नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल ने लागू की ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और ऑटो-ऑपरेशन व्यवस्था
भोपाल। नर्सिंग विद्यार्थियों को पंजीयन और प्रमाणपत्र संबंधी कार्यों के लिए अब बार-बार काउंसिल कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल ने विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और ऑटो-ऑपरेशन व्यवस्था लागू की है। इसके तहत पंजीयन, मार्कशीट और सर्टिफिकेट सहित विभिन्न सेवाओं का लाभ डिजिटल माध्यम से घर बैठे लिया जा सकेगा। काउंसिल का कहना है कि नई व्यवस्था से सेवाएं अधिक आसान, पारदर्शी और कम समय में उपलब्ध होंगी।
काउंसिल द्वारा दी जानकारी के अनुसार ऑनलाइन व्यवस्था लागू करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को सरल, सुगम और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से विद्यार्थियों से जुड़े पंजीयन संबंधी कार्यों को सुविधाजनक बनाया जा रहा है। काउंसिल के अनुसार, ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने से अनावश्यक कार्यालयीन प्रक्रियाओं में कमी आएगी। विद्यार्थियों को दस्तावेजों और अन्य पंजीयन संबंधी कार्यों के लिए कार्यालय आने की जरूरत कम होगी, जिससे उनके समय और संसाधनों की बचत होगी।
आधिकारिक ऑनलाइन व्यवस्था का ही करें इस्तेमाल
काउंसिल ने विद्यार्थियों से अपील की है कि पंजीयन और अन्य सेवाओं के लिए केवल आधिकारिक ऑनलाइन व्यवस्था का ही इस्तेमाल करें। डिजिटल माध्यम से सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ विद्यार्थियों को अनधिकृत माध्यमों और बिचौलियों से सावधान रहने की सलाह भी दी गई है।
अवैध वसूली पर कार्रवाई
काउंसिल ने विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा और सेवाओं को प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल प्रक्रियाओं को बढ़ावा देने की बात कही है। साथ ही, किसी भी तरह की अवैध वसूली या अनधिकृत गतिविधि की जानकारी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। काउंसिल का कहना है कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और ऑटो-ऑपरेशन व्यवस्था का उद्देश्य नर्सिंग विद्यार्थियों को पंजीयन से जुड़ी सेवाओं के लिए सुविधाजनक, पारदर्शी और सरल माध्यम उपलब्ध कराना है।