भोपाल. राजधानी भोपाल के हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा के मिसाइल वाले बयान को लेकर सियासत गरमा गई है. भोपाल के करोंद में रविवार रात आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने मंच से दिए एक बयान में कहा कि करोंद चौराहे से मिसाइल छोड़ो तो काजी कैंप में जाकर गिरे. उनके इस बयान को लेकर सियासत गरमा गई है.
उन्होंने कहा कि तुम करोंद के चौराहे पर खड़े होकर मिसाइल लगाओ और काजी कैंप पर गिरा दो. हालांकि, कुछ ही पल में उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि मैंने यहां भोपाल का काजी कैंप नहीं बोला, इस्लामाबाद वाला बोला था. इस बयान के बाद कांग्रेस ने इसे लेकर सरकार से जवाब मांगा है.
इस्लामाबाद में मटकी फोडऩा चाहते हैं
करोंद के भगत सिंह चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में रामेश्वर शर्मा ने हिंदू एकता, राष्ट्रवाद और आतंकवाद जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि हिंदू एकता सिर्फ मटकी फोड़ प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समाज को हर स्तर पर एकजुट होकर आगे बढऩा चाहिए. पाकिस्तान का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि आने वाले समय में लाहौर, ढाका और इस्लामाबाद में भी मटकी फोड़ प्रतियोगिता हो सकती है. उन्होंने लोगों से सवाल किया कि क्या वे इस्लामाबाद में मटकी फोडऩा चाहते हैं. इसके बाद उन्होंने वहां की मटकी को पहले तोडऩे की बात कही.
जातिगत विभाजन से ऊपर उठने की अपील
रामेश्वर शर्मा ने हिंदू समाज से जातिगत आधार पर विभाजित न होने की अपील की. उन्होंने कहा कि जातिगत पहचान से पहले हिंदू और भारतीय होने की भावना को प्राथमिकता दी जानी चाहिए. साथ ही उन्होंने देश के लिए समर्पित लोगों के सम्मान और मातृभूमि के प्रति निष्ठा को नागरिकों का दायित्व बताया.
कांग्रेस ने एमएलए के बयान पर CM से मांगा जवाब
विधायक के बयान पर कांग्रेस के मीडिया को-ऑर्डिनेटर अब्बास हाफिज ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से सरकार का रुख स्पष्ट करने की मांग की है. हाफिज ने विधायक की सफाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इंटरनेट पर पाकिस्तान में काजी कैंप नाम की जगह की जानकारी नहीं मिलती. उन्होंने पूछा कि विधायक ने आखिर किस काजी कैंप का जिक्र किया था.