देवास पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट, एसडीएम और नायब तहसीलदार निलंबित

भोपाल। प्रदेश के देवास में हुए भीषण पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। घटना में गंभीर लापरवाही बरतने और निगरानी न रखने के आरोप में टोंकखुर्द के एसडीएम संजीव सक्सेना और नायब तहसीलदार रवि शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उज्जैन संभाग आयुक्त आशीष सिंह द्वारा जारी आदेश में साफ कहा गया है कि कर्तव्य में कोताही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जांच रिपोर्ट के मुताबिक, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) टोंकखुर्द संजीव सक्सेना और नायब तहसीलदार (टप्पा चिडावद) रवि शर्मा द्वारा अपने क्षेत्र में विस्फोटक सामग्री के भंडारण और निर्माण को लेकर शासन के तय मापदंडों के अनुसार प्रशासनिक निरीक्षण नहीं किया गया। अधिकारियों द्वारा पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में बरती गई इसी गंभीर लापरवाही, उदासीनता और अनियमितता को हादसे की मुख्य वजह माना गया है। निलंबन आदेश के तहत दोनों अधिकारियों का निलंबन काल के दौरान मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय, जिला देवास तय किया गया है। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
14 मई को हुआ था हादसा
गौरतलब है कि बीते 14 मई को टोंकखुर्द तहसील के ग्राम टोंककला स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई थी। इस दर्दनाक हादसे में आधिकारिक रूप से 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद से ही स्थानीय प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे थे, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है।


Leave Comments

Top