मध्य प्रदेश के ई-नगर पालिका सॉफ्टवेयर पर साइबर अटैक किया गया है। इस कारण नगरीय विकास एवं आवास विभाग के सभी सर्वरों तथा अन्य नेटवर्क को बंद कर दिया गया है। इससे भोपाल नगर निगम को छोड़कर 412 निकायों में ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इंडियन इमरजेंसी रिस्पांस टीम के विशेषज्ञ तथा साइबर पुलिस घटना की जांच कर रहे हैं।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश के ई-नगर पालिका सॉफ्टवेयर पर साइबर अटैक किया गया है। इस कारण नगरीय विकास एवं आवास विभाग के सभी सर्वरों तथा अन्य नेटवर्क को बंद कर दिया गया है। इससे भोपाल नगर निगम को छोड़कर 412 निकायों में ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
दरअसल, भोपाल में ई-नगर पालिका सॉफ्टवेयर के स्थान पर बीएमसी ऑनलाइन वेबसाइट का उपयोग किया जाता है, जिस पर साइबर अटैक का असर नहीं हुआ। इंडियन इमरजेंसी रिस्पांस टीम के विशेषज्ञ तथा साइबर पुलिस घटना की जांच कर रहे हैं। विभाग के प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई ने दावा किया है कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार डेटा सुरक्षित हैं।
उन्होंने ऑनलाइन सुविधा बहाल होने तक ऑफलाइन सुविधा शुरू रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने बताया कि 21 दिसंबर 2023 को ई-नगर पालिका सॉफ्टवेयर पर साइबर अटैक की सूचना प्राप्त हुई थी।
इसके बाद विभाग के सभी सर्वरों तथा अन्य नेटवर्क को हार्डवेयर के रखरखाव के लिए नियुक्त आईटी टीम द्वारा एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया था। इंडियन इमरजेंसी रिस्पांस टीम द्वारा निर्धारित प्रोटोकाल के अनुसार विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में पोर्टल शीघ्र शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।