भोपाल. एमपी के कक्षा 10वीं-12वीं के छात्रों के लिए ये बड़ी महत्वपूर्ण खबर है. मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिम) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्र के पैटर्न में बदलाव किया है. मंडल के नए नियमों के तहत अब छात्रों को प्रश्नपत्रों में पहले की तुलना में कम विकल्प मिलेंगे, क्योंकि दो अंकों के अति लघुउत्तरीय प्रश्नों में विकल्प की सुविधा समाप्त कर दी गई है.
इसके अलावा मंडल ने एनएसक्यूएफ (राष्ट्रीय कौशल योग्यता रूपरेखा) विषयों के प्रश्नपत्रों में आंतरिक विकल्प की सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया गया है. बता दें कि पाठ्यचर्या समिति की बैठक (20.08.2025) और कार्यपालिका समिति की बैठक (28.08.2025) के निर्णय के अनुपालन में आंतरिक विकल्प के नियम बदले गए हैं. मंडल ने अब तक सत्र 2026-27 के लिए ब्लू प्रिंट और सैंपल पेपर जारी नहीं किए हैं. इनके जारी होने के बाद छात्रों को विषयवार अंक-वितरण और प्रश्नपत्र के पैटर्न को समझने में मदद मिलेगी.
10वीं-12वीं परीक्षा के पैटर्न में क्या बदलाव हुआ
मुख्य विषयों में
2 अंकों के (अतिलघु उत्तरीय) प्रश्नों में अब इंटरनल चॉइस नहीं मिलेगा. इसकी सुविधा समाप्त कर दी गई है.
3 अंकों (लघु उत्तरीय) और 4 अंकों (दीर्घ उत्तरीय) के प्रश्नों में पहले की तरह ही विकल्प मिलता रहेगा.
NSQF विषयों में
NSQF विषयों में छात्रों के लिए सुविधा बढ़ाई गई है. अब 5 अंकों और 7 अंकों के प्रश्नों में इंटरनल चॉइस की सुविधा शुरू की गई है. मण्डल के सचिव द्वारा जारी यह आदेश सत्र 2026-27 की बोर्ड परीक्षाओं से लागू होगा.
फरवरी में होंगी 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाएं
कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 19 मार्च 2027 के बीच आयोजित की जाएंगी.कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 24 फरवरी से 18 मार्च 2027 के बीच होगी. परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा. सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 8 बजे तक उपस्थित होना अनिवार्य होगा. परीक्षा कक्ष में सुबह 8:30 बजे के बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा. प्रश्न-पत्र पढऩे के लिए 15 मिनट सुबह 8:45 बजे से और आंसर शीट के लिए 5 मिनट सुबह 8:55 बजे से अतिरिक्त समय दिया जाएगा. कक्षा 10वीं व 12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं 1 फरवरी से 19 मार्च 2027 के बीच होना है.