11:14 PM, 12-Feb-2026
Bangladesh Election Results 2026: तंगेल-7 सीट से जीते बीएनपी के अबुल कलाम आजाद सिद्दीकी
बांग्लादेश संसदीय चुनाव में तंगेल-7 निर्वाचन क्षेत्र में बीएनपी के अबुल कलाम आजाद सिद्दीकी ने 141,253 वोटों के भारी अंतर से जीत हासिल की, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी, जमात-ए-इस्लामी के अब्दुल्ला तालुकदार को 71,040 वोट मिले।
11:10 PM, 12-Feb-2026
Bangladesh Election Results 2026: BNP 70, जमात 21 और NCP दो सीट पर आगे
बांग्लादेश संसदीय चुनाव के तहत मतों की गणना जारी है। ताजा अपडेट के अनुसार, बीएनपी ने 70 सीटों पर बढ़त बना रखी है, वहीं जमात-ए-इस्लामी 21 सीटों पर आगे है। जबकि एनसीपी दो सीटों पर आगे चल रही है।
10:45 PM, 12-Feb-2026
Bangladesh Election Results 2026: BNP 50 तो 20 सीटों पर आगे जमात
बांग्लादेश में संसदीय चुनाव के तहत मतदान के बाद मतगणना जारी है। स्थानीय समाचार चैनलों के अनुसार, बीएनपी अब 50 सीटों पर और जमात-ए-इस्लामी 20 सीटों पर आगे है। बांग्लादेश की संसद में कुल 300 सीटें हैं, जिनमें से साधारण बहुमत के लिए 151 सीटों की जरूरत है। हालांकि इस चुनाव में 299 सीटों पर मतदान हुए हैं, क्योंकि एक निर्वाचन क्षेत्र में एक उम्मीदवार की मौत के कारण मतदान रद्द किया गया था।
10:23 PM, 12-Feb-2026
Bangladesh Election Results 2026: बोगरा-6 सीट से भी जीते तारिक रहमान
बीएनपी प्रमुख और पूर्व पीएम खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान ने बांग्लादेश संसदीय चुनाव में दो सीटों पर जीत हासिल की है। बता दें कि तारिक रहमान ने पहले ढाका-17 सीट से जीत हासिल की की थी, इसके बाद उन्होंने बोगरा-6 सीट से भी जीत हासिल की है।
09:53 PM, 12-Feb-2026
Bangladesh Election Results 2026: ढाका-17 से तारिक रहमान की जीत
बीएनपी मीडिया सेल के सदस्य शैरुल कबीर खान के अनुसार, बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान ने ढाका-17 निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की है। गुरुवार सुबह, तारिक रहमान ने राजधानी के गुलशन मॉडल हाई स्कूल और कॉलेज केंद्र में 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में अपना वोट डाला। वे सुबह करीब 9:30 बजे केंद्र पहुंचे और अपना वोट डाला। उनकी पत्नी डॉ. जुबैदा रहमान और बेटी जैमा रहमान ने भी उनके साथ मतदान किया था।
09:33 PM, 12-Feb-2026
Bangladesh Election Results 2026: ठाकुरगांव-1 में BNP के मिर्जा फखरुल आगे
प्रारंभिक परिणामों के अनुसार, बीएनपी के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर (धान की बाली) 35 मतदान केंद्रों से 39,101 वोटों के साथ आगे चल रहे हैं। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी, जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार को 25,976 वोट मिले हैं, जबकि इस्लामी आंदोलन बांग्लादेश के खादिमुल इस्लाम को 705 वोट मिले हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 185 मतदान केंद्र हैं।
09:20 PM, 12-Feb-2026
Bangladesh Election Results 2026: कॉक्स बाजार-1 में बीएनपी के सलाहुद्दीन को भारी बढ़त
बांग्लादेश के राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में बीएनपी के स्थायी समिति सदस्य सलाहुद्दीन अहमद कॉक्स बाजार-1 (चकड़िया-पेकुआ) से भारी बढ़त बनाए हुए हैं। 177 मतदान केंद्रों में से 74 केंद्रों के प्रारंभिक परिणामों के अनुसार, धान की बाली के चिन्ह पर चुनाव लड़ रहे सलाहुद्दीन को 121,119 वोट मिले हैं।
09:20 PM, 12-Feb-2026
Bangladesh Election Results 2026: सुनामगंज-2 से शिशिर मनीर ने स्वीकारी हार, BNP के नासिर को बधाई दी
सुनामगंज-2 (दिराई-शाला) निर्वाचन क्षेत्र से बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार शिशिर मनीर ने 13वें राष्ट्रीय संसद चुनाव में अपनी हार स्वीकार कर ली है। गुरुवार रात करीब 8:20 बजे, मनीर ने अपने सत्यापित फेसबुक अकाउंट पर अपनी हार स्वीकार करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार नासिर उद्दीन चौधरी को बधाई दी।
09:08 PM, 12-Feb-2026
Bangladesh Election Results 2026: ब्राह्मणबरिया-2 में रूमीन फरहाना आगे
निर्दलीय उम्मीदवार रुमीन फरहाना ब्राह्मणबारिया-2 निर्वाचन क्षेत्र में आगे चल रही हैं, जिसमें सरायल, आशुगंज और बिजयनगर का हिस्सा शामिल है। रात 8:24 बजे तक, फरहाना को 12 मतदान केंद्रों से 9,648 वोट मिले हैं, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी, बीएनपी-गठबंधन के उम्मीदवार और जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम बांग्लादेश की केंद्रीय समिति के उपाध्यक्ष मौलाना जुनैद अल हबीब को 6,745 वोट मिले हैं।
08:47 PM, 12-Feb-2026
Bangladesh Election Results 2026: झेनाइदा-1 में बीएनपी के असदुज्जमान विजयी
बांग्लादेश के पूर्व अटॉर्नी जनरल मोहम्मद असदुज्जमान ने 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव के प्रारंभिक परिणामों में बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) के उम्मीदवार के रूप में झेनाइदा-1 (शैलकुपा) निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की है। असदुज्जमान ने चुनाव लड़ने के लिए 17वें अटॉर्नी जनरल के पद से इस्तीफा दे दिया था। देश के सर्वोच्च कानूनी अधिकारी के रूप में कार्य करने से पहले, उन्होंने बीएनपी केंद्रीय कार्यकारी समिति के मानवाधिकार सचिव और दिवंगत पार्टी अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया के सलाहकार के रूप में कार्य किया था। झेनाइदा-1 में निवासियों ने अपने संवैधानिक अधिकार का प्रयोग करते हुए भारी संख्या में मतदान किया।
08:36 PM, 12-Feb-2026
Bangladesh Election Results 2026: बांग्लादेश चुनाव में मिले 11.43 लाख डाक मतपत्र
बांग्लादेश के 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में मतदान अधिकारियों को पोस्टल वोट बीडी एप के माध्यम से पंजीकृत मतदाताओं से 11,43,845 डाक मतपत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें से 4,95,551 मतदान प्रवासी मतदाताओं द्वारा और 6,48,294 मतदान घरेलू मतदाताओं द्वारा आंतरिक सशर्त डाक मतदान (आईसीपीवी) प्रणाली के तहत किए गए।
प्रवासी मतदाता पंजीकरण पर ओसीवी-एसडीआई परियोजना के टीम लीडर सलीम अहमद खान ने बताया कि गुरुवार दोपहर 2 बजे तक 7,66,862 मतपत्र विदेशों में रहने वाले मतदाताओं को भेजे जा चुके थे। इनमें से 5,54,258 मतदाताओं को उनके मतपत्र प्राप्त हुए, 5,43,751 ने मतदान पूरा किया और 5,37,554 मतपत्र विदेशों में डाक अधिकारियों को जमा किए गए। अब तक 4,98,266 विदेशी मतपत्र बांग्लादेश पहुंच चुके हैं।
08:25 PM, 12-Feb-2026
Bangladesh Election Results 2026: जसीम उद्दीन ने कोमिला-4 चुनाव का किया बहिष्कार
बांग्लादेश के कोमिला-4 (देबिदवार) निर्वाचन क्षेत्र में, गोनो अधिकार परिषद के उम्मीदवार मोहम्मद ए जसीम उद्दीन (ट्रक चिन्ह) ने गुरुवार को व्यापक अनियमितताओं और धांधली का हवाला देते हुए मतदान का बहिष्कार करने की घोषणा की। जसीम उद्दीन ने शाम लगभग 5 बजे फेसबुक लाइव प्रसारण के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके मतदान एजेंटों को कई मतदान केंद्रों में प्रवेश करने से रोका गया और कई केंद्रों से जबरन बाहर निकाल दिया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि आम मतदाताओं को वोट डालने से रोका गया और उन पर एक विशेष चिन्ह के लिए वोट देने का दबाव डाला गया। उन्होंने कहा, 'यह एक तमाशा है। इसलिए, मैं इसका बहिष्कार कर रहा हूं।'
08:21 PM, 12-Feb-2026
Bangladesh Election Results 2026: वोटिंग के दौरान पोलिंग सेंटर पर चार लोगों की मौत
बांग्लादेश में 3वें संसदीय चुनाव में वोटिंग के समय चार जिलों में पोलिंग स्टेशन पर या उसके आस-पास बीमार पड़ने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। चार मौतों में से एक खुलना में हुई, जबकि बाकी मानिकगंज, किशोरगंज और ब्राह्मणबरिया में हुईं। खुलना में, शहर के खान जहान अली रोड इलाके में आलिया मदरसा पोलिंग सेंटर के बाहर सुबह करीब 7:45 बजे जमात के एक एक्टिविस्ट के साथ झगड़े के बाद बीमार पड़ने से एक बीएनपी नेता की मौत हो गई। मरने वाले की पहचान खुलना सिटी यूनिट बीएनपी के पूर्व ऑफिस सेक्रेटरी महिबुज्जमां काची के रूप में हुई है।
वहीं किशोरगंज में, किशोरगंज के भैरब उपजिला में एक पोलिंग स्टेशन के पास पुलिसवालों द्वारा पीछा किए जाने के बाद एक आदमी की कथित तौर पर मौत हो गई। भैरब उपजिला निरबाही ऑफिसर केएम मामुनूर रशीद ने कहा कि मरने वाला, 55 साल का रज्जाक मिया, दक्खिनपारा गांव का रहने वाला था। जबकि मानिकगंज में, वोट डालने के लिए लाइन में इंतजार करते समय एक बुजुर्ग की मौत हो गई। स्थानीय लोगों और चश्मदीदों ने बताया कि यह घटना शिवालय उपजिला के महादेवपुर सरकारी प्राइमरी स्कूल सेंटर में सुबह करीब 11:20 बजे हुई। मरने वाले, 70 साल के बाबू मिया, एक वैन ड्राइवर थे और महादेवपुर इलाके के रहने वाले थे। ब्राह्मणबरिया में, सराइल उपजिला के सैयद सिराजुल इस्लाम ऑडिटोरियम पोलिंग सेंटर पर सुबह करीब 7:45 बजे एक पोलिंग ऑफिसर की मौत हो गई। 48 साल के मोजाहिदुल इस्लाम, एक मदरसा टीचर थे और उन्हें सेंटर में पोलिंग ऑफिसर के तौर पर ड्यूटी पर रखा गया था।
08:03 PM, 12-Feb-2026
Bangladesh Election Results 2026: मयमनसिंह और नौगांव में 4 अधिकारी हटाए गए
बांग्लादेश में मतदान के दौरान अनियमितताओं के आरोपों के बाद गुरुवार को मयमनसिंह और नौगांव में चार चुनाव अधिकारियों को ड्यूटी से हटा दिया गया। मयमनसिंह के भालुका उपजिला में, कांसेरकुल हाई स्कूल केंद्र पर एक सहायक पीठासीन अधिकारी और दो मतदान अधिकारियों को खुलेआम मतदान की अनुमति देने और प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों के एजेंटों को बाहर निकालने के आरोपों के बाद बर्खास्त कर दिया गया। इस मामले की पुष्टि करते हुए, भालुका उपजिला निर्बाही अधिकारी और सहायक रिटर्निंग अधिकारी फिरोज हुसैन ने कहा कि एक सहायक पीठासीन अधिकारी और दो मतदान अधिकारियों को खुलेआम मतदान को रोकने में विफल रहने के कारण हटाया गया है।
07:49 PM, 12-Feb-2026
Bangladesh Election Results 2026: मतपत्रों में हेराफेरी करने और अशांति फैलाने के आरोप में 4 लोगों को जेल
बांग्लादेश में 13वें राष्ट्रीय चुनाव और जनमत संग्रह के दौरान तीन जिलों में मतपत्रों में हेराफेरी के आरोपों में चार लोगों को अलग-अलग अवधि की जेल की सजा सुनाई गई। पंचगढ़ में, फकीरगंज क्रिश्चियन पारा निवासी, अटवारी उपजिला इकाई के जातीय जुबो शक्ति के संयोजक, 44 वर्षीय सुकुमार दास को नमूना मतपत्र रखने के आरोप में तीन साल की कैद की सजा सुनाई गई। मीरपुर उपजिला के नाओदा गोबिंदपुर गांव के शाहिन मलीथा पर 1,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। वहीं हबीगंज में एक मोबाइल अदालत ने हबीगंज-2 निर्वाचन क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर अशांति फैलाने के आरोप में एक युवक को दो साल की कैद की सजा सुनाई। बनियाचोंग उपजिला कार्यकारी अधिकारी (यूएनओ) महमूदा बेगम साथी ने बताया कि दोषी बनियाचोंग उपजिला के मंदारी गांव का नासिर है।
07:42 PM, 12-Feb-2026
Bangladesh Election Results 2026: बीएनपी की जीत निश्चित और स्पष्ट- महदी अमीन
राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी द्वारा भ्रामक गतिविधियों के कारण मतदान कम होने का आरोप लगाते हुए, बीएनपी ने आज अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं से अंतिम परिणाम घोषित होने तक मतदान केंद्रों पर बने रहने का आह्वान किया। पार्टी ने देशभर में अपने मतदान एजेंटों को मतगणना प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखने का भी निर्देश दिया। वहीं ढाका स्थित पार्टी के गुलशन चुनाव कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए, बीएनपी चुनाव संचालन समिति के प्रवक्ता महदी अमीन ने कहा, 'बीएनपी और प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक दल के बीच स्पष्ट और बड़ा अंतर है। इस अंतर का विरोध करना ही कल रात से आचार संहिता के उल्लंघन का मुख्य उद्देश्य था।'
07:40 PM, 12-Feb-2026
Bangladesh Election Results 2026: जमात गठबंधन ने भारी जीत की जताई उम्मीद
जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के चुनावी गठबंधन ने 13वें संसदीय चुनाव की मतदान प्रक्रिया को उत्कृष्ट बताया है और कुछ छिटपुट हिंसा और अनियमितताओं की घटनाओं का आरोप लगाने के बावजूद, भारी जीत हासिल करने और अधिकतम संख्या में सीटें जीतने की उम्मीद जताई है।
06:3 PM, 12-Feb-2026
Bangladesh Election Results 2026: चुनाव को खारिज करने लिए नागरिकों का धन्यवाद- अवामी लीग
बांग्लादेश अवामी लीग ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'जन नेता शेख हसीना की ओर से सभी नागरिकों को धन्यवाद, जिन्होंने हत्यारे-फासीवादी यूनुस के हास्यास्पद चुनाव को खारिज कर दिया। अवैध और असंवैधानिक रूप से सत्ता हथियाने वाले यूनुस द्वारा आज कराया गया तथाकथित चुनाव असल में एक सुनियोजित नाटक था। अवामी लीग की भागीदारी के बिना कराए गए इस धोखेपूर्ण, मतदाता-विहीन चुनाव में जनता के मतदान अधिकार, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना की पूरी तरह से अवहेलना की गई।'
06:17 PM, 12-Feb-2026
Bangladesh Election Results 2026: अगर चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष हुए तो नतीजे मानेंगे- BNP और जमात चीफ
बांग्लादेश की प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं ने गुरुवार को कहा कि अगर चुनाव 'स्वतंत्र और निष्पक्ष, बिना किसी भेदभाव के' हुए तो वे चुनाव के नतीजे मानेंगे। इस चुनाव को बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और उसकी कभी की साथी जमात-ए-इस्लामी के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है, क्योंकि इस बार अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अब खत्म हो चुकी अवामी लीग नहीं है। बीएनपी चेयरमैन तारिक रहमान, जमात-ए-इस्लामी चीफ शफीकुर रहमान और अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने देश के आम चुनाव में सुबह-सुबह वोट डाला।
आम चुनाव मोहम्मद यूनुस की तरफ से पेश किए गए 84- प्वाइंट के मुश्किल सुधार पैकेज पर रेफरेंडम के साथ-साथ हुए। देश भर के 300 में से 299 संसदीय क्षेत्रों में वोटिंग सुबह 7:30 बजे (लोकल टाइम) शुरू हुई और शाम 4:30 बजे खत्म हुई। तारिक रहमान ने ढाका के पॉश गुलशन इलाके में गुलशन मॉडल स्कूल और कॉलेज सेंटर पर अपना वोट डाला। पोलिंग सेंटर से निकलते हुए रहमान ने कहा, 'मैंने वोट देने के अपने संवैधानिक अधिकार का इस्तेमाल किया है। एक दशक से ज्यादा समय से, बांग्लादेश के लोग इस दिन का इंतजार कर रहे थे।' उन्होंने कहा कि अगर वे सत्ता में आए, तो 'हम देश में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने को प्राथमिकता देंगे ताकि लोग सुरक्षित महसूस करें।' बाद में, राजधानी के कई पोलिंग सेंटरों का दौरा करने के बाद, उन्होंने कहा कि अगर चुनाव 'स्वतंत्र, निष्पक्ष, बिना किसी विवाद के' होते हैं तो बीएनपी नतीजों को स्वीकार करेगी।
सरकारी बीएसएस न्यूज एजेंसी ने उनके हवाले से कहा, 'अगर लोग अपना वोट डालते हैं, तो आज से देश में एक लोकतांत्रिक शुरुआत हो सकती है।' चुनाव जीतने को लेकर उम्मीद जताते हुए उन्होंने कहा, 'हमें भरोसा है, अल्हम्दुलिल्लाह, मुझे जीत की उम्मीद है।' अगस्त 2024 में बड़े पैमाने पर देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों में हसीना को हटाए जाने के बाद यह अहम आम चुनाव पहला है।
05:46 PM, 12-Feb-2026
मोहम्मद यूनुस ने देशवासियों को दी बधाई
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस ने 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव को लेकर देशवासियों को हार्दिक बधाई दी और आभार व्यक्त किया। उन्होंने शाम 4:30 बजे मतदान समाप्त होने के बाद अपने प्रेस विंग द्वारा जारी एक बयान में कहा, 'मतदाताओं की स्वतःस्फूर्त भागीदारी, राजनीतिक दलों का जिम्मेदार आचरण, उम्मीदवारों द्वारा दिखाया गया संयम और चुनावी प्रक्रिया में शामिल सभी संस्थानों की व्यावसायिकता ने सामूहिक रूप से यह प्रदर्शित किया कि लोकतंत्र के प्रति हमारी प्रतिबद्धता अटूट है।'
05:06 PM, 12-Feb-2026
बांग्लादेश में 299 सीटों पर मतदान खत्म, मतगणना जारी
बांग्लादेश में 299 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान समाप्त होने के बाद ढाका में मतगणना जारी है। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, दोपहर 2 बजे तक करीब 48 फीसदी मतदान हुआ।
04:38 PM, 12-Feb-2026
बांंग्लादेश में चुनाव का आधिकारिक समय समाप्त, कुछ जगहों पर मतदान जारी
बांंग्लादेश में चुनाव का आधिकारिक समय समाप्त हो गया है। कुछ जगहों पर मतदान जारी होने की खबरें हैं। मुंशीगंज पोलिंग सेंटर पर कच्चे बम धमाके की खबर के बाद वोटिंग में थोड़ी देर रुकावट भी आई। ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के हवाले से समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया कि धमाका एक हाई स्कूल में बनाए गए पोलिंग स्टेशन पर हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। चुनाव में तैनात अधिकारी मसुदुर रहमान ने इसे मामूली घटना बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस वालों को तुरंत अलर्ट किया गया, जिसके बाद मतदान कराए गए।
03:55 PM, 12-Feb-2026
पोस्टल बैलेट पर चुनाव आयोग ने क्या बताया? पोलिंग बूथ पर BNP नेता की मौत
बांग्लादेश में जारी मतदान के बीच निर्वाचन आयोग ने कहा कि चुनाव में लगे अधिकारी देशभर से 6,48,000 पोस्टल बैलेट रिसीव कर चुके हैं। हैं। स्थानीय अखबार प्रोथोम आलो के मुताबिक, बांग्लादेश चुनाव आयोग के सीनियर सेक्रेटरी अख्तर अहमद ने कहा, रिटर्निंग ऑफिसर्स के पास कुल 6,48,000 पोस्टल बैलेट पहुंचे हैं।
मतदान केंद्र पर BNP नेता की मौत,
पार्टी ने जमात समर्थकों पर हमले का आरोप लगाया
बांग्लादेश में चुनाव लड़ रहे 60 साल के BNP नेता मोहिबुज्जमां कोच्चि की मौत, खुलना के पोलिंग स्टेशन पर वोट डालने जाते समय हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना सुबह करीब 9 बजे की है। BNP के मुताबिक, वोट देने के लिए पोलिंग स्टेशन पहुंचने के बाद मतदान केंद्र पर विरोधी जमात के सदस्यों ने कथित तौर पर उन्हें धक्का दिया। इस दौरान वह नीचे गिर गए और उनके सिर में चोट लग गई। उन्हें एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक लंबे समय से दिल की बीमारी से भी जूझ रहे थे और आज मतदान के दौरान वे तनाव में भी थे।
03:25 PM, 12-Feb-2026
जीत-हार के दावों के बीच चुनाव में गड़बड़ी की भी आशंका

बांग्लादेश में चुनाव पर प्रतिक्रियाएं - फोटो : एएनआई
बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव के लिए जारी मतदान के बीच, जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार खालिदोज जमान ने कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान में अनियमितताओं का आरोप लगाया। जमान बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, हालात अच्छे नहीं हैं क्योंकि मतदानकर्मी दलों के किसी प्रतिनिधि की गैरमौजूदगी में एक अलग कमरे में कागजात सील कर रहे हैं। यह बेहद निराशाजनक है और कई जगहों पर हो रहा है। हमें उम्मीद थी कि जमात-ए-इस्लामी चुनाव जीतेगी, लेकिन अगर ऐसा ही चलता रहा तो हम निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद कैसे रख सकते हैं?
नतीजों की घोषणा के बाद संसद सत्र चलने की उम्मीद
दूसरी तरफ बीएनपी सरकार के कार्यकाल में मंत्री रहीं सरवरी रहमान ने चुनावी प्रक्रिया की सराहना की। सकारात्मक परिणाम की उम्मीद जताते हुए वोट डालने के बाद रहमान ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, सब कुछ बहुत अच्छे और व्यवस्थित ढंग से हो रहा है। महिलाएं स्वतंत्र रूप से मतदान कर रही हैं... मुझे बहुत खुशी हो रही है। इतने वर्षों बाद आखिरकार सही तरीके से चुनाव हो रहे हैं। उम्मीद है कि चुनाव के बाद सब कुछ ठीक हो जाएगा। नतीजों की घोषणा के बाद संसद का सत्र भी चलेगा।
03:02 PM, 12-Feb-2026
यूरोपीय संघ ने चुनाव की तारीफ की
ईयू चुनाव पर्यवेक्षण मिशन के प्रमुख इवार्स इजैब्स ने बांग्लादेश के चुनाव को लोकतंत्र के लिए बड़ा दिन बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव “सक्रिय, भरोसेमंद और विश्वसनीय” होने की उम्मीद है। 394 अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक और 197 विदेशी पत्रकार इस चुनाव की निगरानी कर रहे हैं, जो 2024 की तुलना में दोगुना है। प्रारंभिक रिपोर्ट 14 फरवरी को जारी की जाएगी।
03:00 PM, 12-Feb-2026
तारीक रहमान का वादा- भ्रष्टाचार खत्म करेंगे
इस चुनाव में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और बीएनपी नेता तारीक रहमान ने कहा कि उनकी पार्टी जीतने पर देश में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी। उनका वादा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाकर बांग्लादेश को नई, साफ राजनीति की राह पर लाया जाएगा।
01:09 PM, 12-Feb-2026
दोपहर तक 32.88% मतदान, किसी भी केंद्र पर मतदान नहीं रुका
बांग्लादेश में जारी आम चुनाव के दौरान दोपहर 12 बजे तक 32.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। यह जानकारी चुनाव आयोग के वरिष्ठ सचिव अख्तर अहमद ने दी। उन्होंने राजधानी ढाका स्थित चुनाव आयोग मुख्यालय में मीडिया को बताया कि दोपहर तक देशभर के 32,789 मतदान केंद्रों से यह आंकड़ा मिला है, जो कुल केंद्रों का लगभग 77 प्रतिशत है। देशभर में कुल 42,651 मतदान केंद्रों पर वोटिंग जारी है। चुनाव आयोग के अनुसार, अब तक किसी भी मतदान केंद्र से मतदान रुकने या किसी बड़ी गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली है। चुनाव अधिकारियों का कहना है कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आयोग ने उम्मीद जताई है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी हो सकती है।
12:32 PM, 12-Feb-2026
मोहम्मद यूनुस ने किया मतदान
बांग्लादेश में 2026 के चुनाव के दौरान अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने ढाका के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए इस दिन को देश के लिए ऐतिहासिक बताया। यूनुस ने कहा कि आज से हमें हर कदम पर एक नया बांग्लादेश बनाने का अवसर मिला है। उन्होंने इसे अपने जीवन का और पूरे देश के लिए एक बड़ा दिन बताया। उन्होंने आगे कहा कि यह हमारे बुरे दौर के अंत और एक नए अध्याय की शुरुआत है। यूनुस ने इस जनमत संग्रह को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह प्रक्रिया देश की दिशा बदल सकती है और भविष्य को नई राह दे सकती है।
12:21 PM, 12-Feb-2026
गोपालगंज सदर मतदान स्थल पर विस्फोट होने से तीन लोग घायल
बांग्लादेश के गोपालगंज सदर उपजिला में चुनाव के दौरान मतदान स्थल पर विस्फोट होने से तीन लोग घायल हो गए। यह घटना रेश्मा इंटरनेशनल स्कूल पोलिंग स्टेशन पर हुई, जहां एक कॉकटेल-टाइप विस्फोटक नहर के पार से फेंका गया। पुलिस के सब-इंस्पेक्टर जाहिदुल इस्लाम ने बताया कि विस्फोट से पहले मतदान शांतिपूर्ण चल रहा था। विस्फोट में दो अंसार अर्धसैनिक जवान और 14 वर्षीय अमेना खानम घायल हो गए, जो किसी मतदाता के साथ थीं। विस्फोट से पोलिंग स्टेशन का मुख्य गेट क्षतिग्रस्त हो गया और वहां भीड़ में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटा लिए हैं।
11:30 AM, 12-Feb-2026
सुबह 11 बजे तक बांग्लादेश में करीब 15 प्रतिशत मतदान
Akhon TV की रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश के चुनाव आयोग ने बताया कि 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में सुबह 11 बजे (BDT) तक देश भर के 32,000 पोलिंग सेंटर्स पर 14.96% वोट डाले गए।
11:21 AM, 12-Feb-2026
बांग्लादेश के चुनाव आयुक्त ने मतदान को लेकर कही ये बात
बांग्लादेश के मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिरउद्दीन ने गुरुवार को ढाका में वोट डालने के बाद कहा, हम देश को पर्व के माहौल में चुनाव का तोहफा देना चाहते हैं। उन्होंने ये भी कहा कि बांग्लादेश लोकतंत्र की रेल पर सवार हो गया है और जल्द ही अपनी मंजिल तक पहुंचेगा। उन्होंने दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय चुनाव पर्यवेक्षक भी मतदान की व्यवस्था से संतुष्ट हैं।
10:40 AM, 12-Feb-2026
बांग्लादेश की संसद में 50 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित
बांग्लादेश की संसद, जातीय संसद में 350 सीटें हैं, लेकिन सीधे चुनाव 300 सीटों के लिए ही होता है। बहुमत का आंकड़ा 150 है। इस बार शेरपुर-3 संसदीय सीट पर एक उम्मीदवार की मौत के चलते मतदान नहीं हो रहा है। ऐसे में गुरुवार को 299 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। 50 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं और इनके लिए सीधे चुनाव नहीं होता और ये सीटें पार्टियों में आनुपातिक आधार पर बांटी जाती हैं।
10:37 AM, 12-Feb-2026
ढाका में भिड़े जमात और बीएनपी समर्थक
ढाका में मीरपुर-10 संसदीय सीट पर बीएनपी और जमात समर्थकों के बीच भिड़ंत की खबर है। इसी सीट से जमात के मुखिया शफिकुर रहमान चुनाव लड़ रहे हैं।
10:06 AM, 12-Feb-2026
युवा मतदाताओं में चुनाव को लेकर उत्साह
बांग्लादेश के युवा मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और सुबह सुबह के मतदान में बड़ी संख्या युवा मतदाताओं की रही। साथ ही बांग्लादेश चुनाव में हिंसा की अभी तक कोई बड़ी घटना नहीं हुई है और चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्वक चल रही है।
09:49 AM, 12-Feb-2026
तारिक रहमान ने किया मतदान
बीएनपी चेयरमैन तारिक रहमान ने ढाका के गुलशन इलाके के गुलशन मॉडल स्कूल एंड कॉलेज सेंटर बूथ पर वोट डाला। तारिक रहमान ढाका-17 और बोगुरा-6 सीट से उम्मीदवार हैं और प्रधानमंत्री पद के प्रमुख दावेदार हैं।
09:00 AM, 12-Feb-2026
वोट डालकर भावुक हुई महिला मतदाता
बांग्लादेश चुनाव 2026 के दौरान ढाका के एक पोलिंग बूथ पर वोट डालने के बाद एक महिला मतदाता भावुक हो गईं। उन्होंने इसे अपने अधिकार और उम्मीद का पल बताया। मतदान केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। चुनाव आयोग ने देशभर में करीब दस लाख सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की है, जो देश के चुनावी इतिहास की सबसे बड़ी सुरक्षा व्यवस्था मानी जा रही है। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है
08:59 AM, 12-Feb-2026
ढाका के गुलशन केंद्र पर हलचल, इसी केंद्र पर मोहम्मद यूनुस डालेंगे वोट
बांग्लादेश चुनाव 2026 के तहत कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच मतदान जारी है। ढाका के गुलशन मध्य विद्यालय और कॉलेज पोलिंग सेंटर के बाहर हलचल देखी गई, जहां बीएनपी के उपाध्यक्ष तारिक रहमान और अंतरिम सरकार प्रमुख मोहम्मद यूनुस के वोट डालने की तैयारी है। केंद्र के बाहर सुरक्षा घेरा मजबूत किया गया है। पुलिस और सुरक्षा बल तैनात हैं और मतदाताओं की आवाजाही नियंत्रित तरीके से कराई जा रही है।
08:42 AM, 12-Feb-2026
गाजीपुर में सुबह से मतदान केंद्रों पर भीड़, सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष
बांग्लादेश के गाजीपुर क्षेत्र में मतदान शुरू होने से पहले ही कई पोलिंग स्टेशनों के बाहर बड़ी संख्या में मतदाता जुट गए। सुबह से ही पुरुष और महिलाएं कतार में खड़े दिखाई दिए। स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह दिखा। कई लोगों ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर संतोष जताया और कहा कि माहौल शांत है, जिससे वे बिना डर वोट डालने पहुंचे हैं
08:35 AM, 12-Feb-2026
बैलेट या ईवीएम... बांग्लादेश में कैसे हो रहे चुनाव?
बांग्लादेश में मतदान पूरी तरह मतपत्र यानी बैलेट पेपर से हो रहा है। संसदीय चुनाव के लिए सफेद मतपत्र इस्तेमाल किए जा रहे हैं, जबकि जुलाई चार्टर जनमत संग्रह के लिए रंगीन मतपत्र दिए जा रहे हैं, ताकि दोनों प्रक्रियाओं में स्पष्ट अंतर बना रहे। बांग्लादेश में संसदीय चुनाव के साथ-साथ जुलाई चार्टर पर जनमत संग्रह भी कराया जा
2026-02-12 23:30:19
चुनाव