यह दल मुंबई और पुणे में प्रमुख संस्थानों, राष्ट्रीय महत्व के संगठनों और अहम विकास परियोजनाओं का दौरा कर रहा है और यहाँ चल रहे कामों और पहलों का अध्ययन कर रहा है | पिछले दिनों मीडियाकर्मियों के दल ने बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) मुख्यालय, टाटा मेमोरियल रिसर्च सेंटर तथा BMC के क्लीवलैंड स्टॉर्म वॉटर पंपिंग स्टेशन का भ्रमण किया। इस दौरान मीडिया दल ने विभिन्न संस्थानों की कार्यप्रणाली, जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों तथा आपदा प्रबंधन एवं अनुसंधान के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
BMC मुख्यालय का भ्रमण
मीडिया दल ने बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) मुख्यालय का दौरा किया। BMC के डिप्टी पब्लिक रिलेशंस ऑफिसर गणेश पुराणिक ने दल का स्वागत किया। इस अवसर पर एग्जीक्यूटिव इंजीनियर संजय आढाव ने मीडिया दल को BMC की ऐतिहासिक हेरिटेज बिल्डिंग, इसके विभिन्न विभागों एवं प्रमुख हॉल के बारे में विस्तृत जानकारी दी। डिजास्टर मैनेजमेंट डिपार्टमेंट की प्रमुख सुश्री रश्मि लोखंडे ने मीडिया दल को आपातकालीन परिस्थितियों में BMC द्वारा की जाने वाली त्वरित कार्रवाई एवं प्रतिक्रिया तंत्र के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आपदा अथवा आपात स्थिति के दौरान BMC कंट्रोल रूम के माध्यम से संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
_20260902181613_568b8b.jpeg)
क्लीवलैंड स्टॉर्म वॉटर पंपिंग स्टेशन का अवलोकन
मीडिया दल ने वर्ली स्थित BMC के क्लीवलैंड स्टॉर्म वॉटर पंपिंग स्टेशन का भ्रमण किया। यहां असिस्टेंट इंजीनियर राहुल शिंदे ने पंपिंग स्टेशन की कार्यप्रणाली एवं जल निकासी की पूरी प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मीडिया दल ने स्टेशन में स्थापित विभिन्न व्यवस्थाओं एवं तकनीकी प्रणाली का अवलोकन किया।
नेशनल म्यूज़ियम ऑफ़ इंडियन सिनेमा' (NMIC) का दौरा
भोपाल के मीडियाकर्मियों ने आज NFDC कैंपस में स्थित 'नेशनल म्यूज़ियम ऑफ़ इंडियन सिनेमा' (NMIC) का दौरा किया। इस दौरे से उन्हें भारतीय सिनेमा के शानदार और दिलचस्प सफ़र, इसकी अहम उपलब्धियों और समय के साथ हुए इसके विकास को दिखाने वाली अलग-अलग गैलरियों को देखने का मौका मिला। NMIC के श्री सत्यजीत मंडले ने म्यूज़ियम में प्रतिनिधिमंडल का मार्गदर्शन किया और भारतीय सिनेमा के इतिहास और विकास को दर्शाने वाली दुर्लभ कलाकृतियों, तस्वीरों और अन्य महत्वपूर्ण प्रदर्शनों के बारे में अहम जानकारी दी।

टाटा मेमोरियल रिसर्च सेंटर का भ्रमण
पत्र सूचना कार्यालय भोपाल के मीडिया दल ने आज टाटा मेमोरियल रिसर्च सेंटर का भ्रमण किया। यहां डॉक्टर सुयश कुलकर्णी ने संस्थान की अनुसंधान गतिविधियों, कार्यप्रणाली एवं विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों के बारे में मीडिया दल को विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद मीडिया दल ने केंद्र के विभिन्न विभागों का अवलोकन किया और संस्थान की अनुसंधान एवं अन्य गतिविधियों को समझा।

पत्र सूचना कार्यालय पश्चिमी जोन, मुंबई की महानिदेशक से भेंट
आज ही मीडिया दल ने पत्र सूचना कार्यालय पश्चिमी जोन, मुंबई की महानिदेशक श्रीमती स्मिता वत्स शर्मा से भी भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया दल को पत्र सूचना कार्यालय मुंबई की गतिविधियों, कार्यप्रणाली एवं उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। श्रीमती स्मिता वत्स शर्मा ने मीडिया दल के सदस्यों से मुंबई एवं पुणे भ्रमण के दौरान उनके अनुभवों पर भी चर्चा की। उन्होंने विभिन्न संस्थानों के भ्रमण के माध्यम से प्राप्त जानकारी और अनुभवों को मीडिया के लिए उपयोगी बताते हुए इस प्रकार के प्रेस टूर की महत्ता पर प्रकाश डाला।
