हरदीप सिंह पुरी ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए दाखिल किया नामांकन

मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेष अध्यक्ष रहे मौजूद
भोपाल। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को मध्य प्रदेश विधानसभा में राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।
नामांकन दाखिल करने से पहले केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने करुणाधाम मंदिर पहुंचकर देवी महालक्ष्मी के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे मुख्यमंत्री निवास पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हरदीप सिंह पुरी का मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करना प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने इसे दिवाली से पहले मिला उपहार बताते हुए कहा कि पुरी के निर्वाचन का लाभ न केवल केंद्र सरकार, बल्कि प्रदेश सरकार को भी मिलेगा। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से प्रदेश के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हरदीप सिंह पुरी ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया है।
12 नवंबर को होगा मतदान
राज्यसभा उपचुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने 26 अक्टूबर को अधिसूचना जारी की थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि आज 2 नवंबर थी, जबकि 5 नवंबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। उपचुनाव के लिए 12 नवंबर  को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया 16 नवंबर तक पूरी कर ली जाएगी।
कांते सायन्ना ने भरा निर्दलीय नामांकन
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह के खिलाफ हैदराबाद के एक समाजसेवी कांते सायन्ना ने भी नामांकन दाखिल किया है। सायन्ना अब तक 5 बार लोकसभा और 8 बार विधानसभा और 6 दफा एमएलसी का चुनाव लड़ चुके है। सायन्ना का कहना है कि मुझे विधायकों ने कहा है कि हम मदद करेंगे। सायन्ना सोमवार तक 10 प्रस्तावकों का समर्थन जुटाने का प्रयास करेंगे। सायन्ना तेलंगाना में पब्लिक नेता के रूप में सामाजिक गतिविधियों से जुड़े हैं। वह स्कूलों में जाकर जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराते हैं। उनके मुताबिक, शिक्षा के क्षेत्र में मदद और सामाजिक सरोकारों से जुड़े काम उनकी सार्वजनिक गतिविधियों का हिस्सा हैं।
 


Leave Comments

Top