शाह के दौरे से भोपाल में बदली ट्रैफिक व्यवस्था: आज शाम से कई रास्तों पर डायवर्जन; कल भेल क्षेत्र में भी बदलाव

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल Published by: Anand Pawar Updated Fri, 02 Oct 2026 07:18 AM IST
 

अमित शाह के भोपाल दौरे को देखते हुए यातायात पुलिस ने शुक्रवार शाम से शनिवार तक शहर के कई मार्गों पर डायवर्जन की व्यवस्था की है। भेल दशहरा मैदान के कार्यक्रम के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि कई रूट की बसों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जाएगा। 

Shah’s Bhopal Visit: Traffic Diversions from Friday Evening, Changes Near BHEL on Saturday

शाह के दौर से भोपाल में ट्रैफिक डायवर्ट - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भोपाल दौरे को देखते हुए शहर में दो दिन के लिए यातायात व्यवस्था बदली गई है। शुक्रवार शाम छह बजे से स्टेट हैंगर से होटल ताज तक के मार्ग पर जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। वहीं तीन अक्तूबर को भेल दशहरा मैदान में कार्यक्रम के दौरान सुबह नौ बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा।
आज शाम से भारी वाहनों के लिए बदला रास्ता
शुक्रवार को सीहोर और उज्जैन की ओर से आने वाली यात्री बसें हलालपुर बस स्टैंड से आगे लालघाटी की तरफ नहीं जा सकेंगी। राजगढ़-ब्यावरा से आने वाली बसों को मुबारकपुर और खजूरी बायपास की ओर भेजा जाएगा। भारी और व्यावसायिक वाहनों के लिए भदभदा चौराहे से माता मंदिर, मैनिट, नेहरू नगर, भदभदा, नीलबड़, नाथू बरखेड़ा रोड, मुगालिया छाप, खजूरी रोड और मुबारकपुर की ओर वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। रात करीब आठ बजे के बाद ट्रैफिक का दबाव बढ़ने पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों को भी जरूरत के मुताबिक डायवर्ट किया जा सकता है। सीहोर-इंदौर, राजगढ़-ब्यावरा और राजा भोज एयरपोर्ट की ओर जाने वाले वाहन चालकों को नीलबड़, रातीबड़, अयोध्या बायपास, भानपुर, करोंद और गांधीनगर के वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। 
कल भेल क्षेत्र में भारी वाहनों की नो-एंट्री
तीन अक्तूबर को भेल दशहरा मैदान में कार्यक्रम के दौरान सुबह नौ बजे से यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। अलग-अलग स्थानों से आने वाली यात्री बसें भेल गेट नंबर छह के पास यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद बसें निर्धारित पार्किंग स्थलों, जिसमें जंबूरी मैदान भी शामिल है, में खड़ी की जाएंगी। कार्यक्रम स्थल के आसपास भारी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। अन्नानगर, करियर कॉलेज, सद्भावना चौराहा, भेल गेट नंबर छह और सिक्योरिटी लाइन चौराहे के आसपास यातायात प्रभावित रहेगा। होशंगाबाद, जबलपुर, छिंदवाड़ा और बैतूल से आने वाली बसें 11 मील-हबीबगंज नाका-आईएसबीटी मार्ग से चलेंगी। वहीं सागर, छतरपुर और दमोह की ओर से आने वाली बसों के लिए पटेल नगर बायपास मार्ग तय किया गया है। 
आपातकालीन वाहनों को छूट
यातायात पुलिस के अनुसार एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लागू नहीं होगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे कार्यक्रम के दौरान भीड़ और जाम से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

Leave Comments

Top