त्योहारों से पहले महंगाई को लेकर सड़कों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता

सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
भोपाल। आगामी गणेश चतुर्थी, नवरात्रि और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों से ठीक पहले शक्कर, एलपीजी और बिजली की बढ़ती कीमतों ने आम जनता का बजट बिगाड़ दिया है। इसी मुद्दे को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर प्रदेश भर के सभी ब्लॉकों में व्यापक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीकों से अपना विरोध दर्ज कराया। राजधानी भोपाल के कोलार व संत हिरदाराम नगर कोलार में कांग्रेस नेताओं ने गले में प्याज की मालाएं पहनकर प्रदर्शन किया, वहीं संत हिरदाराम नगर में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के मुखौटे लगाकर सरकार की नीतियों का विरोध किया। रतलाम के सैलाना, मंदसौर, इटारसी और खरगोन में विशाल रैलियां निकालकर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि त्योहारों के ऐन वक्त पर शक्कर के दाम बढ़ने से मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों की मिठास कड़वाहट में बदल गई है। इसके अलावा, पेट्रोल में 20 फीसदी एथेनॉल मिश्रण के कारण वाहनों के मेंटेनेंस का खर्च बढ़ गया है। नेताओं ने बिजली चोरी का आर्थिक बोझ ईमानदार उपभोक्ताओं पर डालने का विरोध करते हुए सरकार से तत्काल मूल्य नियंत्रण और आम जनता को राहत देने की मांग की है।

 


Leave Comments

Top