षिक्षक दिवस 5 सितंबर से भूख हड़ताल की चेतावनी
भोपाल। राजधानी के नीलम पार्क में शिक्षक भर्ती-2025 (वर्ग-2 और वर्ग-3) में पदवृद्धि की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अभ्यर्थियों का समर्थन करने प्रदर्शन स्थल पहुंचे। उन्होंने अभ्यर्थियों की मांगों को जायज ठहराते हुए सरकार को चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया, तो वे आगामी शिक्षक दिवस 5 सितंबर से स्वयं 24 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य हमेशा उनकी प्राथमिकताओं में रहे हैं। उन्होंने अपने शासनकाल का उल्लेख करते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और शिक्षा के विस्तार के लिए 45 हजार नए स्कूल खोले गए थे तथा शिक्षकों की भर्ती का अधिकार स्थानीय स्तर पर सौंपा गया था। उन्होंने वर्तमान सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकता युवाओं को रोजगार देने के बजाय अन्य मुद्दों में उलझाने की है।
नीलम पार्क में स्थिति तब और संवेदनशील हो गई जब एक दिन पूर्व प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद अभ्यर्थियों का आक्रोश और बढ़ गया। प्रदर्शन के दौरान महिला अभ्यर्थियों ने दिग्विजय सिंह को राखी भी बांधी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भी उपस्थित रहे। अभ्यर्थियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।