अब मैं नहीं हम चलेगा, अपनों की तलवार पर अजय सिंह का वार

महाकौशल से निमाड़ तक एकजुटता की नसीहत और संगठन मजबूती की कसरत
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस में संगठन सृजन अभियान के जरिए सत्ता की वापसी का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। पार्टी के भीतर की गुटबाजी को खत्म करने और कार्यकर्ताओं में नया जोश फूंकने के लिए प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मोर्चा संभाल लिया है। जहां चौधरी निमाड़ के तपते राजनीतिक मैदान में समन्वय का मंत्र दे रहे हैं, वहीं अजय सिंह महाकौशल की धरती से अपनों को ही भीतरघात के प्रति आगाह कर रहे हैं।
खंडवा और खरगोन के दौरे पर पहुंचे प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कार्यकर्ताओं के साथ मैराथन बैठकें कीं। उन्होंने कड़े शब्दों में संदेश दिया कि अब व्यक्तिगत राजनीति का दौर खत्म हो चुका है। चौधरी ने कहा, कि कांग्रेस में अब मैं की राजनीति नहीं, बल्कि हम की राजनीति चलेगी। उन्होंने नेताओं को स्पष्ट हिदायत दी कि समन्वय ही जीत की एकमात्र कुंजी है। उन्होंने हर बूथ पर कम से कम 10 महिलाओं और 10 युवाओं को सक्रिय रूप से जोड़ने का लक्ष्य दिया है। स्वर्गीय  सुभाष यादव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि निमाड़ की मजबूत जड़ों को अब बूथ तक और गहरा करना होगा। किसान, युवा और महिलाओं के मुद्दों पर पार्टी एकजुट होकर सड़क पर उतरेगी।
महत्वाकांक्षा की तलवार और गुटबाजी की दीमक
दूसरी ओर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने महाकौशल अंचल के जबलपुर और बालाघाट में पार्टी की आंतरिक कमजोरियों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने सार्वजनिक मंच से वह सच स्वीकार किया जो अक्सर बंद कमरों में चर्चा का विषय रहता है। अजय सिंह ने कहा कि हम चुनाव आने तक हर सीट पर दर्जनभर प्रत्याशी खड़े कर देते हैं। जिसे टिकट नहीं मिलता, वह अपनी ही पार्टी के खिलाफ तलवार की धार तेज करने लगता है। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं को चेताया कि वे कार्यकर्ताओं की बेजा महत्वाकांक्षाओं को न जगाएं। कार्यकर्ताओं के बीच के मनमुटाव को दीमक बताते हुए उन्होंने कहा कि अगर इसे समय रहते दूर नहीं किया गया, तो यह संगठन को अंदर से खोखला कर देगा। गौरतलब है कि सिंह इसके पहले ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड अंचल का दौरा कर चुके हैं। इस दौरान भी उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठित रहते हुए पार्टी को मजबूत करने की नसीहत दी है।
मतदाता सूची पर फोकस
दोनों ही दिग्गज नेताओं ने साझा तौर पर कार्यकर्ताओं को मतदाता पुनरीक्षण कार्य में जुटने के निर्देश दिए हैं। पार्टी का मानना है कि नए मतदाताओं को जोड़ना और मतदाता सूची की गड़बड़ियों को ठीक करना ही चुनाव जीतने की पहली सीढ़ी है।

Leave Comments

Top