ढाई घंटे इंतजार के बाद निरस्‍त हुई भर्ती परीक्षा, छात्रों ने मांगा आर्थिक हर्जाना, ESB बोला- कोई प्रविधान नहीं

अभ्यर्थियों ने मांग की कि पुनः आयोजित होने वाली परीक्षा में शामिल होने के लिए उन्हें विशेष आर्थिक सहायता या भत्ता दिया जाए, ताकि उनके अतिरिक्त खर्चों ...और पढ़ें

By Anjali raiEdited By: Dheeraj Belwal    Publish Date: Tue, 09 Jun 2026 10:55:59 PM (IST)Updated Date: Tue, 09 Jun 2026 11:07:26 PM
ढाई घंटे इंतजार के बाद निरस्‍त हुई भर्ती परीक्षा, छात्रों ने मांगा आर्थिक हर्जाना, ESB बोला- कोई प्रविधान नहीं

परीक्षा रद होने पर अभ्यर्थियों ने मांगी आर्थिक सहायता।

HighLights

  1. ESB भर्ती परीक्षा निरस्त होने पर अभ्यर्थियों का हंगामा
  2. सर्वर डाउन होने से भटके छात्र, यात्रा भत्ते की मांग
  3. तकनीकी खराबी के बाद नए सिरे से जारी होंगे प्रवेश पत्र

नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) की वनरक्षक, क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी और सहायक जेल अधीक्षक भर्ती परीक्षा-2026 की सात जून को दूसरी पाली की परीक्षा तकनीकी कारणों से निरस्त होने के बाद अभ्यर्थियों ने आर्थिक सहायता की मांग उठाई है। परीक्षा में शामिल होने के लिए कई अभ्यर्थी दूसरे जिलों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे थे, जिनका यात्रा, आवास और भोजन पर अतिरिक्त खर्च हुआ।

खर्च प्रतिपूर्ति का कोई प्रविधान नहीं

परीक्षा केंद्रों पर सर्वर फेल होने के कारण परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी। करीब ढाई घंटे इंतजार के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा निरस्त होने की जानकारी दी गई। इसके बाद अभ्यर्थियों ने मांग की कि पुनः आयोजित होने वाली परीक्षा में शामिल होने के लिए उन्हें विशेष आर्थिक सहायता या भत्ता दिया जाए, ताकि उनके अतिरिक्त खर्चों की भरपाई हो सके। हालांकि, मंडल ने इस मांग को लेकर स्पष्ट किया है कि परीक्षा निरस्त होने की स्थिति में किसी प्रकार की शुल्क या खर्च प्रतिपूर्ति का कोई प्रविधान नहीं है।

20 जून को पहली पाली में पुनः आयोजित होगी परीक्षा

ईएसबी के संयुक्त परीक्षा नियंत्रक दिनेश अग्रवाल ने बताया कि तकनीकी कारणों से परीक्षा रद्द की गई है और अब इसे 20 जून को पहली पाली में पुनः आयोजित किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों के लिए नए प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे, जिन्हें मंडल की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकेगा। मंडल ने अभ्यर्थियों से आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की है।

परीक्षा निरस्त होने से 7,500 अभ्यर्थी हुए प्रभावित

इस परीक्षा में प्रदेशभर से करीब 7,500 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा शुरू होने के दौरान सर्वर फेल होने की समस्या सामने आई, जिसके कारण परीक्षा का संचालन नहीं हो सका। यह परीक्षा प्रदेश के 11 शहरों में स्थापित 52 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की जानी थी। भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 2062 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की जा रही है। अब यह परीक्षा 20 जून को पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी।


Leave Comments

Top