वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मेरा युवा भारत, मध्यप्रदेश, युवा कार्यक्रम एव खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा भारतीय वन प्रबंधन संस्थान (IIFM), भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय वंदे मातरम् युवा शिविर 2026–27 के पांचवें दिन युवाओं को भारतीय संविधान के मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों, करियर के नए अवसरों, भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश सरकार की प्रमुख योजनाओं तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।

संविधान के मूल्यों एवं भविष्य के करियर अवसरों पर मार्गदर्शन
युवा प्रतिभागियों के साथ आयोजित विशेष सत्र में सिविल सेवा परीक्षा के मार्गदर्शक एवं करियर काउंसलर श्री लक्ष्मी शरण मिश्रा ने भारतीय संविधान, राष्ट्रीय एकता, नागरिक कर्तव्यों और बदलते करियर परिदृश्य पर अपने विचार साझा किए। सिविल सेवा अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन के क्षेत्र में 25 वर्षों से अधिक के अनुभव वाले श्री मिश्रा ने युवाओं को निरंतर सीखने, आत्मविकास करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन की वास्तविक सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों में नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन को बेहतर बनाने में भी निहित है। उन्होंने संविधान को समानता, स्वतंत्रता, गरिमा और राष्ट्रीय एकता का आधार बताते हुए युवाओं से इसके मूल्यों एवं संवैधानिक आदर्शों का सम्मान करने का आह्वान किया।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव पर चर्चा करते हुए उन्होंने तकनीकी विकास के साथ नैतिक मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने युवाओं को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप अपने कौशल विकसित करने और बदलती परिस्थितियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।
_20261016163543_e6f457.jpeg)
भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश सरकार की प्रमुख योजनाओं की दी जानकारी
अगले सत्र में डॉ. मनोज कुमार जैन, वरिष्ठ सलाहकार एवं सेंटर फॉर ह्यूमन रिसोर्स एंड टेक्नोलॉजी (CHR-T) के प्रमुख ने भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश सरकार की प्रमुख योजनाओं पर संवादात्मक सत्र आयोजित किया। उन्होंने योजनाओं को केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं, केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वय से संचालित पहलों तथा राज्य-विशिष्ट योजनाओं की श्रेणियों में समझाया। डॉ. जैन ने युवाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने, संबंधित आधिकारिक पोर्टल का उपयोग करने तथा पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ उठाने के तरीकों से अवगत कराया। इस सत्र का उद्देश्य युवाओं को सरकारी पहलों के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें उपलब्ध अवसरों का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना था।

MY Bharat पोर्टल एवं युवा सहभागिता पर संवाद
शिविर के एक अन्य सत्र में जिला युवा अधिकारी, रीवा श्री कुलदीप तथा जिला युवा अधिकारी, नरसिंहपुर श्री उमंग जैन ने युवाओं के साथ संवाद किया। उन्होंने मेरा युवा भारत पोर्टल की भूमिका, युवा सहभागिता के अवसरों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की जिम्मेदारी पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रतिभागियों को अपनी क्षमताओं का विकास करने, सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। दिन के समापन पर खेलकूद एवं मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। विभिन्न राज्यों से आए युवाओं ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इससे प्रतिभागियों के बीच आपसी परिचय, टीम भावना, सहयोग और सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा मिला।
_20261016163621_0a985a.jpeg)
अधिकारियों एवं कर्मचारियों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में मेरा युवा भारत मध्यप्रदेश के राज्य निदेशक श्री मंगल जाखड़,उप निदेशक श्री रोहित यादव, उपनिदेशक श्रीमती मोनिका चौधरी, उप निदेशक श्रीमती निक्की राठौर, जिला युवा अधिकारी, शाजापुर एवं आगर मालवा श्री सागर वाधवानी, सहायक निदेशक श्री अभिषेक भारद्वाज,जिला युवा अधिकारी, खंडवा सुश्री पल्लवी दुबे, जिला युवा अधिकारी, नरसिंहपुर श्री उमंग जैन, जिला युवा अधिकारी, छतरपुर श्री मयंक पाठक, जिला युवा अधिकारी, हरदा सुश्री श्रद्धा मित्तल, लेखाधिकारी श्री चेतराम जंघेला, श्री मनीष चौहान, सुश्री रिमी यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कार्यालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम मीडिया प्रभारी श्री सागर वाधवानी ने अतिथियों, अधिकारियों, युवा प्रतिभागियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
***
(रिलीज़ आईडी: 2324370) आगंतुक पटल : 13