08:52 PM, 16-Oct-2026
नेहा बोरा की हिरासत पर आइसा का दावा, सहयोगियों को मिलने नहीं दिया जा रहा
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने दावा किया है कि उसकी अध्यक्ष नेहा बोरा को मंगोलपुरी स्थित एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स में अकेले हिरासत में रखा गया है। संगठन के मुताबिक, रात करीब आठ बजे तक उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया था। आइसा ने आरोप लगाया कि उनके सहयोगियों को उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा और सादे कपड़ों में मौजूद 7-8 लोग उन्हें बाहर रोके हुए हैं।
08:43 PM, 16-Oct-2026
अभिजीत दिपके को हिरासत में लेने पर क्या बोलीं ममता?
ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अभिजीत दीप्ते को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के लिए हिरासत में लिया गया। ममता ने लिखा कि यह बात समझने की जरूरत है कि आखिर दिल्ली पुलिस क्या कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो सरकार विरोध की आवाज से डरती है, वह पूरी पीढ़ी को चुप कराने के लिए डराने की कोशिश कर रही है। उनके मुताबिक, यह ऐसे शासन का व्यवहार है जो अपने नियंत्रण से बाहर की आवाज को बर्दाश्त नहीं कर सकता।
07:36 PM, 16-Oct-2026
प्रदर्शन के दौरान अब तक 150 प्रदर्शनकारी हिरासत में
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान अब तक 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा चुका है। पुलिस प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई कर रही है। हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान और उन्हें किस स्थान पर रखा गया है, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
07:14 PM, 16-Oct-2026
केजरीवाल बोले- तिरंगा अपने देश में नहीं फहराएंगे तो क्या पाकिस्तान में फहराएंगे?
दिल्ली में तिरंगा मार्च पर केजरीवाल ने कहा कि अगर भारत में तिरंगा नहीं फहराएंगे तो क्या पाकिस्तान में फहराएंगे। उन्होंने आगे कहा कि जिन्हें भारतीय तिरंगे से परेशानी है, उन्हें पाकिस्तान चले जाना चाहिए। अभिजीत की गिरफ्तारी को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। कहा कि यह खुली तानाशाही है। सवाल उठाया गया कि क्या देश में तिरंगा फहराना भी अपराध है। आरोप लगाया गया कि अभिजीत की गिरफ्तारी से पता चलता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे कितना डरते हैं।
05:35 PM, 16-Oct-2026
प्रदर्शन से पहले नेहा बोरा भी हिरासत में
दिल्ली पुलिस ने ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष नेहा बोरा को हिरासत में ले लिया। वह मंडी हाउस से मार्च का नेतृत्व करने की तैयारी कर रही थीं। पुलिस ने उन्हें मार्च शुरू करने से पहले हिरासत में लिया। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें किस मामले में हिरासत में लिया गया ह
05:25 PM, 16-Oct-2026
'झंडे के नियमों का पालन जरूरी', तिरंगा प्रदर्शन पर क्या बोली दिल्ली पुलिस?
दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त और प्रवक्ता राजीव रंजन ने सीजेपी के ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन को लेकर कहा कि इस मामले में पुलिस से किसी ने संपर्क नहीं किया है और न ही व्यक्तियों की किसी सूची को लेकर कोई अनुरोध मिला है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज फहराते समय फ्लैग कोड के सभी नियमों का पालन करना और तिरंगे का पूरा सम्मान करना जरूरी है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी तिरंगा फहराने से जुड़ी सावधानियां साझा की हैं। राजीव रंजन ने यह भी कहा कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान की तस्वीरें और वीडियो उनके निजी विवरण के साथ साझा कर रहे हैं। उन्होंने इसे निजता का उल्लंघन बताते हुए अनुचित और गैरकानूनी करार दिया।
05:19 PM, 16-Oct-2026
'झंडे के नियमों का पालन जरूरी', तिरंगा प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त और प्रवक्ता राजीव रंजन ने सीजेपी के ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन को लेकर कहा कि इस मामले में पुलिस से किसी ने संपर्क नहीं किया है और न ही व्यक्तियों की किसी सूची को लेकर कोई अनुरोध मिला है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज फहराते समय फ्लैग कोड के सभी नियमों का पालन करना और तिरंगे का पूरा सम्मान करना जरूरी है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी तिरंगा फहराने से जुड़ी सावधानियां साझा की हैं। राजीव रंजन ने यह भी कहा कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान की तस्वीरें और वीडियो उनके निजी विवरण के साथ साझा कर रहे हैं। उन्होंने इसे निजता का उल्लंघन बताते हुए अनुचित और गैरकानूनी करार दिया।
05:17 PM, 16-Oct-2026
सौरभ भारद्वाज बोले- देश का झंडा फहराने में क्या परेशानी?
दिल्ली आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने तिरंगा यात्रा को लेकर कहा कि पार्टी इसके लिए तैयार है और सैकड़ों तिरंगे लेकर मध्य दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में राष्ट्रीय ध्वज फहराएगी। उन्होंने बताया कि सुबह पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति भवन और संसद के सामने 270 फुट लंबा तिरंगा फहराया। भारद्वाज ने सवाल उठाया कि स्वतंत्र देश में अपना राष्ट्रीय ध्वज फहराने में क्या गलत है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या भारतीयों को पाकिस्तान, बांग्लादेश या अमेरिका का झंडा फहराना चाहिए?
04:56 PM, 16-Oct-2026
फिर दिपके के खिलाफ कार्रवाई, दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया
सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन से पहले सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने उन्हें नोटिस जारी कर सेंट्रल पार्क नहीं आने को कहा था, क्योंकि वहां भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू है। पुलिस के दूसरे नोटिस में कहा गया कि अभिजीत दिपके, आशुतोष और सौरव को पहले एहतियातन हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया गया था। उस दौरान उन्हें पाबंद किया गया था और अदालत ने अगले एक साल तक शांति भंग नहीं करने का निर्देश दिया था।
04:25 PM, 16-Oct-2026
कनॉट प्लेस में लगाए जा रहे सीसीटीवी
इलाके में बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेंट्रल पार्क और उसके आसपास सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। पुलिस की निगरानी के बीच प्रशासन का ध्यान प्रदर्शन के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखने पर है।
04:23 PM, 16-Oct-2026
तिरंगा प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने क्या चेतावनी दी?
दिल्ली में ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन से पहले सेंट्रल पार्क के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा कि नई दिल्ली जिले में बीएनएसएस की धारा 163 लागू है, जिसके तहत कुछ प्रतिबंध हैं। उन्होंने लोगों से कानून का पालन करने की अपील की। अभिजीत दिपके को दिल्ली पुलिस अधिनियम के तहत नोटिस दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, उन्हें कनॉट प्लेस में लागू प्रतिबंधों और उनके उल्लंघन के परिणामों के बारे में बताया गया है। पुलिस ने कहा कि नियम तोड़ने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
04:20 PM, 16-Oct-2026
प्रदर्शन से पहले सेंट्रल पार्क के आसपास सुरक्षा कड़ी
दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क के आसपास ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन को देखते हुए भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। कनॉट प्लेस और नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने तिरंगा यात्रा की अनुमति नहीं दी है। नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने लोगों से कानून का पालन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि अभिजीत दिपके को दिल्ली पुलिस अधिनियम के तहत नोटिस जारी किया गया है और उन्हें प्रतिबंधों की जानकारी देकर कानून का पालन करने को कहा गया है। नियमों का उल्लंघन होने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
02:59 PM, 16-Oct-2026
राहुल गांधी लोकतंत्र का अपमान करते हैं: धर्मेंद प्रधान
धर्मेंद प्रधान ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय हित, व्यवस्था में सुधार और छात्रों के कल्याण के नाम पर हो रहे प्रदर्शनों के पीछे अराजकता फैलाने की साजिश है। भाजपा ने बांग्लादेश का उदाहरण देकर ‘सत्ता परिवर्तन’ की बात करने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत में सत्ता परिवर्तन केवल लोकतांत्रिक प्रक्रिया से होता है और जनता के जनादेश का सम्मान जरूरी है। भाजपा ने राहुल गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास फैलाने और चुनावी नतीजे मनमाफिक नहीं होने पर लोकतंत्र का अपमान करने का आरोप लगाया।
02:35 PM, 16-Oct-2026
200 फीट लंबा राष्ट्रीय ध्वज लेकर सड़कों पर उतरे आप कार्यकर्ता
दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तिरंगा रैली निकाली। इस दौरान पार्टी के नेता और कार्यकर्ता 200 फीट लंबा तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे। रैली में बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक भी शामिल हुए।
02:03 PM, 16-Oct-2026
'तिरंगा फहराने से क्यों रोक रहे हैं?'- सौरभ भारद्वाज
दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) की तिरंगा रैली के दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने राजधानी में भारी सुरक्षा तैनाती और कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क को अस्थायी रूप से बंद किए जाने पर सवाल उठाए। भारद्वाज ने पूछा कि अधिकारियों द्वारा नागरिकों को तिरंगा फहराने से क्यों रोका जा रहा है। चुनाव आयोग में कथित संस्थागत अनियमितताओं के विरोध में आयोजित इस रैली में आप कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। भारद्वाज ने प्रशासनिक पाबंदियों की आलोचना करते हुए भारत के स्वतंत्रता संग्राम का भी जिक्र किया।
12:04 PM, 16-Oct-2026
सीजेपी के प्रदर्शन के खिलाफ याचिका
दिल्ली के कनॉट प्लेस में सीजेपी के प्रदर्शन के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है। याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वकील जय अनंत देहाद्राई ने बताया कि नई दिल्ली किराना समिति और अन्य व्यापारिक संगठनों ने यह याचिका दायर की है। उनका कहना है कि मध्य दिल्ली में हो रहे प्रदर्शनों से बड़े स्तर पर व्यवधान पैदा हो सकता है। इससे त्योहारों के मौसम में खरीदारी करने आने वाले लोगों को परेशानी होगी और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। वकील के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने मामले को जरूरी मानते हुए अगली सुनवाई 26 अक्तूबर के लिए सूचीबद्ध की है।
09:43 AM, 16-Oct-2026
महिला कार्यकर्ताओं पर पुलिस की बर्बरता का लगाया आरोप
नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्हें और संगठन के कई कार्यकर्ताओं को दिल्ली के अलग-अलग पुलिस थानों में हिरासत में लिया गया है। जाखड़ ने महिलाओं के साथ पुलिस की कथित बर्बरता का आरोप लगाते हुए कहा कि हिरासत में लेकर उनकी आवाज दबाई नहीं जा सकती। उन्होंने केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध जारी रखने की बात कही। जाखड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा कर कहा कि उनका संगठन पीछे नहीं हटेगा और पुलिस की कथित कार्रवाई के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगा।
08:12 AM, 16-Oct-2026
प्रदर्शन से पहले बढ़ाई गई सुरक्षा
नई दिल्ली में शुक्रवार को ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन से पहले कनॉट प्लेस और उसके आसपास सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। सीजेपी कार्यकर्ता अभिजीत दिपके ने सेंट्रल पार्क में इस प्रदर्शन का आह्वान किया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, शुक्रवार, 16 अक्तूबर को दोपहर 3 बजे से कनॉट प्लेस के आसपास की कुछ सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। पुलिस ने वाहन चालकों को यात्रा की पहले से योजना बनाने, अतिरिक्त समय लेकर चलने और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
06:30 AM, 16-Oct-2026
दिपके की अपील पर अन्य शहरों में जमा होंगे समर्थक?
अभिजीत दिपके महाराष्ट्र से आते हैं। उनकी अपील पर मुंबई दिल्ली के अलावा अन्य शहरों में भी कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक जमा हो सकते हैं। अपील शाम पांच बजे की है, ऐसे में देखना दिलचस्प रहेगा कि उनकी अपील पर कितना समर्थन जमा होता है।
06:05 AM, 16-Oct-2026
दिपके के आंदोलन को लेकर दिल्ली पुलिस मुस्तैद
अभिजीत दिपके के तिरंगा मार्च और चुनाव आयुक्त के खिलाफ आंदोलन को लेकर दिल्ली पुलिस मुस्तैद है। कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच कनॉट प्लेस से इतर भी कई संवेदनशील जगहों पर सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है।
05:34 AM, 16-Oct-2026
कनॉट प्लेस के पास जुटेंगे सीजेपी समर्थक, दिल्ली से मुंबई तक हलचल
मुंबई पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को आज आजाद मैदान में 'लहरा दो तिरंगा' रैली की अनुमति दी। पुलिस उपायुक्त मनीष कलवानिया ने गुरुवार को बताया कि आयोजकों ने विरोध प्रदर्शन आजाद मैदान में ही करने की घोषणा की है। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि आजाद मैदान एक विरोध स्थल है, इसलिए अनुमति मिली। CJP ने प्रेस विज्ञप्ति में इसे अपने नेताओं आशुतोष रांका और सौरभ दास के समर्थन में बताया। दास और रांका को बुधवार को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। उन्होंने जंतर मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए थे। यह गिरफ्तारी गृह मंत्रालय द्वारा जंतर मंतर का विरोध स्थल दर्जा वापस लेने के एक दिन बाद हुई।
05:15 AM, 16-Oct-2026
सीजेपी का आंदोलन कब शुरू हुआ,किन मुद्दों पर सरकार का घेराव?
देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन विगत 2 अक्तूबर को मुंबई में शुरू हुआ था। सोशल मीडिया पर सीजेपी जैसी मुहिम खड़ी करने वाले अभिजीत दिपके ने मतदाता सूचियों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए और उनके इस्तीफे की मांग करते हुए एक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया। यह अभियान 10 अक्तूबर को दिल्ली पहुंचा, जब जंतर मंतर पर इकट्ठा होने के आह्वान पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। दिपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को मुंबई से दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरते ही हिरासत में ले लिया गया था। इशके बाद सरकार ने कहा कि अब जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन करने की निर्धारित जगहों की सूची से हटा दिया गया है। इस फैसले का मुखर विरोध कर रही CJP ने कहा, जंतर मंतर सत्ता के गलियारों के करीब होने के कारण विरोध का प्रमुख स्थल बना हुआ है। वे इस कार्रवाई के खिलाफ हैं।
04:50 AM, 16-Oct-2026
सीईसी और सरकार पर अभिजीत दिपके क्या आरोप लगा रहे हैं?
दिपके ने आरोप लगाया है कि सरकार ज्ञानेश कुमार का बचाव कर रही है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने मतदाता सूचियों के एक दोषपूर्ण SIR और 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाने की अध्यक्षता की थी। यह कुल मतदाताओं का लगभग 14 फीसदी है। दीपके ने कहा, '2024 में जीत का अंतर सिर्फ दो फीसदी था। 13 करोड़ से अधिक मतदाता हटा दिए गए - लगभग 14 फीसदी।' उन्होंने सवाल किया, "जहां दो फीसदी चुनाव का फैसला कर रहा है, वहां आप 13 करोड़ वोट हटा रहे हैं। अगर यह सेटिंग नहीं है तो क्या है?" दिपके ने X पर आरोप लगाया कि उनका पीछा किया जा रहा है। उन्होंने कहा, 'जिस जगह मैं रुका हूं, उसे चारों तरफ से अंडरकवर पुलिसकर्मियों ने घेर लिया है। ये लोग मुझ पर लगातार नजर रख रहे हैं। सफेद स्कॉर्पियो भी हर जगह मेरा पीछा कर रही है।'
04:33 AM, 16-Oct-2026
पुलिस ने कहा-11 लोगों को मंजूरी, बाकी दूर रहें; उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई होगी
'लहरा दो तिरंगा' मार्च के संबंध में दिल्ली पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि वह सीजेपी के प्रदर्शन में सिर्फ 11 लोगों के समूह को राष्ट्रीय ध्वज लेकर और राष्ट्रगान गाने की अनुमति देने पर विचार कर सकती है। कनॉट प्लेस व आसपास के इलाकों में निषेधाज्ञा लागू है। ऐसे में किसी भी तरह के उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
04:13 AM, 16-Oct-2026
दो दिनों के लिए सेंट्रल पार्क बंद, दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बल भी तैनात
NDMC ने दो दिनों के लिए सेंट्रल पार्क बंद करने के पीछे "प्रशासनिक कारण" का जिक्र किया है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कनॉट प्लेस विरोध प्रदर्शनों के लिए निर्धारित स्थल नहीं है। पुलिस ने लोगों से सीजेपी की तरफ से आहूत मार्च से दूर रहने का आग्रह किया है। हालांकि, पुलिस ने कहा कि वह लोगों के एक चुनिंदा समूह को राष्ट्रीय ध्वज लहराने और राष्ट्रगान गाने की सुविधा दे सकती है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि आज के विरोध प्रदर्शन से पहले कनॉट प्लेस और जंतर मंतर के आसपास भारी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। राष्ट्रीय राजधानी में पहले से ही अर्धसैनिक बलों की कई कंपनियां तैनात हैं। पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रणनीतिक स्थानों पर कर्मियों को तैनात करेगी।
03:49 AM, 16-Oct-2026
सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शनों की कड़ी में 'लहरा दो तिरंगा' मार्च
गौरतलब है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शनों की कड़ी में 'लहरा दो तिरंगा' मार्च का आह्वान किया गया है। दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के नेताओं सौरभ दास और आशुतोष रांका को 13 अक्तूबर को जंतर मंतर में जबरन प्रवेश करने के आरोप में पकड़ा है। बाद में दोनों को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस कार्रवाई के खिलाफ CJP ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ उसी जगह लौटने का फैसला किया। दिपके ने दिल्ली पुलिस से सवाल किया, "दिल्ली पुलिस को तिरंगा लहराए जाने में क्या दिक्कत है?" 16 अक्तूबर के दिन NDMC की तरफ से सेंट्रल पार्क बंद रहने की घोषणा पर दिपके ने कहा, 'अगर हम 100 जगहों की घोषणा करते हैं, तो क्या नरेंद्र मोदी सभी 100 जगहों को बंद करा देंगे?' दिपके ने कहा है कि जो लोग दिल्ली नहीं आ सकते वे अपने शहरों में शाम पांच बजे तिरंगे के साथ बाहर निकलें और एकजुट होकर सरकार को आईना दिखाएं।
03:20 AM, 16-Oct-2026
हम सब सत्ता बदलना चाहते हैं: प्रशांत भूषण
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने बृहस्पतिवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच सत्ता बदलने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है।
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके, छात्र संगठनों के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में भूषण ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में सरकार के प्रति असंतोष फैलाना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई अब वास्तव में सत्ता परिवर्तन के लिए है। इसमें कुछ गलत भी नहीं है। भाजपा ने खुद सत्ता परिवर्तन के लिए कई आंदोलन चलाए हैं। अब वे कह रहे हैं कि सत्ता परिवर्तन की कोई साजिश हो रही है।
02:59 AM, 16-Oct-2026
दिपके बोले- लहरा दो तिरंगा... कनॉट पैलेस के पास पार्क क्यों बंद किया गया?
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने जनता और युवाओं से शुक्रवार, 16 अक्तूबर को शाम 5 बजे सेंट्रल पार्क में तिरंगे झंडे के साथ इकट्ठा होने की अपील की है। इस अपील के बीच नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) ने दिल्ली पुलिस को सूचित किया है कि सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्तूबर को "प्रशासनिक कारणों" से बंद रहेगा। NDMC ने पार्क में अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था का अनुरोध भी किया है। पुलिस ने कहा कि कनॉट प्लेस के व्यापारी और बाजार संघों ने अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा मांगी है। उन्हें त्योहारों के मौसम में कारोबार प्रभावित होने का डर है।
दिल्ली पुलिस की चेतावनी में क्या?
बीते कुछ महीने से आंदोलन कर रहे दिपके के आह्वान से पहले दिल्ली पुलिस ने गुरुवार शाम कहा कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने इस बात पर भी जोर दिया। राष्ट्रीय ध्वज को निर्धारित तरीके से और उचित सम्मान, गरिमा व शालीनता के साथ फहराया जाना चाहिए। राष्ट्रगान भी इसी तरह गाया जाना चाहिए।
02:28 AM, 16-Oct-2026
तिरंगा मार्च LIVE: अब तक 150 लोग हिरासत में; ममता बनर्जी ने उठाए सवाल, बोलीं- देश में अघोषित आपाताकाल
दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित 'लहरा दो तिरंगा' मार्च से लोगों को दूर रहने की अपील की है। यह मार्च आज कनॉट प्लेस के पास सेंट्रल पार्क में होना है। पुलिस ने कहा कि वह चुनिंदा लोगों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने की सुविधा दे सकती है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग कर रही सीजेपी के अभिजीत दिपके ने 'लहरा दो तिरंगा' से जुड़ने का आह्वान करते हुए आम जनता से घरों से निकलने और बड़ी संख्या में कनॉट पैलेस पहुंचने की अपील की है।
पुलिस ने किन पाबंदियों का हवाला दिया है?
दिपके के आह्वान से जुड़े बयान में पुलिस ने गुरुवार शाम कहा, कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में निषेधाज्ञा लागू है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने संकेत दिया कि देशभक्ति के प्रतीकात्मक प्रदर्शन में सीमित संख्या में लोगों को अनुमति मिल सकती है। पुलिस के मुताबिक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए लागू है। यह धारा मानव जीवन और सार्वजनिक-निजी संपत्तियों की सुरक्षा के लिए है। एहतियाती उपाय के तौर पर कई स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। इसमें रानी झांसी रोड के पास झंडेवालान क्षेत्र भी शामिल है, दिपके यहीं ठहरे हुए हैं।