रोड शो में मुख्यमंत्री ने दिखाया कमल, कहा मप्र में 29 और देश में 400 से अधिक सीटें जीत रहे

कोलार सर्वधर्म शादी हाल से सर्वधर्म पुल तक मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव का निकला रोड शो, 100 जगह हुआ स्वागत

By Nai Dunia News Network Edited By: Nai Dunia News Network Publish Date: Sun, 28 Apr 2024 10:20 PM (IST) Updated Date: Sun, 28 Apr 2024
10:20 PM (IST)

नवदुनिया, प्रतिनिधि भोपाल। शहर के हुजूर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर(कोलार)में रविवार को मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने लोकसभा प्रत्याशी आलोक शर्मा के समर्थन में रोड शो किया। बंजारी सर्वधर्म शादी हाल से रात 8:10 बजे रोड शो शुरू हुआ। 30 मिनट में सर्वधर्म पुल तक पहुंचा। सवा किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान लोगों ने जय श्रीराम के नारे लगाए।

एक स्वर में कहा कि अबकी बार 400 पार। फूलों से सजी खुली गाड़ी में मुख्यमंत्री यादव के साथ प्रत्याशी आलोक शर्मा, हुजूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामेश्वर शर्मा सवार रहे। ढोल-नगाड़े बजाते हुए लोग चल रहे थे। अतिशबाजी की जा रही थी। मुख्यमंत्री यादव मुस्कुराते हुए भाजपा का चिन्ह कमल का फूल लोगों को दिखा रहे थे। वहीं प्रत्याशी आलोक शर्मा के हाथ में कमल का चिन्ह लेकर लोगों का अभिवादन कर रहे थे।

रोड शो के मार्ग पर 100 जगह फूलों की वर्षा करके लोगों ने मुख्यमंत्री यादव का स्वागत किया गया। ढोल-नागड़ों के साथ मंचों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी कलाकारों ने दीं। रोड शो के बाद मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि विधायक रामेश्वर शर्मा के क्षेत्र में ऐतिहासिक रोड शो हुआ है। लोगों की भीड़ व उत्साह से पता चलता कि प्रदेश में सभी 29 लोकसभा सीट भाजपा जीत रही है। वहीं देश में भाजपा 400 पार सीटें जीत रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की प्रचंड जीत तय है।


Leave Comments

Top