भोपाल। राजधानी भोपाल में आगामी 23 से 25 जून तक ऐप-आधारित टैक्सी ड्राइवरों ने तीन दिवसीय हड़ताल की घोषणा की है। इस दौरान ड्राइवर कैब बुकिंग स्वीकार नहीं करेंगे, जिससे विशेष रूप से भोपाल एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। यूनियन ने जनता से अपील की है कि वे इन तीन दिनों के दौरान एयरपोर्ट यात्रा के लिए एग्रीगेटर ऐप्स का उपयोग न करें।
यूनियन के महासचिव राजेश कुमार नागले के अनुसार, इससे पहले 7 फरवरी और 12 जून को सांकेतिक विरोध प्रदर्शन कर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण यह बड़ा कदम उठाना पड़ा है। यूनियन ने शहर के सभी टैक्सी और ऑटो ड्राइवरों से इस हड़ताल का समर्थन करने का आग्रह किया है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो शहर में टैक्सी और ऑटो सेवाएं पूरी तरह ठप कर दी जाएंगी।
यूनियन की मंाग है कि बेस किराया 40 रुपये और प्रति किलोमीटर किराया 20-25 रुपये तय किया जाए, एग्रीगेटर कंपनियां मंजूर दरों से कम भुगतान करना बंद करें और गूगल मैप्स के आधार पर सही किराए की गणना हो, यात्रियों का अनिवार्य वेरिफिकेशन, ड्राइवरों के लिए बीमा, देर रात की राइड पर अतिरिक्त शुल्क और ब्लॉक की गई ड्राइवर आईडी को बहाल किया जाए।