नालंदा. बिहार में नालंदा के मघड़ा में मंगलवार 31 मार्च की सुबह माता शीतलाष्टमी मंदिर में भगदड़ से 8 महिलाओं की मौत हो गई है. 6 से ज्यादा लोग घायल हैं. बताया जाता है कि चैत्र महीने का आज आखिरी मंगलवार है, इसलिए मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी. प्रशासन ने हादसे के बाद मंदिर और मेला को बंद करवा दिया है.
8 मृतकों में से 2 की पहचान हो पाई है. इनमें नालंदा निवासी रीता देवी (50) और रेखा देवी (45) हैं. घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल भेजा गया है. हादसे के बाद पटना कमिश्नर को बिहारशरीफ भेजा गया है. सीएम ने मुख्य सचिव को जांच के निर्देश दिए हैं. मृतकों के आश्रितों को 6 लाख का मुआवजा देने की सरकार ने घोषणा की है.
दर्शन करने की जल्दबाजी में भगदड़ मची
महिला भक्तों ने बताया कि चैत्र महीने का ये आखिरी मंगलवार है. यहां मेला लगा था. भीड़ ज्यादा हो गई. मंदिर का गर्भगृह भी छोटा है. लोग जल्दी-जल्दी दर्शन करने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश में थे. कोई लाइन में लगकर पूजा नहीं करना चाह रहा था.
40 मिनट बाद पहुंची एंबुलेंस
मंदिर में मौजूद एक श्रद्धालु ने बताया, भगदड़ के बाद कई महिलाएं बेहोश पड़ीं थीं. कुछ दर्द से चिल्ला रहीं थीं. लोगों ने पुलिस को खबर की. पहले 2-3 पुलिस वाले पहुंचे. उनके साथ मिलकर श्रद्धालुओं ने घायल महिलाओं को किनारे लिटाया. कई बार एंबुलेंस के लिए फोन किया गया. घटना के करीबब 40 मिनट बाद पहली एंबुलेंस पहुंची और पुलिस के कुछ अफसर भी आए. इसके बाद घायलों को अस्पताल भिजवाया गया. महिलाओं को उठाते समय ही लग रहा था कि उनमें से कुछ की मौत हो गई है.