एशियन गेम्स में MP की 3 बेटियों का कमाल; भारतीय महिला हॉकी टीम ने जीता गोल्ड, ओलंपिक का टिकट भी पक्का

भारतीय टीम की इस सफलता में मप्र की तीन बेटियों की अहम भूमिका है। ईशिका चौधरी, बिच्छू देवी और सुशीला चानू भारतीय टीम की सदस्य रहीं और टीम की स्वर्णिम ज...और पढ़ें

By lalit katariyaEdited By: bhupendra Singh Rajput
Publish Date: Fri, 02 Oct 2026 10:01:18 PM (IST)Updated Date: Fri, 02 Oct 2026 10:01:18 PM (IST)
  1. एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम ने जीता स्वर्ण
  2. ईशिका, बिच्छू देवी और सुशीला चानू की अहम भूमिका
  3. भारतीय टीम ने ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई किया

नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया और ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई किया। इस ऐतिहासिक सफलता में मध्यप्रदेश की तीन बेटियों की भी महत्वपूर्ण भागीदारी रही।

टीम की सदस्य ईशिका चौधरी, बिच्छू देवी और सुशीला चानू ने अपने खेल से देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। भारतीय टीम की इस उपलब्धि पर सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने खिलाड़ियों को बधाई दी।

मंत्री सारंग ने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम की यह सफलता देश के लिए गर्व का विषय है। खिलाड़ियों ने प्रतिभा, मेहनत और जुझारूपन का शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल किया। टीम की इस उपलब्धि से भारत का नाम रोशन हुआ है।
 
उन्होंने विशेष रूप से मध्यप्रदेश की तीनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर युवाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।

ग्वालियर की ईशिका, अकादमी की दो खिलाड़ी

ईशिका चौधरी ग्वालियर की रहने वाली हैं और भारतीय महिला हॉकी टीम की अहम सदस्य हैं। वहीं बिच्छू देवी और सुशीला चानू मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी से प्रशिक्षण लेकर राष्ट्रीय टीम तक पहुंची हैं। तीनों खिलाड़ियों की सफलता प्रदेश में तैयार हो रही हॉकी प्रतिभाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है।
 
मंत्री सारंग ने कहा कि एशियन गेम्स में मप्र के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मप्र की बेटियों की यह स्वर्णिम उपलब्धि प्रदेश के लाखों युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

Leave Comments

Top