राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश की कृषि उपज मंडियां अब अवकाश के दिनों में भी खुली रहेंगी। सोयाबीन और मक्का उत्पादक किसानों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मंडी बोर्ड ने सभी संयुक्त संचालकों को व्यापारियों के साथ बैठक कर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आवक बढ़ने से किसानों को भुगतान में न हो देरी
मंडियों में सोयाबीन, मक्का सहित अन्य उपज की आवक अधिक मात्रा में हो रही है। इस अवधि में कृषकों को अपनी कृषि उपज का शीघ्र विक्रय कर उसकी राशि प्राप्त करने की आवश्यकता रहती है।
ऐसी स्थिति में मंडियों में अवकाश रहने से कृषकों को अपनी उपज के विक्रय के लिए प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है। इसे देखते हुए निर्देश दिए गए हैं कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें, जिससे अवकाश के दिनों में भी मंडी और उपमंडी में खरीदारी हो।