पिंजरे में बंद तोता लेकर पहुंचे पटवारी, पुलिस ने रास्ते में रोका कार्यकर्ताओं को
भोपाल। नेशनल हेराल्ड मामले में हुई कार्रवाई को लेकर प्रदेश में कांग्रेस ने विरोध दर्ज कराया। आज बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राजधानी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में पटवारी पिंजरे में प्रतीकात्मक तोता लेकर पहुंचे। कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने बीएसएनएल मुख्यालय का मेन गेट बंद कर दिया। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पर चढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। पुलिस ने जब प्रदर्शनकारियों को ईडी ऑफिस तक नहीं जाने दिया तो कांग्रेस के कार्यकर्ता तपती धूप में सड़क पर ही लेटकर नारेबाजी करने लगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था मोदी सरकार सीबीआई और ईडी जैसी संवैधानिक संस्थाओं के जरिए विपक्ष को परेशान कर रही है। केंद्र सरकार ने तोते की तरह ईडी को अपने कैद में कर रखा है।
पुलिस ने जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ईडी ऑफिस तक नहीं जाने दिया तो प्रदर्शनकारी तपती धूप में सड़क पर ही लेटकर नारेबाजी करने लगे। बीएसएनएल ऑफिस के बाहर लगा ईडी ऑफिस का बोर्ड पुलिस ने कांग्रेसियों के पहुंचने के पहले ही ढंक दिया। जब कांग्रेस के कार्यकर्ता बीएसएनएल ऑफिस के बाहर पहुंचे तो युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र सिंह यादव, सोनू तोमर ने ईडी ऑफिस के बोर्ड से बैनर हटाने की कोशिश भी की लेकिन पुलिस ने उन्हें जाने नहीं दिया । इस दौरान थोड़ी बहुत धक्का मुक्की भी हुई।
गांधी-नेहरू परिवार ने देश को संपत्ति सौंपी है, अर्जित नहीं की
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि देश में नेहरू गांधी परिवार एक ऐसा परिवार है, जिसने 1930 से लेकर आज तक अपनी संपत्ति देश को ही सौंपी है। कभी खुद के लिए कोई स्वार्थ सिद्धि से कोई संपत्ति उन्होंने अपने लिए अर्जित नहीं की है, कोई भ्रष्टाचार का आरोप उन पर आज तक नहीं लगा है। भाजपा और आरएसएस मिलकर ईडी, आईटी और सीबीआई को एक राजनीतिक हथियार के रूप में दुरुपयोग कर रहे हैं, हम इसकी निंदा करते हैं। उन्होंने ने कहा कि नेशनल हेराल्ड के केस में एक पैसा भी नेहरू गांधी परिवार ने अपने ऊपर खर्च नहीं किया है, अपने काम में उपयोग नहीं किया है। शुद्ध रूप से यह प्रिवेंशन ऑफ़ मनी लॉन्डिरिंग एक्ट का केस बनता ही नहीं है।
एक परिवार को बचाने किया प्रदर्शन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक परिवार को बचाने के लिए प्रदर्शन कर रही है। नेशनल हेराल्ड में कांग्रेस ने बड़े घोटाले किए और गांधी परिवार को फायदा पहुंचाया गया।ष्शर्मा ने कहा कि इसके पीछे एक कॉरपोरेट घोटाला किया गया। नेशनल हेराल्ड के शेयर्स यांग इंडिया को ट्रांसफर किए गए. जो अखबार आजादी के अभियान में क्रांतिकारियों की आवाज बना, वो एक परिवार का एटीएम बन गया। कांग्रेस को पॉलिटिकल नहीं टेक्निकली देना चाहिए। शेयर ट्रांसफर जैसे हुए इसपर लूट का भी मामला बनता है.? शर्मा ने कहा कि कांग्रेस एक परिवार को बचाने के लिए प्रदर्शन कर रही है।