है। गुरुवार रात कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक इनमें क्लस्टर बम लगे थे
11:44 AM, 06-Mar-2026
सऊदी अरब ने रियाद के पूर्व में ड्रोन नष्ट किए
सऊदी अरब ने रियाद के पूर्व में तीन ड्रोन नष्ट कर दिए हैं। सऊदी रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर एक प्रवक्ता के हवाले से पोस्ट किया, जिसमें कहा कि रियाद क्षेत्र के पूर्व में तीन ड्रोन को रोका गया और नष्ट कर दिया गया।
11:33 AM, 06-Mar-2026
जॉर्डन में ड्रोन मार गिराए
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार जॉर्डन के इरबिद शहर में हवाई रक्षा बलों ने कई ड्रोन मार गिराए हैं।
10:35 AM, 06-Mar-2026
ईरान लंबे युद्ध के लिए तैयार, नए हथियारों की चेतावनी: IRGC प्रवक्ता
इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) के एक प्रवक्ता ने कहा कि ईरान लंबे युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार है और ऐसे एडवांस्ड हथियार लाने वाला है जिनका अभी तक इस लड़ाई में इस्तेमाल नहीं हुआ है। एक बयान में ब्रिगेडियर जनरल अली मोहम्मद नैनी ने कहा कि ईरान के दुश्मनों को आने वाले हमलों की नई लहर में दर्दनाक वार की उम्मीद करनी चाहिए।उन्होंने कहा कि ईरान की नई कोशिशें और हथियार आने वाले हैं। इन टेक्नोलॉजी का अभी बड़े पैमाने पर इस्तेमाल नहीं किया गया है।
10:06 AM, 06-Mar-2026
हिज्बुल्ला ने हाइफा बंदरगाह पर हमले की ली जिम्मेदारी
लेबनानी सशस्त्र समूह हिजबुल्लाह ने शुक्रवार की सुबह इस्रइली जमीनी बलों को निशाना बनाकर किए गए हमलों की जिम्मेदारी ली है, जिनमें वे बल भी शामिल हैं, जो हाल के दिनों में लेबनान की धरती में प्रवेश कर चुके हैं।
टेलीग्राम पर एक बयान में हिज्बुल्लाह ने कहा कि उसके लड़ाकों ने मारौन अल-रस और कफर किला सहित कई क्षेत्रों में इस्रइली सेना को निशाना बनाया है, जो पहले से ही लेबनानी क्षेत्र के भीतर हैं। बयान में कहा गया है कि हिज्बुल्लाह ने कब्जे वाले गोलान हाइट्स में इस्राइल के योआव सैन्य शिविर और हाइफा बंदरगाह में एक नौसेना अड्डे को भी निशाना बनाया। फिलहाल किसी के हताहत होने की तत्काल खबर नहीं मिली है। इससे पहले हिज्बुल्लाह ने लेबनान के साथ विवादित सीमा पर रहने वाली इस्राइली बस्तियों के निवासियों को खाली करने की चेतावनी जारी की थी।
10:02 AM, 06-Mar-2026
बहरीन के मनामा में इस्राइली दूतावास को बनाया निशाना
ईरान की अर्ध-सरकारी फार्स न्यूज एजेंसी ने बताया है कि बहरीन की राजधानी मनामा पर रात भर हुए हमलों में शहर के फाइनेंशियल हार्बर टावर्स वाणिज्यिक परिसर को निशाना बनाया गया। समाचार एजेंसी ने कहा कि परिसर पर हमला इसलिए किया गया क्योंकि शहर में इस्राइली दूतावास वहीं स्थित था। रॉयटर्स समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार परिसर के आसपास एक ईरानी ड्रोन को रोका गया और नष्ट कर दिया गया।
09:38 AM, 06-Mar-2026
हमले के बाद से 19,000 से अधिक उड़ानें रद्द
संयुक्त अरब अमीरात के दुबई और अबू धाबी सहित पश्चिम एशिया के सात प्रमुख हवाई अड्डों पर 19,000 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। फ्लाइटराडार24 के आंकड़ों के अनुसार 1, 2 और 3 मार्च को सबसे अधिक उड़ानें रद्द हुईं, जिनकी संख्या प्रत्येक दिन 3,300 से अधिक रही।
इस डेटा में दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (दुबई, कतर), हमाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (दोहा, कतर), जायद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (अबू धाबी, यूएई), शारजाह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (शारजाह, यूएई), कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (कुवैत सिटी, कुवैत), बहरीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (मनामा क्षेत्र, बहरीन) और अल मकतूम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (दुबई, यूएई) की उड़ानें रद्द होने की जानकारी शामिल है।
28 फरवरी से अब तक रद्द हुई उड़ानें
- 28 फरवरी: 1,400 से अधिक उड़ानें
- 1 मार्च: 3,400 से अधिक उड़ानें
- 2 मार्च: 3,400 से अधिक उड़ानें
- 3 मार्च: 3,300 से अधिक उड़ानें
- 4 मार्च: 3,200 से अधिक उड़ानें
- 5 मार्च: 3,000 से अधिक उड़ानें
- 6 मार्च: 1,300 से अधिक उड़ानें
7 दिनों में कुल: 19,000 से अधिक उड़ानें
08:39 AM, 06-Mar-2026
अमेरिका ने कुवैत दूतावास को बंद किया
कुवैत पर मिसाइल और ड्रोन हमलों की खबरों के बाद अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि उसने कुवैत में अपने दूतावास में कामकाज निलंबित कर दिया है। हालांकि अमेरिकी कर्मियों के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
07:47 AM, 06-Mar-2026
कतर की वायु रक्षा ने एयरबेस पर ड्रोन हमले को नाकाम किया
कतर के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि वायु रक्षा बलों ने दोहा में अल उदैद हवाई अड्डे को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन हमले को सफलतापूर्वक विफल कर दिया है। इससे पहले अधिकारियों ने एक अलर्ट जारी कर चेतावनी दी थी कि सुरक्षा खतरे का स्तर बढ़ गया है, जिसके तहत लोगों को घर के अंदर रहने की जरूरत पर जोर दिया।
07:09 AM, 06-Mar-2026
बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में इस्राइल का हमला, हजारों लोग भागने को मजबूर
गुरुवार को इस्राइल ने बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हमला किया, इसके पहले वहां के सभी निवासियों को तुरंत अपने घर खाली करने का आदेश दिया। लेबनान की राजधानी में सड़कें जाम हो गईं क्योंकि लोग डर के मारे भागने की कोशिश कर रहे थे और सेना ने यह भी तय किया कि कौन से रास्ते सुरक्षित हैं। इस हमले के पीछे पिछले सप्ताह ईरान पर अमेरिका और इस्राइल के हमलों के बाद शुरू हुए संघर्ष का असर है।
हिजबुल्ला ने सोमवार को एक साल बाद इस्राइल पर मिसाइल और ड्रोन हमला किया, जिस पर इस्राइल ने दक्षिणी लेबनान और बीरेूत के उपनगरों में जवाबी कार्रवाई की। इस संघर्ष में अब तक 123 लोगों की जान जा चुकी है और 83,000 से ज्यादा लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं। इस्राइल के कड़े रुख वाले वित्त मंत्री बेज़ेल स्मोट्रिच ने चेतावनी दी कि हेज़बोल्लाह के नियंत्रण वाले ये इलाके गाजा के खान यौनिस जैसी तबाही झेल सकते हैं।
06:02 AM, 06-Mar-2026
गुरुवार से अब तक क्या-क्या हुआ?
- बढ़ते विस्थापन: संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी (UNHCR) के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों के चलते कम से कम 3,30,000 लोग मजबूरन अपने घर छोड़ चुके हैं। इनमें 100,000 लोग तेहरान से, 84,000 से ज्यादा लोग लेबनान से और लगभग 1,18,000 लोग अफगानिस्तान और पाकिस्तान से भागे हैं।
- अमेरिका का हमला: अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने पिछले 72 घंटे में ईरान के लगभग 200 लक्ष्य तबाह किए। इसमें गहरे दबे बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चर और कम से कम 30 ईरानी जहाज शामिल हैं।
- ईरानी जवाबी हमला: ईरान की रिवॉल्यूशनरी गार्ड ने टेल अवीव और मध्य इस्राइल में ड्रोन और मिसाइल हमला करने का दावा किया है।
- अमेरिकी संसद का फैसला: रिपब्लिकन नेतृत्व वाली हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स ने 219-212 वोटों से ट्रंप के ईरान पर युद्ध रोकने और किसी भी सैन्य कार्रवाई के लिए कांग्रेस की मंजूरी जरूरी करने के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया।
- ट्रंप का बयान: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वे ईरान के अगले सर्वोच्च नेता के चुनाव में शामिल होना चाहते हैं और ईरानी शासन में अमेरिका के अनुकूल नेतृत्व स्थापित करना चाहते हैं।
- मिस्र की चेतावनी: मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी ने कहा कि पश्चिम एशिया युद्ध के कारण देश आर्थिक रूप से ‘करीब आपातकाल’ की स्थिति में है, और इससे कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है।
- ईरानी विरोध: ईरान की सरकार ने तेहरान के बाहरी इलाके में स्थित आजादी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पर अमेरिकी और इस्राइली हमले की निंदा की, इसे अंतरराष्ट्रीय कानून और ओलंपिक चार्टर का उल्लंघन बताया।
- क्यूबा पर चेतावनी: ट्रंप ने क्यूबा की सरकार को गिराने की धमकी दोहराई और कहा कि अमेरिका की कार्रवाई ईरान पर युद्ध पूरा होने के बाद हो सकती है।
06:02 AM, 06-Mar-2026
ईरान का अजरबैजान पर हमला 14 देशों तक पहुंची युद्ध की आंच
पश्चिम एशिया में चल रहा संघर्ष बृहस्पतिवार को और फैल गया। ईरान ने एक और पड़ोसी अजरबैजान पर ड्रोन हमला किया। इनमें से एक हमला नखचिवान अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल भवन पर हुआ, जिसमें दो लोग घायल हुए हैं। वहीं, ईरान ने इस्राइली और अमेरिकी ठिकानों पर नए हमले किए। ईरान युद्ध के छठे दिन पश्चिम एशिया और इससे इतर 14 देशों तक इस संघर्ष की आंच पहुंच गई है।
इस्राइल ने ईरान में राजधानी तेहरान समेत कई शहरों में बड़े पैमाने पर हमले किए। ईरान पर इस्राइल व अमेरिकी हमले के बाद से अब तक ईरान में 1,230 लोगों की मौत हो चुकी है। इस्राइल ने माना कि ईरान ने उस पर कई मिसाइलें दागी हैं। तेल अवीव व येरूशलम में लगातार हमले के कारण सायरन बजते सुनाई दिए।
ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड ने अजरबैजान पर दो ड्रोन दागे। ईरान ने हालांकि अजरबैजान पर हमले की बात नहीं कबूली है। अजरबैजान पर हमले से पहले ईरान, इस्राइल, अमेरिका, सऊदी अरब, यूएई, बहरीन, कुवैत, कतर, ओमान, लेबनान, साइप्रस, इराक व तुर्किये जंग की तपिश झेल चुके हैं। वहीं, ईरान के हमले में कुवैत में अमेरिका के 6 सैन्यकर्मी मारे जा चुके हैं। ईरान की ओर से इस्राइल पर हमलों में अब तक 10 मौतों की खबर है।
06:01 AM, 06-Mar-2026
हिजबुल्ला के 80 ठिकानों पर इस्राइल का हमला
इस्राइली सेना ने लेबनान में ईरान समर्थित हिजबुल्ला संगठन से जुड़े 80 ठिकानों पर हमला किया है। ईरान में लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च साइटों और अन्य लक्ष्यों को भी उसने निशाना बनाया। कतर सरकार ने दोहा पर मिसाइल हमले का दावा करते हुए अमेरिकी दूतावास के पास रहने वालों को वहां से हटाना शुरू किया है।
06:01 AM, 06-Mar-2026
बातचीत ही एकमात्र समाधान, युद्ध जल्द थमे: रूसी राजदूत
पश्चिम एशिया में गहराते सैन्य संकट के बीच भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने शांति की अपील की है। बृहस्पतिवार को अलीपोव ने स्पष्ट किया कि किसी भी संघर्ष का स्थायी समाधान केवल कूटनीतिक बातचीत से संभव है। उन्होंने कहा कि समाधान हमेशा बातचीत के माध्यम से ही निकलता है। इस संघर्ष को जल्द सुलझाया जाना चाहिए। आपूर्ति शृंखला और ऊर्जा सुरक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए रूसी राजदूत ने कहा कि भारत अपनी तेल जरूरतों के लिए स्वतंत्र है। यह भारत को तय करना है कि वह अपनी तेल आपूर्ति कहां से सुनिश्चित करता है। रूस हमेशा भारत को तेल आपूर्ति के लिए तैयार रहा है। दूसरी ओर समुद्र में तनाव तब और बढ़ गया, जब अमेरिकी रक्षा विभाग ने भारतीय नौसेना के अतिथि के रूप में आए ईरानी युद्धपोत को हिंद महासागर में टॉरपीडो से डुबोने की पुष्टि की। इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने चेतावनी दी कि अमेरिका ने अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में जो किया है, उसके लिए उसे भारी पछतावा होगा।
06:00 AM, 06-Mar-2026
ईरान में गृहयुद्ध का खतरा, खाड़ी देशों ने जताई चिंता: यूरोपीय संघ
पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच खाड़ी देशों ने ईरान में संभावित गृहयुद्ध को लेकर चिंता जताई है। यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कालास ने कहा कि क्षेत्र के कई देशों ने यूरोपीय अधिकारियों से बातचीत में ईरान के भीतर अस्थिरता और गृहयुद्ध की आशंका व्यक्त की है। कालास ने कहा कि जब यूरोपीय अधिकारी क्षेत्र के देशों से बातचीत करते हैं तो वे ईरान के अंदरूनी हालात को लेकर गंभीर चिंता जताते हैं। उनके अनुसार ईरान के नेतृत्व और वहां की मौजूदा स्थिति को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। इस बैठक में ईरान और व्यापक पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की जा रही है। समुद्री सुरक्षा को लेकर गंभीर िचंता बरकरार क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता बनी हुई है। उन्होंने बताया कि यूरोपीय संघ खास तौर पर इस बात को लेकर चिंतित है कि महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग सुरक्षित बने रहें। कालास ने कहा कि यूरोपीय संघ होरमुज जलडमरूमध्य जैसे प्रमुख समुद्री मार्गों को खुला और सुरक्षित बनाए रखने के प्रयास कर रहा है।
04:46 AM, 06-Mar-2026
कतर पर ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमला
कतर की रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ईरान ने 14 बैलिस्टिक मिसाइलें और 4 ड्रोन कतर पर दागे। सभी ड्रोन और 13 मिसाइलें क़तर की वायु रक्षा ने मार गिराई, जबकि 14वीं मिसाइल समुद्र में गिर गई। ईरानी राज्य टीवी ने भी इन हमलों की पुष्टि की।
04:46 AM, 06-Mar-2026
ईरान के हमले: खाड़ी में भय फैलाने की रणनीति
ईरान का शासन वर्षों से चेतावनी