08:28 PM, 25-Apr-2026
दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्ला के चार लड़ाके ढेर- IDF
इस्राइली सेना ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्ला के चार लड़ाकों के मारे जाने का दावा किया है। इस्राइली सेना ने एक बयान जारी कर कहा है कि उसने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्ला के चार लड़ाकों को मार गिराया है, जबकि दोनों देशों के बीच तीन सप्ताह के लिए युद्धविराम को बढ़ा दिया गया है। इससे पहले, लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा था कि योहमर अल-शाकिफ शहर पर इस्राइली हमले में चार लोग मारे गए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि लेबनान और इस्राइल एक ही हमले की बात कर रहे हैं या नहीं।
सेना ने दावा किया कि तीन लड़ाके दक्षिणी लेबनान में हथियारों से लदे वाहन में जा रहे थे, जबकि एक अन्य तथाकथित अग्रणी रक्षा रेखा के पार मोटरसाइकिल चला रहा था, जहां इस्राइली जमीनी सैनिक सीमा पर तैनात हैं। बयान में यह भी कहा गया है कि इस्राइल में शुक्रवार से शनिवार तक चलने वाले सप्ताहांत की शुरुआत से अब तक हिजबुल्ला के 15 सदस्य मारे गए हैं।
08:20 PM, 25-Apr-2026
शहबाज ने ईरानी विदेश मंत्री से मुलाकात की सराहना की
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ हुई मुलाकात को 'मौजूदा क्षेत्रीय स्थिति पर विचारों का सबसे सौहार्दपूर्ण आदान-प्रदान' बताया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'हमने पाकिस्तान-ईरान द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने सहित आपसी हित के मुद्दों पर भी चर्चा की।
08:11 PM, 25-Apr-2026
इस्लामाबाद से रवाना हुआ ईरानी प्रतिनिधिमंडल
अल जज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार, विदेश मंत्री अब्बास अराघची समेत ईरान का प्रतिनिधिमंडल दिन भर उच्च स्तरीय बैठकें करने के बाद इस्लामाबाद से रवाना हो गया है। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिका-इस्राइल युद्ध को समाप्त करने के लिए अपनी मांगों की आधिकारिक सूची पाकिस्तानी नेताओं को सौंप दी।
07:40 PM, 25-Apr-2026
इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान वार्ता पर संकट, पाकिस्तान किनारे
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में होने वाली अमेरिका और ईरान के बीच अहम बातचीत अब संकट में पड़ती दिख रही है। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, ईरान अभी अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल से मिलने को तैयार नहीं है। रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने साफ कहा है कि बातचीत तभी होगी जब अमेरिका पहले स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और उसके बंदरगाहों पर लगी नाकेबंदी हटाएगा। यही शर्त वार्ता में सबसे बड़ी बाधा बन गई है।
इस बीच, पाकिस्तान ने इस बैठक के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं और इस्लामाबाद के रेड जोन को पूरी तरह सील कर दिया गया है। लेकिन असली पक्षकारों के पीछे हटने से पाकिस्तान की कूटनीतिक कोशिशों को झटका लगा है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह वार्ता नहीं होती, तो पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ सकता है, जिसका असर वैश्विक तेल बाजार और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर भी पड़ेगा।
07:30 PM, 25-Apr-2026
खाड़ी में बढ़ा तनाव, ईरान की अमेरिका को सख्त चेतावनी
ईरान ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उसने खाड़ी क्षेत्र, खासकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अपनी नाकेबंदी और समुद्री कार्रवाई जारी रखी, तो उसे निर्णायक जवाब दिया जाएगा। यह बयान ईरान के शीर्ष सैन्य कमांड खातम अल-अनबिया मुख्यालय की ओर से आया है। ईरान ने कहा कि उसकी सेना पहले से ज्यादा मजबूत और तैयार है और वह अपनी संप्रभुता और हितों की रक्षा के लिए हर कदम उठाने को तैयार है। बयान में यह भी कहा गया कि अमेरिकी नौसेना की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
दूसरी ओर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, अमेरिकी नौसेना ने अब तक कई जहाजों को रोक या वापस भेजा है। हाल ही में एक अमेरिकी युद्धपोत ने एक ईरानी जहाज को भी रोका। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के लिए बेहद अहम रास्ता है, जहां से बड़ी मात्रा में तेल का परिवहन होता है। ऐसे में यहां बढ़ता तनाव वैश्विक चिंता का कारण बन गया है।
07:25 PM, 25-Apr-2026
ईरान में 57 दिनों का इंटरनेट बंद इतिहास में सबसे लंबा- नेटब्लॉक्स
इंटरनेट निगरानी संस्था नेटब्लॉक्स के अनुसार, ईरान में नागरिक लगातार 57 दिनों से इंटरनेट बंद का सामना कर रहे हैं, जो ईरानी शासन द्वारा देश की डिजिटल पहुंच को बाधित किए जाने के ठीक आठ सप्ताह बाद का समय है। शनिवार को स्थिति पर रिपोर्ट करते हुए, संस्था ने प्रतिबंध के गंभीर प्रभाव को रेखांकित करते हुए कहा कि 'यह व्यवधान, जो अब 1344 बजे के बाद अपने 57वें दिन में प्रवेश कर रहा है, ईरानियों की आवाज को दबा रहा है, दोस्तों और परिवार को एक-दूसरे से संपर्क से बाहर कर रहा है और अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहा है।' 28 फरवरी को तेहरान पर अमेरिका और इस्राइल के संयुक्त हमलों के तुरंत बाद पूर्ण इंटरनेट बंद लागू किया गया था। इस लंबे समय तक चले इंटरनेट बंद ने क्षेत्रीय अस्थिरता के इस दौर में ईरानी आबादी को वैश्विक समुदाय से अलग-थलग कर दिया है।
01:40 PM, 25-Apr-2026
जासूसी के आरोप में एक और व्यक्ति को फांसी
ईरानी न्यायपालिका के अनुसार, एरफान कियानी नामक व्यक्ति को इस्राइल की खुफिया एजेंसी मोसाद से कथित संबंधों और सरकार विरोधी प्रदर्शनों में शामिल होने के आरोप में फांसी दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, उस पर जनवरी में इस्फहान शहर में सुरक्षा बलों पर हमले का भी आरोप था। हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में कोई ठोस सबूत सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि ईरान में कई मामलों की सुनवाई बंद कमरों में होती है, जहां आरोपियों को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर नहीं मिल पाता। हाल के दिनों में ईरान में कथित जासूसों, प्रदर्शनकारियों और विपक्षी समूहों से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और फांसी के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है।
01:39 PM, 25-Apr-2026
तनाव के बीच ईरान ने शुरू की हवाई सेवाएं
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान ने एक बड़ा कदम उठाते हुए तेहरान के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उड़ानों को फिर से शुरू कर दिया है। करीब दो महीने बाद शुरू हुई इन सेवाओं को क्षेत्र में सामान्य स्थिति की ओर बढ़ते संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
सरकारी मीडिया के अनुसार, तेहरान स्थित इमाम खुमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से शनिवार को इस्तांबुल, मस्कट और सऊदी अरब के मदीना शहर के लिए उड़ानें रवाना हुईं। फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Flightradar24 के मुताबिक, कम से कम तीन उड़ानें सुबह इस्तांबुल के लिए रवाना हुईं। इससे पहले ईरान ने इस महीने की शुरुआत में आंशिक रूप से अपना हवाई क्षेत्र खोला था, जब अमेरिका के साथ युद्धविराम के बाद हालात कुछ सामान्य हुए।
12:06 PM, 25-Apr-2026
ईरान के विदेश मंत्री अराघची की फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात
ईरान की इस्लामिक रिपब्लिक एंबेसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर से शिष्टाचार भेंट की। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय स्थिरता और चल रहे कूटनीतिक प्रयासों पर चर्चा हुई।
पाकिस्तान लगातार क्षेत्र में मध्यस्थ की भूमिका निभाने की कोशिश कर रहा है, खासकर ईरान और अमेरिका के बीच संभावित वार्ता को लेकर। हाल के दिनों में इस्लामाबाद में सुरक्षा और राजनीतिक गतिविधियां तेज रही हैं। शहर में उच्च स्तरीय कूटनीतिक बैठकों के चलते सख्त सुरक्षा इंतजामभी किए गए हैं।
11:28 AM, 25-Apr-2026
अमेरिका-ईरान वार्ता पर अनिश्चितता बरकरार
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में सुरक्षा कारणों से लगाया गया लॉकडाउन शनिवार को भी जारी रहा। शहर के कई हिस्सों में पिछले एक सप्ताह से ज्यादा समय से कड़ी पाबंदियां लागू हैं। इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित दूसरे दौर की वार्ता को लेकर अभी भी स्थिति साफ नहीं है।
शहर के मुख्य मार्गों को बंद कर दिया गया है, जबकि सरकारी इमारतों और दूतावासों वाले रेड जोन में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। वहीं, 'ब्लू एरिया' जैसे व्यावसायिक क्षेत्रों में बाजार लगभग सूने पड़े हैं। कैफे में सामान की कमी देखी जा रही है और सार्वजनिक परिवहन सेवाएं बंद होने से लोग परेशान हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, सबसे बड़ी समस्या अनिश्चितता है। इस्लामाबाद में बड़ी संख्या में लोग सप्ताह के दौरान काम के लिए रहते हैं और सप्ताहांत में अपने परिवारों के पास लौट जाते हैं, लेकिन लॉकडाउन ने उनकी दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। यह पिछले कुछ हफ्तों में दूसरी बार है जब शहर को बंद किया गया है। इससे पहले 11 अप्रैल को भी अमेरिका-ईरान वार्ता के लिए शहर को सील किया गया था, जो बिना किसी समझौते के समाप्त हुई थी।
11:27 AM, 25-Apr-2026
कुवैत ने अमेरिकी-कुवैती पत्रकार अहमद शिहाब-एल्दीन को रिहा किया
अमेरिकी विदेश विभाग ने पुष्टि की है कि कुवैत में हिरासत में लिए गए कुवैती-अमेरिकी पत्रकार अहमद शिहाब-एल्दीन को रिहा कर दिया गया है। यह रिहाई कथित तौर पर ट्रंप प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद संभव हुई। विभाग ने बताया कि पत्रकार को न सिर्फ रिहा किया गया, बल्कि उन्हें देश से बाहर जाने की अनुमति भी दे दी गई है।
हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने इस मामले में अधिक जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया और कहा कि यह मामला निजी (प्राइवेसी) से जुड़ा है। समाचार एजेंसी AFP के अनुसार, शिहाब-एल्दीन को कुवैत में उस समय हिरासत में लिया गया था जब वह अमेरिका-ईरान युद्ध से जुड़ी वीडियो फुटेज साझा करने के आरोपों को लेकर चल रही कार्रवाई का हिस्सा थे। उन्हें कई हफ्तों तक हिरासत में रखा गया था।
09:55 AM, 25-Apr-2026
अमेरिका पर तेल और वैश्विक वर्चस्व की नीति अपनाने का आरोप
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि अमेरिका अपने सैन्य हस्तक्षेपों के पीछे ऊर्जा संसाधनों, खासकर तेल, को नियंत्रित करने की नीति अपनाता है। उन्होंने रूसी मीडिया को दिए इंटरव्यू में दावा किया कि अमेरिका खुले तौर पर यह मानता है कि वह अपने हितों की रक्षा के लिए किसी भी तरीके का इस्तेमाल कर सकता है, चाहे वह राजनीतिक परिवर्तन हो या सैन्य कार्रवाई।
लावरोव के अनुसार, अमेरिका वेनेजुएला और ईरान जैसे देशों में हस्तक्षेप को भी ऊर्जा संसाधनों और तेल बाजार पर नियंत्रण से जोड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक राजनीति में अब अंतरराष्ट्रीय कानून की बजाय 'शक्ति ही सही है' की सोच हावी होती जा रही है, जिससे संतुलन बिगड़ रहा है।
09:50 AM, 25-Apr-2026
इस्लामाबाद में कूटनीतिक सक्रियता बढ़ी
पाकिस्तान लगातार प्रयास कर रहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच रुकी हुई बातचीत को फिर से आगे बढ़ाया जाए और दोनों देशों को एक बार फिर वार्ता की मेज पर लाया जा सके। इस्लामाबाद इस पूरे कूटनीतिक प्रयास का केंद्र बना हुआ है, जहां मध्यस्थता के जरिए तनाव कम करने की कोशिशें जारी हैं।
पाकिस्तानी अधिकारियों की सक्रिय भूमिका के चलते यह प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। पिछले 10–12 दिनों से बातचीत में ठहराव के बावजूद पाकिस्तान दोनों पक्षों के संपर्क में लगातार बना हुआ है और दोनों को फिर से बातचीत के लिए तैयार करने की कोशिश कर रहा है। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान के विदेश मंत्री, प्रधानमंत्री और उप प्रधानमंत्री की ईरान के विदेश मंत्री के साथ अहम बैठकें होने की संभावना है।
09:35 AM, 25-Apr-2026
ईंधन संकट के बीच हवाई किराए बढ़ने की आशंका
ब्रिटिश एयरवेज की पैरेंट कंपनी इंटरनेशनल एयरलाइंस ग्रुप (IAG) ने चेतावनी दी है कि आने वाले समय में हवाई टिकटों के दाम बढ़ सकते हैं। इसका कारण ईरान के साथ संघर्ष के चलते होर्मुज जलडमरूमध्य में उत्पन्न स्थिति और तेल की कीमतों में तेजी बताया गया है। कंपनी ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति के कारण जेट ईंधन की लागत बढ़ रही है, जिसका सीधा असर उड़ानों के खर्च पर पड़ेगा और यात्रियों को अधिक किराया देना पड़ सकता है।
यूके मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, एयरलाइंस आमतौर पर हेजिंग रणनीति अपनाती हैं, जिसमें वे भविष्य के लिए पहले से तय कीमत पर ईंधन खरीद लेती हैं ताकि बाजार के उतार-चढ़ाव से बचा जा सके। हालांकि IAG ने माना कि इसके बावजूद वह इस क्षेत्रीय संघर्ष के व्यापक आर्थिक प्रभावों से पूरी तरह सुरक्षित नहीं है और लागत बढ़ने से बच नहीं सकती।
08:44 AM, 25-Apr-2026
होर्मुज पर नाकाबंदी खत्म करने की मांग
तेहरान ने स्पष्ट कर दिया है कि ईरान और अमेरिका के बीच इस्लामाबाद में किसी भी तरह की सीधी बातचीत या बैठक की कोई योजना नहीं है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघई ने कहा कि अमेरिका के अधिकारियों से कोई प्रत्यक्ष वार्ता नहीं होगी। उन्होंने बताया कि ईरान अपनी स्थिति और निगरानी संबंधी टिप्पणियां पाकिस्तान के माध्यम से अमेरिकी प्रतिनिधियों तक पहुंचाएगा। यानी संदेशों का आदान-प्रदान मध्यस्थता के जरिए होगा, न कि आमने-सामने की बातचीत से।
ईरानी अधिकारियों के हालिया बयानों से यह साफ है कि उनका रुख पिछले कुछ दिनों से लगातार कठोर बना हुआ है। उनका कहना है कि अमेरिका के साथ किसी भी तरह की बातचीत या प्रगति तभी संभव है जब कई शर्तें पूरी हों।
तेहरान ने मुख्य रूप से यह शर्त रखी है कि जब तक होर्मुज जलडमरूमध्य पर लगाई गई नाकाबंदी हटाई नहीं जाती, तब तक कोई भी वार्ता आगे नहीं बढ़ सकती। ईरान का दावा है कि यह समुद्री अवरोध सीधे संवाद की संभावनाओं को बाधित कर रहा है। इसके अलावा, ईरान ने यह भी कहा है कि वह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की किसी भी तरह की धमकी भरी भाषा या बयानबाजी को स्वीकार नहीं करेगा। साथ ही, होर्मुज क्षेत्र में बढ़ते तनाव और समुद्री गतिविधियों को उसने युद्ध जैसी स्थिति और समुद्री डकैती करार दिया है।
07:23 AM, 25-Apr-2026
अब तक क्या-क्या घटनाक्रम हुआ-
- ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची पाकिस्तान पहुंचे हैं। तेहरान के अनुसार यह वार्ता पाकिस्तान की मध्यस्थता में अप्रत्यक्ष रूप से होगी।
- व्हाइट हाउस ने बताया कि अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जरेड कुशनर शनिवार सुबह इस्लामाबाद जाएंगे।
- अमेरिका ने चीन स्थित एक बड़ी तेल रिफाइनरी और करीब 40 कंपनियों व टैंकरों पर प्रतिबंध लगाए हैं, जो ईरानी तेल का परिवहन करते हैं।
- लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया कि अस्थायी युद्धविराम बढ़ाए जाने के बावजूद शुक्रवार को दक्षिणी लेबनान में इस्राइली हमलों में छह लोगों की मौत हुई
- गाजा में इस्राइली हमलों में कम से कम 12 फलस्तीनी मारे गए, जिनमें छह पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं।
07:20 AM, 25-Apr-2026
जीसीसी ने कुवैत पर ड्रोन हमले की निंदा की
खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) ने इराक से कुवैत पर हुए ड्रोन हमले की निंदा की। कुवैत की सेना ने दावा किया कि इराक से छोड़े गए दो ड्रोन ने उसकी उत्तरी सीमा चौकियों को निशाना बनाया। हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जीसीसी के महासचिव जासेम मोहम्मद अलबुदैवी ने कहा कि यह हमला पड़ोसी देशों के बीच अच्छे संबंधों के सिद्धांतों और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का स्पष्ट उल्लंघन है।
01:52 AM, 25-Apr-2026
ईरान ने अमेरिका से वार्ता की मांग नहीं की: तस्नीम समाचार एजेंसी
इस्लामी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी ने उस दावे को झूठ करार दिया है, जिसमें कहा जा रहा था कि तेहरान ने अमेरिका से वार्ता की मांग की है। इस एजेंसी ने कहा, व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट पर आरोप लगाया कि उन्होंने फॉक्स न्यूज को बताया था कि ईरान ने इस्लामाबाद में अमेरिकी टीम से आमने-सामने बैठक का अनुरोध किया है। ईरान ने अमेरिका से बातचीत का कोई अनुरोध नहीं किया है और उसने अमेरिका के अहंकारी रवैये के कारण उसके सभी वार्ता प्रस्तावों को पूरी तरह से खारिज किया है।
01:52 AM, 25-Apr-2026
ईरानी सत्ता में मौजूद लोगों से बात कर रहा अमेरिका: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अब ईरान में की वर्तमान सत्ता में मौजूद लोगों से बातचीत कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान बातचीत करना चाहता है और ऐसा प्रस्ताव देने की योजना बना रहा है, जिससे अमेरिका की मांगों का समाधान हो सके।
यह बयान ऐसे समय आया, जब ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची इस्लामाबाद पहुंचे, जहां वह अपनी तीन देशों की कूटनीतिक यात्रा के पहले चरण में हैं और उनकी आज रात वार्ता में शामिल होने की संभावना है।
01:52 AM, 25-Apr-2026
West Asia Crisis LIVE: ईरानी शिष्टमंडल अमेरिकी दल से मिले बिना PAK से लौटा, PM शहबाज बोले- बातचीत सौहार्दपूर्ण
इस्राइली सेना के हमलों में गाजा पट्टी में 12 फलस्तीनियों की मौत हो गई। इनमें छह पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार, गाजा सिटी में हुए एक हमले में तीन लोगों की मौत हुई, जिनमें दो पुलिसकर्मी थे। बेइत लाहिया में टैंक से हुई गोलाबारी में दो लोग मारे गए। जबकि खान यूनिस में हुए हमले में सात लोगों की जान गई, जिनमें चार पुलिसकर्मी शामिल थे।
गाजा के गृह मंत्रालय ने कहा कि इन हमलों में जानबूझकर पुलिस बल को निशाना बनाया गया, जिससे इलाके में बुनियादी व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास कमजोर हो। चश्मदीदों ने बताया कि खान यूनिस में एक हमले में शादी हॉल के पास पुलिस वाहन को निशाना बनाया गया। इस्राइली सेना ने भी पुष्टि की है कि उसने गाजा सिटी में एक हमला किया है। जबकि वहां पहले से लागू संघर्षविराम कई बार टूटता रहा है।