भोपाल। प्रदेश सरकार ने गांव की बेटी और प्रतिभा किरण छात्रवृत्ति योजना के लाभ से वंचित रह गईं मेधावी छात्राओं को एक और मौका दिया है। उच्च शिक्षा विभाग ने स्कॉलरशिप पोर्टल 2.0 को एक बार फिर खोलते हुए नवीन एवं नवीनीकरण आवेदन की सुविधा 10 जुलाई से 20 जुलाई तक पुनः उपलब्ध करा दी है।
उच्च शिक्षा आयुक्त ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों और शासकीय व अशासकीय कॉलेजों के प्राचार्यों को इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं। निर्देश के अनुसार, सत्र 2024-25 के लिए शेष रह गईं सभी पात्र छात्राओं के आवेदनों का सत्यापन और भुगतान की कार्यवाही समय पर सुनिश्चित की जाए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी पात्र छात्रा इस योजना के लाभ से वंचित रहती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित संस्था प्रमुख (प्रिंसिपल) की होगी। सरकार द्वारा इन दोनों योजनाओं के तहत मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता दी जाती है। पात्र छात्राएं 20 जुलाई तक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
गाँव की बेटी योजना
ग्रामीण क्षेत्र की जिन छात्राओं ने 12वीं कक्षा 60 प्रतिषत या उससे अधिक अंकों के साथ उत्तीर्ण की है, उन्हें स्नातक की पढ़ाई के लिए यह मदद मिलती है। इसके तहत तकनीकी व चिकित्सा शिक्षा के लिए 7,500 प्रति वर्ष और अन्य सामान्य स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए 5,000 प्रति वर्ष दिए जाते हैं।
प्रतिभा किरण योजना
यह योजना शहरी क्षेत्र की छात्राओं के लिए है। 12वीं में 60 प्रतिषत या अधिक अंक लाने वाली और गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों की छात्राओं को सरकार 5,000 प्रति वर्ष की स्कॉलरशिप प्रदान करती है।