11:47 PM, 02-Oct-2026
जहां भी कॉकरोच को रोका जाएगा, वही जगह जंतर-मंतर: सीजेपी
दीपके ने कहा, अगर दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, तो जहां भी उन्हें (कॉकरोच) रोका जाएगा, वही जगह उनका जंतर-मंतर बन जाएगा। बकौल दीपके, 10 अक्तूबर का विरोध-प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा।
11:30 PM, 02-Oct-2026
ज्ञानेश कुमार ने इस्तीफा नहीं दिया, तो 10 अक्तूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन: दीपके
अभिजीत दीपके ने बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी देते हुए कहा, अगर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने इस्तीफा नहीं दिया, तो 10 अक्तूबर को कॉकरोच पूरे भारत से आकर दिल्ली में जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
10:06 PM, 02-Oct-2026
मुंबई में सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, सीने में उठा तेज दर्द; अस्पताल में तोड़ा दम
मुंबई के शिवाजी पार्क में शुक्रवार को सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान 75 वर्षीय एक बुजुर्ग की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर किया जा रहा था। प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाया था।
कौन थे मृतक और कैसे बिगड़ी तबीयत?
शिवाजी पार्क पुलिस थाने के एक अधिकारी ने मृतक की पहचान गोपालकृष्ण सुब्बैया पिल्लई के रूप में की। वह पड़ोसी ठाणे जिले के दोस्ती वेस्ट काउंटी की बी विंग में रहते थे। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पिल्लई शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए शिवाजी पार्क पहुंचे थे।
सीने में तेज दर्द के बाद अस्पताल ले गए साथी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शाम करीब पांच बजे पिल्लई ने सीने में तेज दर्द होने की शिकायत की। इसके बाद प्रदर्शन स्थल पर मौजूद उनके साथी और पुलिसकर्मी उन्हें पास के अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उनकी मौत होने की पुष्टि की।
बिना अनुमति जुटे हजारों लोग
सीजेपी का प्रदर्शन शुक्रवार शाम करीब चार बजे शुरू हुआ था। उस समय तेज धूप थी। इसके बावजूद शिवाजी पार्क के आसपास हजारों लोग जुटे। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, प्रदर्शन के लिए पुलिस की अनुमति नहीं ली गई थी। प्रदर्शन का उद्देश्य मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग उठाना था।
06:42 PM, 02-Oct-2026
संजय राउत का ज्ञानेश कुमार पर निशाना, बोले- जंतर-मंतर इन मुंबई! सीजन 2, ज्ञानेश को जाना ही होगा
शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘मुंबई में जंतर-मंतर! सीजन 2। ज्ञानेश को जाना ही होगा! उन्हें यह बात समझनी होगी।’ राउत ने अपनी पोस्ट में चुनाव आयोग और प्रधानमंत्री कार्यालय को भी टैग किया। उनका यह बयान ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मुंबई के शिवाजी पार्क में हो रहे सीजेपी के प्रदर्शन के बीच आया है।
06:03 PM, 02-Oct-2026
मुंबई में सीजेपी संस्थापक के खिलाफ लगे नारे, प्रदर्शन के बीच उठी ‘अभिजीत दिपके वापस जाओ’ की आवाज
महाराष्ट्र के मुंबई स्थित शिवाजी पार्क में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के बीच पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके के विरोध में भी नारे लगाए गए। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने ‘अभिजीत दिपके वापस जाओ’ के नारे लगाए। हालांकि, नारे लगाने वाले लोग कौन थे और उन्होंने किस वजह से दिपके का विरोध किया, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
06:02 PM, 02-Oct-2026
मुंबई में चुनाव आयोग के खिलाफ सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल हुईं दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी
महाराष्ट्र के मुंबई स्थित शिवाजी पार्क में चुनाव आयोग के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का प्रदर्शन जारी है। इस प्रदर्शन में दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी भी शामिल हुईं। सीजेपी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर यह विरोध प्रदर्शन कर रही है। इससे पहले अभिनेता नसीरुद्दीन शाह और गायक विशाल ददलानी भी प्रदर्शन में शामिल हुए थे।
05:25 PM, 02-Oct-2026
मुंबई के शिवाजी पार्क में उमड़ी हजारों लोगों की भीड़, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी का प्रदर्शन
मुंबई के मध्य में स्थित शिवाजी पार्क में शुक्रवार दोपहर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन में हजारों लोग जुटे। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी, इसके बावजूद बड़ी संख्या में युवा हाथों में नारे लिखी तख्तियां और तिरंगा लेकर मैदान में पहुंचे। दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह समेत कई लोग भी प्रदर्शन स्थल पर मौजूद हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की बड़ी संख्या में तैनाती की गई। शिवाजी पार्क का इलाका पारंपरिक रूप से शिवसेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना का मजबूत गढ़ माना जाता है। शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने भी सीजेपी के आंदोलन को समर्थन दिया है।
05:24 PM, 02-Oct-2026
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी के प्रदर्शन में पहुंचे गायक विशाल ददलानी
मुंबई के शिवाजी पार्क में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का प्रदर्शन जारी है। बॉलीवुड के गायक और गीतकार विशाल ददलानी भी इस प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे। सीजेपी के इस प्रदर्शन में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध जताया जा रहा है और उनके इस्तीफे की मांग की जा रही है।
05:23 PM, 02-Oct-2026
मुंबई प्रदर्शन में अभिजीत दिपके बोले- गांधी कभी नहीं मरते, गोडसे आते-जाते रहेंगे
मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने महात्मा गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि गांधी जैसे व्यक्तित्व कभी नहीं मरते। उन्होंने कहा, 'लोगों ने सोचा था कि गोलियों से गांधी को मार देंगे, लेकिन गांधी कभी नहीं मरते। यहां मौजूद हर व्यक्ति गांधी है। गोडसे आते रहेंगे और जाते रहेंगे।' दिपके ने यह बात प्रदर्शन के दौरान कही।
05:21 PM, 02-Oct-2026
मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सीजेपी का प्रदर्शन शुरू, एनसीपी (एसपी) के प्रवक्ता अनीश गावंडे भी हुए शामिल
महाराष्ट्र के मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का प्रदर्शन शुरू हो गया है। छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में आयोजित इस प्रदर्शन में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता अनीश गावंडे भी शामिल हुए। प्रदर्शन के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध जताया जा रहा है।
05:16 PM, 02-Oct-2026
CJP Protest Live: सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत; राउत ने ज्ञानेश कुमार पर साधा निशाना
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर अपना विरोध जता रहे हैं। मुंबई समेत अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन के जरिए ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की जा रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए उनकी आवाज उठाना जरूरी है।
पल-पल की जानकारी के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ....