नगर परिषदों और नगर पालिका परिषदों में एल्डरमैन किए नियुक्त

 निगम-मंडलों की सूची पर भी मंथन तेज
भोपाल। सरकार ने प्रदेश के नगरीय निकायों को लेकर एक बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है। नगरीय प्रशासन विभाग ने प्रदेश की 123 नगर परिषदों में कुल 492 एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) नियुक्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके अलावा 46 जिलों की नगर परिषदों में एल्डरमैन नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। सरकार के इस कदम से स्थानीय निकायों के कामकाज और शहर के विकास कार्यों में गति आने की उम्मीद है।
नियमों के अनुसार, प्रत्येक नगर परिषद में चार-चार एल्डरमैन  नियुक्त किए गए हैं। एल्डरमैन नगर निगम, नगर पालिका या नगर परिषद में ऐसे पार्षद होते हैं जिन्हें जनता सीधे नहीं चुनती, बल्कि सरकार उनके अनुभव और योग्यता के आधार पर उन्हें मनोनीत करती है। ये नगर निकाय की बैठकों में शामिल होकर महत्वपूर्ण निर्णयों में अपनी राय देते हैं। शहर की विकास योजनाओं और परियोजनाओं पर सुझाव देना इनका मुख्य कार्य है। अपने अनुभव के आधार पर ये प्रशासन को बेहतर और जनहितैषी निर्णय लेने में मदद करते हैं।
मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
इस नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी नव-नियुक्त एल्डरमैनों को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि आप सभी को शहर के समग्र विकास, सुशासन और जन-भागीदारी को बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुझे विश्वास है कि विकसित मध्य प्रदेश-विकसित भारत के संकल्प के साथ आप अपनी ऊर्जा और अनुभव से प्रगति के नए आयाम जोड़ेंगे।
निगम-मंडलों में नियुक्तियों की सुगबुगाहट तेज
एल्डरमैन की नियुक्ति के बाद अब प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में निगम-मंडलों की सूची को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बीच करीब दो घंटे तक चली मैराथन बैठक को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। बैठक में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के संभावित नामों पर विस्तृत चर्चा हुई। जल्द ही यह सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जा सकती है। प्रदेश कार्यसमिति की आगामी सूची को लेकर भी मंथन किया गया।
संघ की समन्वय बैठक 4 से
भोपाल के शारदा विहार में 4 और 5 अप्रैल को होने वाली राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समन्वय बैठक की तैयारियों पर भी बातचीत हुई। इस बैठक में संघ के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ भाजपा के दिग्गज पदाधिकारी शामिल होंगे।

Leave Comments

Top