10:42 PM, 30-Mar-2026
अंगोला से एलपीजी खरीदने की तैयारी में भारतीय कंपनियां, होर्मुज से नहीं गुजरना होगा
ईरान जंग की वजह से भारत में आई गैस की कमी से निपटने के लिए सरकारी तेल और गैस कंपनियां अब नए देशों से रसोई गैस (एलपीजी) खरीदने का विकल्प तलाश रही है। इसी वजह से इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और गेल जैसी कंपनियां अफ्रीकी देश अंगोला की सरकारी कंपनी सोनानगोल से एलपीजी खरीदने पर बातचीत कर रही हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये कंपनियां सोनानगोल के साथ लंबे समय का समझौता करने पर विचार कर रही हैं। हालांकि, बातचीत अभी शुरुआती दौर में है और सरकार स्तर पर भी चर्चा चल रही है।
05:18 PM, 30-Mar-2026
ईरान की धमकी- अमेरिकी-इस्राइली अधिकारियों के घर अब वैध लक्ष्य
ईरान ने अमेरिकी और इस्राइली अधिकारियों के घरों को निशाना बनाने की धमकी दी है। यह चेतावनी ऐसे समय में आई, जब ईरानी शहरों में आवासीय इलाके हमलों के दायरे में आ गए हैं। ईरान की संयुक्त सैन्य कमान के प्रवक्ता इब्राहिम जोलघारी ने रविवार को कहा कि अमेरिकी और इस्राइली सैन्य और राजनीतिक अधिकारियों के घर अब 'वैध लक्ष्य' माने जा सकते हैं। यह चेतावनी उस समय आई,जब ईरान, अमेरिका और इस्राइल के बीच तनाव बढ़ रहा है।
जोलघारी ने कहा कि ईरान के कई शहरों में अमेरिकी और इस्राइली बलों की ओर से आवासीय क्षेत्रों पर किए गए हमलों के जवाब में यह निर्णय लिया गया है। इस बयान से क्षेत्र में संघर्ष की तीव्रता बढ़ने और नागरिकों और अधिकारियों के लिए जोखिम बढ़ने का डर पैदा हो गया है।
04:29 PM, 30-Mar-2026
स्पेन ने अमेरिकी विमानों के लिए बंद किया हवाई क्षेत्र
स्पेन ने कहा कि उसने ईरान के साथ जारी युद्ध में शामिल अमेरिकी विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस फैसले के अब अमेरिकी सैन्य विमान अब स्पेन के ऊपर से होकर अपने मिशन के लिए नहीं जा सकेंगे और उन्हें वैकल्पिक रास्ते अपनाने होंगे। एसोसिएटेड प्रेस ने जानकारी दी।
02:57 PM, 30-Mar-2026
इराक के मोहम्मद अल्ला एयर बेस पर हमला
इराक के मोहम्मद अल्ला एयर बेस पर आज हमला हुआ। यह एयरबेस बगदाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नजदीक स्थित है। इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
02:50 PM, 30-Mar-2026
हाइफा पर हुए हमले में तेल रिफाइनरी में लगी आग
इस्राइल के हाइफा में हुए हमले में एक तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया गया है। हमले के चलते रिफाइनरी में आग लग गई और रिफाइनरी से काला धुआं उठता देखा गया। जिस रिफाइनरी को निशाना बनाया गया, वह बाजान तेल रिफाइनरी है और इस जगह पर बीती 19 मार्च को भी हमला हुआ था।
01:58 PM, 30-Mar-2026
इस्राइली हमले में दक्षिणी लेबनान में कई की मौत
लेबनान की न्यूज एजेंसी ने बताया है कि इस्राइली हवाई हमले में लेबनान के बाराशित शहर में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं। इस्राइल ने हनाविया इलाके में भी हमले किए हैं।
11:24 AM, 30-Mar-2026
इराक में अमेरिका के सबसे सुरक्षित सैन्य अड्डे पर रॉकेट हमला
इराक की राजधानी बगदाद स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे यूएस विक्ट्री बेस पर सोमवार को रॉकेट हमला होने का दावा किया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह सैन्य अड्डा राजधानी बगदाद के पश्चिम में 20 किलोमीटर दूर है। हैरानी की बात ये है कि एयर डिफेंस सिस्टम इस रॉकेट को इंटरसेप्ट नहीं कर सका और रॉकेट हमले में सैन्य अड्डे पर तैनात ए32बी ट्रांसपोर्ट विमान में आग लग गई। इराक के इस अमेरिकी सैन्य अड्डे पर पहली बार हमला हुआ है। यह सैन्य अड्डा इराक में अमेरिका का सबसे सुरक्षित बेस माना जाता है। यही वजह है कि यहां हमला होना अमेरिका के लिए चिंता की बात है। हालांकि हमले के वक्त सैन्य अड्डे पर अमेरिकी सैनिक मौजूद नहीं थे।
11:11 AM, 30-Mar-2026
यमन से इस्राइल के हाइफा शहर पर दागे गए रॉकेट
इस्राइली अधिकारियों ने बताया कि बंदरगाह शहर हाइफा पर रॉकेट हमले हुए। इस्राइली एयर डिफेंस ने दो ड्रोन और पांच रॉकेट को इंटरसेप्ट कर हवा में ही तबाह कर दिया। ये हमले यमन से किए गए। माना जा रहा है कि हूती विद्रोहियों ने ये हमले किए। ईरान से भी रविवार को इस्राइली पर मिसाइल हमले किए गए।
10:41 AM, 30-Mar-2026
खाड़ी देशों में बढ़े ईरान के हमले
ईरान द्वारा खाड़ी देशों पर हमले लगातार जारी हैं और ईरान द्वारा खाड़ी देशों के अहम ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। ये हमले ऐसे समय हो रहे हैं, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप लगातार ये दावा कर रहे हैं कि ईरान की वायु सेना और नौसेना तबाह हो चुकी है, लेकिन जिस तरह से ईरान द्वारा पलटवार किया जा रहा है, उससे ट्रंप के दावे पर सवाल उठ रहे हैं।
07:14 AM, 30-Mar-2026
तेहरान में जोरदार धमाका, आस‑पास हलचल बढ़ी
ईरान की राजधानी तेहरान में रविवार सुबह दो शक्तिशाली विस्फोटों की आवाज सुनी गई, जिससे शहर के उत्तरी हिस्सों में हड़कंप मच गया। स्थानीय सूत्रों और कुछ रिपोर्टों के अनुसार, इससे पहले शहर में एयर डिफेंस सिस्टम भी सक्रिय होते देखे गए। अभी तक धमाके के कारणों और नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है, और आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
07:13 AM, 30-Mar-2026
हिजबुल्ला ने इस्राइली सेना पर हमले का दावा किया
लेबनानी समूह हिजबुल्ला ने कहा कि उसके लड़ाकों ने उत्तर इस्राइल और दक्षिण लेबनान में इस्राइली सैनिकों पर हमला किया। समूह के अनुसार, उन्होंने उत्तर इस्राइल के मेटुअल शहर और दक्षिण लेबनान के खियम डिटेंशन सेंटर के पास इस्राइली सैनिकों और उनके वाहनों को निशाना बनाकर रॉकेट दागे।
06:00 AM, 30-Mar-2026
कुवैत में प्लांट पर हुए हमले में एक भारतीय मजदूर की मौत
कुवैत में एक बिजली और पानी बनाने वाले प्लांट पर हुए हमले में एक भारतीय मजदूर की मौत हो गई। कुवैत के बिजली और पानी मंत्रालय ने बताया कि यह हमला ईरान की ओर से किया गया। मंत्रालय के अनुसार, हमले में प्लांट की एक सर्विस बिल्डिंग को भी नुकसान पहुंचा है। यह प्लांट समुद्र के पानी को साफ करके पीने योग्य पानी बनाने और बिजली उत्पादन का काम करता है।
04:51 AM, 30-Mar-2026
ईरान में पेट्रोकेमिकल प्लांट पर हमला, बड़ा नुकसान टला
ईरान के उत्तरी इलाके में सोमवार सुबह एक पेट्रोकेमिकल फैक्ट्री पर हमला हुआ। स्थानीय मीडिया के अनुसार तब्रिज पेट्रोकेमिकल के एक प्लांट को निशाना बनाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हमले में कोई खतरनाक रसायन बाहर नहीं फैला। यह फैक्ट्री तेल और प्राकृतिक गैस से प्लास्टिक और अन्य जरूरी रसायन बनाने का काम करती है, जो रोजमर्रा के कई सामानों में इस्तेमाल होते हैं।
03:29 AM, 30-Mar-2026
ईरान ने अमेरिका और इस्राइल के अधिकारियों के घरों को बनाया निशाना
पश्चिम एशिया में युद्ध के पहले महीने में ईरान के संयुक्त सैन्य कमांड के प्रवक्ता ने रविवार को कहा कि अब अमेरिका और इस्राइल के अधिकारियों के निजी घर ईरान के लिए वैध लक्ष्य बन गए हैं। इस फैसले का मकसद पश्चिम एशिया में रहने वाले अमेरिकी और इस्राइली सैन्य तथा राजनीतिक अधिकारियों को चेतावनी देना है।
02:48 AM, 30-Mar-2026
इस्लाइल के हवाई हमले में दक्षिण लेबनान में 5 की मौत
दक्षिण लेबनान के एक शहर पर इस्राइल के हवाई हमले में पांच लोग मारे गए। राष्ट्रीय समाचार एजेंसी के अनुसार, इस हमले में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
02:30 AM, 30-Mar-2026
इराक की राजधानी बगदाद में जोरदार धमाका
बगदाद में रविवार को एक बहुत ही शक्तिशाली धमाके की आवाज सुनी गई। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार जोरदार विस्फोट के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल है। अभी तक धमाके के कारणों और इसके प्रभाव के बारे में कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। जांच और अपडेट मिलने पर और विवरण प्रदान किया जाएगा।
01:49 AM, 30-Mar-2026
मिस्र में युद्ध का असर: बिजली बचाने के लिए दुकानें-रेस्तरां जल्दी बंद करने का आदेश
पश्चिम एशिया में ईरान, अमेरिका और इस्राइल के बीच जारी युद्ध का असर अब मिस्र पर भी साफ दिखाई देने लगा है। भले ही मिस्र इस युद्ध में सीधे शामिल नहीं है, लेकिन इसके आर्थिक और ऊर्जा संकट पर गहरा असर पड़ा है। बिजली बचाने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए देशभर में दुकानों, रेस्तरां और कैफे के लिए नई समय-सीमा तय कर दी है। अब इन्हें पहले से जल्दी बंद करना होगा। इससे काहिरा जैसे शहर, जो कभी न सोने वाला शहर माना जाता है, उसकी पहचान पर भी असर पड़ रहा है।
01:45 AM, 30-Mar-2026
अमेरिका-इस्राइल की बड़ी सैन्य बैठक
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच यूएस सेंट्रल कमांड के चीफ ब्रैड कूपर ने इस्राइल में इस्राइली सेना के चीफ इयाल जमीर और अन्य अधिकारियों से मुलाकात की। इस बैठक में ईरान से जुड़े संघर्ष और उसके हथियार उत्पादन को रोकने के उपायों पर चर्चा हुई। इस्राइली सेना के प्रवक्ता ने कहा कि आने वाले कुछ दिनों में ईरान की सैन्य उत्पादन क्षमता को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया जा सकता है।
01:19 AM, 30-Mar-2026
लेबनान में इस्राइल हमले में पैरामेडिक की मौत
लेबनान में इस्राइल के हमले में एक और स्वास्थ्यकर्मी की मौत हो गई। विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख टेड्रोस अदनोम घेब्रेयसस ने बताया कि बिंट जबील में एंबुलेंस पर हमले में एक पैरामेडिक मारा गया और मेडिकल गोदाम भी नष्ट हो गया। 2 मार्च से अब तक 51 स्वास्थ्यकर्मियों की मौत हो चुकी है। WHO ने कहा कि अस्पतालों और स्वास्थ्यकर्मियों पर हमले तुरंत बंद होने चाहिए।
01:18 AM, 30-Mar-2026
ईरान ने इस्राइल पर दागीं मिसाइलें, एयर डिफेंस सिस्टम अलर्ट
पश्चिम एशिया में तनाव के बीच ईरान ने इस्राइल पर मिसाइलें दागीं। इज़राइली सेना के मुताबिक, मिसाइलें उसकी सीमा की ओर आईं, जिन्हें रोकने के लिए एयर डिफेंस सिस्टम तुरंत सक्रिय कर दिए गए। इलाके में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और दोनों देशों के बीच टकराव बढ़ने की आशंका है।
12:59 AM, 30-Mar-2026
West Asia Conflict Live: अंगोला से LPG खरीदने की तैयारी में भारतीय कंपनियां; ईरान की US-इस्राइल को चेतावनी
पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच अब इस्राइल प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि इस्राइल की सैन्य कार्रवाई से ईरान की दरारें उजागर हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस्राइल की कार्रवाई के चलते ईरान, हिजबुल्ला और हमास कमजोर हो गए हैं। उन्होंने दावा किया कि इस्राइल अब बढ़त बना चुका है और दुश्मन के इलाकों में कार्रवाई कर रहा है। हालांकि दूसरी ओर ईरान की संसद के स्पीकर ने आरोप लगाया कि अमेरिका गुप्त रूप से जमीनी हमले की तैयारी कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान इसका जवाब देगा।