नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अनुसूचित जाति पर कथित जातिसूचक टिप्पणी करने को लेकर सोमवार दोपहर भवानी चौक (पीर गेट) पर कुछ युवकों ने हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के साथ झूमाझटकी की और उनके चेहरे पर स्याही पोत दी। मौके पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस भी हुई। घटना के बाद तिवारी और जिला अनुसूचित जाति मोर्चा की ओर से कोतवाली थाने में शिकायत आवेदन दिए गए हैं। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और घटना के वीडियो की जांच कर रही है।
इंटरव्यू में आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल का विवाद
चंद्रशेखर तिवारी हाल ही में एक इंटरव्यू में अनुसूचित जाति के लिए आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल को लेकर विवादों में आए थे। इसके बाद उन्होंने वीडियो जारी कर इसे गलती बताते हुए माफी मांगी थी।
चाय की दुकान पर अचानक हुआ हमला, वीडियो हुआ वायरल
सोमवार दोपहर करीब दो बजे चंद्रशेखर तिवारी भवानी चौक पर चाय की दुकान पर मौजूद थे। तभी कुछ युवक वहां पहुंचे उन्होंने खुद को अनुसूचित जाति का बताया और नारेबाजी शुरू कर दी और वहां खड़े तिवारी को पीछे से पकड़कर उनके चेहरे पर कालिख पोत दी। साथ ही जब तिवारी बचने लगे तो आरोपितों ने उनके साथ झूमाझटकी भी की। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हुआ है।
पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर शुरू की जांच
घटना के बाद तिवारी ने कोतवाली थाने में कालिख पोतने और झूमाझटकी की शिकायत की। वहीं जिला अनुसूचित जाति मोर्चा की ओर से भी तिवारी के खिलाफ आवेदन दिया गया है। कोतवाली एसीपी संतोष पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की है।