नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को विद्यालय पहुंचकर ई-अटेंडेंस दर्ज कराने वाले सैकड़ों शिक्षकों को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा, जब उनके मोबाइल पर स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से अनुपस्थिति का संदेश पहुंच गया।
शिक्षकों की चिंता
इस तकनीकी गड़बड़ी से शिक्षकों में चिंता बढ़ गई। शिक्षकों का कहना है कि वे निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचकर एप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करते रहें, लेकिन नहीं हुआ। इसके बावजूद ऑनलाइन सिस्टम में गलत स्थिति प्रदर्शित होने से उन्हें अनावश्यक मानसिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
तकनीकी खामी दूर करने की मांग
शासकीय शिक्षक संगठन मध्यप्रदेश के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र कौशल ने कहा कि ई-अटेंडेंस व्यवस्था में तकनीकी त्रुटियों के कारण शिक्षकों को परेशानी हो रही है। उन्होंने मांग की कि विभाग पहले तकनीकी कमियों को दूर करे।
जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक केवल ऑनलाइन रिकॉर्ड के आधार पर किसी शिक्षक को अनुपस्थित मानकर वेतन कटौती या दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाए।
हमारे शिक्षक एप में तकनीकी त्रुटि होने पर शिक्षकों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। विभाग संकुल प्राचार्यों के माध्यम से जांच कराएगा और किसी शिक्षक का कोई नुकसान नहीं होगा।- अभिषेक सिंह, आयुक्त, लोक शिक्षण संचालनालय