04:28 PM, 01-Nov-2026
राहुल बोले- तीनों ने देश की आत्मा पर आक्रमण किया
राहुल गांधी ने कहा 'न हम मोदी से नफरत करते हैं, न ही अमित शाह से नफरत करते हैं, न ज्ञानेश कुमार से। मगर आप तीनों ने देश की आत्मा पर आक्रमण किया है। आपने देश के संविधान और लोकतंत्र पर हमला किया है। मेरे लिए कोई दुश्मन नहीं है। न मोदी, न अमित शाह, न ज्ञानेश कुमार। मगर हमारे लिए सबसे जरूरी चीज, धर्म से भी जरूरी चीज है- हिंदुस्तान के नागरिक की आवाज। अगर आप मुझसे मेरा धर्म पूछें तो मैं कहूंगा कि हिंदुस्तान के लोगों की आवाज सुनी जानी चाहिए। यही मेरा धर्म है। हम नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हिंसा नहीं करेंगे। उन्हें मारेंगे या काटेंगे नहीं।'
राहुल ने कहा कि गांधीजी ने कहा था कि पंक्ति में खड़े आखिरी व्यक्ति की आवाज सबसे अहम है। चाहे वह हिंदू हो, मुस्लिम हो, दलित हो, महिला हो, विकलांग हो, जो भी हो, हमें सबकी आवाज की रक्षा करनी है। मोदी जी ने और शाह ने देश में नफरत फैला दी है और इससे देश को नुकसान हो रहा है। यह भीड़ चिल्ला रही है, हमें मोहब्बत चाहिए, भाईचारा चाहिए। हम यही कर के दिखाएंगे। यह प्रदर्शन किसी एक पार्टी का या एक नेता का नहीं है। इसमें सब शामिल हैं। यह हिंदुस्तान की आवाज है। यह हिंदुस्तान के लोकतंत्र को बचाने की आवाज है, संविधान को बचाने की आवाज है।
04:24 PM, 01-Nov-2026
2-3 लोगों का देश नहीं चाहिए हमें: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि 2-3 लोगों का देश नहीं चाहिए हमें। अदाणी जी जो भी करना चाहें, जो भी संस्था लेना चाहें, शिक्षा-स्वास्थ्य को कैप्चर करना चाहें। हर एयरपोर्ट, रेलवे, इन्फ्रास्ट्रक्चर छीन लें। ड्रोन उड़ रहा है यह भी अदाणी का, हथियार भी अदाणी का, ऐसा देश हमें नहीं चाहिए। हम यह होने नहीं देंगे। देश को सही पटरी पर लाने का तरीका इस ज्ञानेश कुमार को हटाना है। अमित शाह जी ने कहा कि नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा रहे। मैं आपको उल्टा बता रहा हूं। नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा सकते, अगर जाना भी चाहें तो हम उन्हें नहीं जाने देंगे। नरेंद्र मोदी और अमित शाह, ज्ञानेश कुमार के बाद हम आपके सामने खड़े होने जा रहे हैं। नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमित शाह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। आपने जो वोट चोरी की है, अदाणी को जो देश बेचा है, उसके लिए देश आपसे न्याय मांगेगा। आप भागने की मत सोचो। आप भाग नहीं सकते। आप यहीं के यहीं रहोगे। आपके खिलाफ जो यह आवाज है, आपके खिलाफ, अमित शाह के खिलाफ, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ। आपके खिलाफ कार्रवाई होगी, होगी और होगी।
04:17 PM, 01-Nov-2026
राहुल बोले- ज्ञानेश कुमार सीईसी पद से हटेगा
राहुल ने कहा कि मैं स्टेज से कहना चाहता हूं। मैं जो कहता हूं वो होता है न। मैंने कोविड-19 के बारे में बोला, सच हुआ। मैं आपको स्टेज से कह रहा हूं कि ज्ञानेश कुमार सीईसी पद से हटेगा। ज्ञानेश कुमार हिंदुस्तान में जेल जाएगा। और अगर यह आम चोरी नहीं है कि किसी ने दुकान से थोड़ी सी छोटी चोरी कर ली। उसके लिए जेल होती है। इन्होंने नॉर्मल चोरी नहीं की है। यह हिंदुस्तान के हर नागरिक के आवाज की चोरी है। इसको कानूनी गलियारों में रेयरेस्ट ऑफ रेयर केस कहते हैं। इसे देशद्रोही कहते हैं, इसे ट्रीजन कहते हैं और ज्ञानेश कुमार के बिना न नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनता, न अमित शाह गृह मंत्री बनता। आरएसएस इस देश की सारी संस्थाओं को कैप्चर कर लिया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सीबीआई, ईडी, न्यायपालिका, नौकरशाही, पुलिस सारी की सारी संस्थाएं, जो आपकी हैं, वह नरेंद्र मोदी, अमित शाह, आरएसएस की नहीं, युवाओं की संस्थाएं हैं। वह इन्होंने कैप्चर कर रखी हैं।
नतीजा यह है कि किसानों को अधिकार नहीं मिल रहा, युवाओं को हक नहीं मिल रहा, मजदूरों को हक नहीं मिल रहा। नतीजा पूरा का पूरा धन कुछ लोगों के हाथ में चला गया है- अंबानी, अदाणी। उनका हजारों करोड़ का कर्जा माफ हो जाता है। मगर छोटे किसान, मजदूर का बेटा पैसे नहीं लौटा पाता तो उसे जूते मारकर जेल में डाल देते हैं। ऐसा हिंदुस्तान हमें नहीं चाहिए और यह हम स्वीकार नहीं करेंगे। शिव की बारात का नाम सुना है। उसमें कोई भी जा सकता है। उस तांडव में कोई भी जा सकता है। उसमें कभी नहीं कहा जाता कि कोई रोका जाए। हमें वैसा ही हिंदुस्तान चाहिए।
04:13 PM, 01-Nov-2026
राहुल बोले- संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे
राहुल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अमित शाह, ज्ञानेश कुमार को आपने मैसेज भेजना था, मैसेज भेज दिया है। यह किसी एक राजनीतिक दल की आवाज नहीं है। यह सिर्फ नेताओं की आवाज नहीं है। यह हिंदुस्तान के युवाओं की आवाज है। किसानों, मजदूरों की आवाज है और यह आवाज कह रही है कि हम लोकतंत्र को हिंदुस्तान में खत्म नहीं होने देंगे। हम संविधान को नष्ट होने नहीं देंगे। आप अपने आप को जितना बड़ा समझो, जितना आपके पास पैसा है, पावर है, आप जो भी हों, आप संविधान से बड़े नहीं हैं, संविधान आपसे बड़ा है।
राहुल ने आगे कहा कि वर्षों से इस देश में वोट चोरी हो रही है। ममता जी ने बंगाल को उदाहरण दिया। मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक और 2024 की लोकसभा, सारे चुनाव में वोट चोरी हुई है, ईवीएम के साथ वोट चोरी हुई है। वोटर लिस्ट से नाम काटकर वोट चोरी हुई है। 2024 के चुनाव के बाद 13.5 करोड़ वोटर्स वोटर लिस्ट से हटाए गए। मतलब इतने वोटर्स को हटाया गया। हर सात में से एक वोटर को निकाला गया। 15 फीसदी हिंदुस्तान के वोटर्स को वोटर लिस्ट से हटाया गया, वह भी 2024 के बाद। 2024 में एनडीए और हमारे बीच में तीन फीसदी का फर्क था। उसके बाद 15 फीसदी वोटर्स को वोटिंग लिस्ट से निकाला गया। मतलब 2024 का चुनाव अवैध चुनाव था। चोरी का चुनाव था और यह बात मैं नहीं चुनाव आयोग खुद कह रहा है। क्योंकि उन्होंने 13.5 करोड़ वोटर्स 2024 की लिस्ट से निकाले।
03:59 PM, 01-Nov-2026
ममता बनर्जी बोलीं- ईवीएम लूटा, लोकतंत्र लूटा, संविधान लूटा
रामलीला मैदान से टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कहा कि हम लोकतंत्र को बचाएंगे। हम छोड़ेंगे नहीं, लड़ेंगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम हारे नहीं, हराए गए हैं, बंगाल एसआईआर का पीड़ित है। ज्ञानेश कुमार ने मतगणना को हाईजैक किया। अपने संबोधन में ममता बनर्जी ने कहा कि- एसआईआर भाजपा की मदद के लिए बनाई गई है। ज्ञानेश कुमार को हटाना होगा। ममता बनर्जी ने आगे कहा कि इन्होंने राम मंदिर का रुपया भी लूटा है।
03:35 PM, 01-Nov-2026
अखिलेश यादव बोले- यूपी में हिंदुओं के 1.27 करोड़ वोट काटे गए
समाजवादी पार्टी के सांसद और अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, ''जबसे यह तय हुआ है कि रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन एकजुट होकर उन तमाम लोगों को जिन लोगों ने लोकतंत्र को कमजोर करने का काम किया है, उनके खिलाफ एकजुट हो रहे हैं। तबसे सामने आ रहा है कि जनता हमारे साथ जुटना चाहती है। अगर मैं यह कहूं कि एक करोड़ 27 लाख वोट कटे हैं, उसका गणित हम लगा दें 403 विधानसभाओं का तो हर विधानसभा में वोट कम हुए हैं। जो लोग तय कर के आए हैं कि अंगद का पैर है, वे जानते हैं कि जमीन ही नहीं बची है तो पैर कहां रखोगे। जो लोग दावा करते थे कि डबल इंजन की सरकार है, उन्हें काशी की जनता ने जवाब दिया है। वे एक बार एक हार से संतुष्ट नहीं थे।''
उन्होंने कहा, ''दो रात तीन दिन काउंटिंग की, वे अब भी चंडीगढ़ चाल चलना चाहते थे, लेकिन कामयाब नहीं हुए हैं। डबल इंजन वालों को डबल हार और डबल जीरो मिलने का काम हुआ है। वह क्षेत्र कौन सा है। जो लोग काशी का नाम जानते हैं वो यह भी जानते हैं कि वह क्षेत्र क्योटो है। हम जानते हैं कि भाजपा लगातार साजिश कर रही है। वे जानते हैं कि जनता के बीच जीत नहीं सकते हैं। वे चुनाव आयोग का रास्ता अपना रहे हैं। बंगाल का चुनाव उन्होंने लूटा है। बंगाल चुनाव की तस्वीरें कोई नहीं भूल सकता कि वहां लाखों की फौज लगाकर और चुनाव से पहले एसआईआर कराकर लाखों वोट कटवा दिए गए। मुझे याद है कि 2022 में जब चुनाव हुआ था, तब हम सरकार नहीं बना पाए। उसका कारण वोट चोरी ही था। वोटरों को उन्होंने वोटर लिस्ट से हटा दिया। उन्होंने हजारों वोट समाजवादी पार्टी के हटाए थे। उन्होंने मुझे नोटिस दिया था और पूछा था कि किस आधार पर आप कह रहे हैं कि हमने वोट काट दिए हैं। तब सपा कार्यकर्ताओं ने एक-एक बूथ पर काटे गए वोटों की जानकारी निकाली थी। हमने इसकी जानकारी चुनाव आयोग को शपथ पत्र में दिया। लेकिन किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पता नहीं चुनाव आयोग कौन सी नींद की गोली लेकर सो रहा है।''
03:26 PM, 01-Nov-2026
खरगे बोले- पीएम मोदी और शाह ने की युवाओं-दलितों का वोट छीनने की कोशिश
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ''चलो दिल्ली रामलीला मार्च की ऐतिहासिक बैठक हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने युवाओं, दलितों और महिलाओं का वोट छीनने की कोशिश की। हम इसके खिलाफ रामलीला मैदान में इकट्ठा हुए हैं। हम ईडी और सीबीआई से डरते नहीं हैं। हम डरने वाले नहीं हैं, हम लड़ने वाले हैं। मोदी को हटाएंगे, तभी लोकतंत्र बचेगा। मोदी जाएगा, जरूर जाएगा।''
03:24 PM, 01-Nov-2026
तेजस्वी यादव बोले- बिहार से शुरू हुई वोट चोरी
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश में वोट चोरी की शुरुआत बिहार से हुई थी। उन्होंने कहा कि ये सरकार दो नंबरी है।
03:19 PM, 01-Nov-2026
नेहा बोरा बोलीं- भारत के इतिहास में भाजपा-आरएसएस के लिए जगह नहीं
इंडिया ब्लॉक की रैली में आइसा की अध्यक्ष नेहा बोरा ने कहा, "भारत के जिन लोगों से लोकतंत्र का अस्तित्व है, उनके समानता के मौलिक अधिकार को कुचलने वालों को लगा था कि वे संसद में अपनी सीटें सुरक्षित रखकर सत्ता में बने रहेंगे। वे कहते हैं कि देश की आजादी का भविष्य सिर्फ उन्हीं से शुरू हुआ। उनका दावा है कि भारत को आजादी 2014 में मिली और उन्हें लगता है कि भाजपा के साथ ही भारत का इतिहास भी समाप्त हो जाएगा। आज रामलीला मैदान में मौजूद आप सभी लोग यह साबित कर रहे हैं और गवाही दे रहे हैं कि भारत के गौरवशाली इतिहास में कभी भी भाजपा या आरएसएस के लिए कोई जगह नहीं रही है।"
03:17 PM, 01-Nov-2026
इंडिया ब्लॉक के नेता मंच पर पहुंचे
राहुल गांधी, अखिलेश यादव समेत इंडिया ब्लॉक के तमाम नेता रामलीला मैदान में बने मंच पर पहुंच गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी मंच पर पहुंच चुके हैं।
02:54 PM, 01-Nov-2026
रामलीला मैदान पहुंचे इंडिया ब्लॉक के नेता
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक के सांसदों का काफिला रामलीला मैदान पहुंच चुका है। कुछ ही देर में सभी नेता मंच पर पहुंचेंगे।
02:44 PM, 01-Nov-2026
शशि थरूर बोले- सीईसी ज्ञानेश कुमार पर से उठा लोगों का भरोसा
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "लोगों का मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर से भरोसा उठ गया है। हम ऐसे व्यक्ति को नहीं चाहते, जो निष्पक्ष न होकर एक साम्राज्य की तरह काम करे और मतदाता सूची से 13 करोड़ नाम हटाकर भारत का राजनीतिक भविष्य तय करने की कोशिश करे। लोगों को वोट देने का अधिकार मिलना चाहिए।"
02:42 PM, 01-Nov-2026
अधीर रंजन चौधरी बोले- भाजपा की विदाई का समय नजदीक है
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, "मैंने अपनी पूरी जिंदगी में दिल्ली में ऐसी रैली कभी नहीं देखी। मुझे इस तरह के किसी आयोजन की जानकारी नहीं है। हो सकता है कि दूर अतीत में ऐसा कुछ हुआ हो, लेकिन मौजूदा हालात में, जब भाजपा सत्ता में है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व कर रहे हैं, इतनी बड़ी संख्या में जनता का उत्साह और समर्थन मैंने पहले कभी न देखा है और न ही सुना है। यह दिखाता है कि भाजपा की विदाई का समय नजदीक आ रहा है। उसकी सत्ता से विदाई अब तय होती दिख रही है।"
02:41 PM, 01-Nov-2026
सचिन पायलट बोले- बदल रहा है पूरे देश का माहौल
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, "लोग न्याय की मांग करने, लोकतंत्र को बचाने और वोटों की चोरी रोकने के लिए दिल्ली आए हैं। पूरे देश का माहौल बदल रहा है। इस तानाशाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ज्ञानेश कुमार ने जो कदम उठाए हैं, वे गैरकानूनी हैं। उन्हें अपने पद से हटना होगा।"
उन्होंने आगे कहा, "लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि होती है। हम चुनाव जीतें या हारें, जनता हमेशा सबसे आगे रहनी चाहिए। कांग्रेस गांधीवादी विचारधारा वाली पार्टी है। हम अहिंसा, प्रेम, सद्भाव और सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। हम चाहते हैं कि लोकतंत्र कायम रहे। हम चाहते हैं कि हमारे गणराज्य के मूल मूल्य, जैसे चुनाव आयोग की निष्पक्षता, बरकरार रहें।"
02:34 PM, 01-Nov-2026
रामलीला मैदान में भारी संख्या में जुटे लोग
विपक्षी दलों के इंडिया ब्लॉक की रामलीला मैदान में एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा हुआ है।
02:27 PM, 01-Nov-2026
कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने क्या कहा?
कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, "देखिए, मुद्दा यह है कि हर वोट महत्वपूर्ण है और हर व्यक्ति का महत्व है। कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन हर एक वोट की रक्षा के लिए एकजुट हैं। चाहे सिर्फ एक वोट को बचाने की बात ही क्यों न हो, हम उसकी सुरक्षा के लिए भी खड़े हैं।"
02:09 PM, 01-Nov-2026
सलमान खुर्शीद बोले- जनता सड़कों पर उतर आई है
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा, "आप देख सकते हैं कि बड़ी संख्या में लोग बाहर निकले हैं। जनता सड़कों पर उतर आई है। यह पूरे देश के माहौल को दर्शाता है और दिखाता है कि जो कुछ किया गया है, उसके खिलाफ लोग कितनी मजबूती से अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।"
01:54 PM, 01-Nov-2026
असम के सीएम सरमा ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर साधा निशाना
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने राहुल गांधी और इंडिया ब्लॉक के नेताओं से एक अपील की है। उन्होंने कहा, ''आज ही के दिन 1984 में दिल्ली और देश के कई अन्य हिस्सों में सिख समुदाय का नरसंहार हुआ था। ऐसे दिन दिल्ली में इतना हंगामा करना सिख समुदाय के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। आप यह रैली किसी दूसरे दिन भी कर सकते थे, लेकिन शायद सिख समुदाय के प्रति असंवेदनशीलता आपके डीएनए में है। खैर, जब आप सभी इस समय एक ही जगह पर जुटे हैं, तो कम से कम मंच से देश के सिख समुदाय से माफी मांगिए और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखिए। आपकी दादी की हत्या का बदला लेने की आग में आपके पिता और उनके सहयोगियों के नेतृत्व में 3,000 से अधिक सिखों का कत्लेआम किया गया था। एक बार माफी मांग लीजिए और फिर अपना कार्यक्रम जारी रखिए।''
01:49 PM, 01-Nov-2026
गिरिराज सिंह ने साधा राहुल गांधी पर निशाना
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "मुझे यह देखकर हंसी आती है कि क्या वे देश के मतदाताओं को मूर्ख समझते हैं? अगर उनका दावा है कि 13 करोड़ नाम प्रभावित हुए हैं, तो वे इसका पूरा ब्योरा क्यों नहीं देते? इनमें से कितने नाम मृत लोगों के हैं? कितने नाम मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों के हैं? कितने ऐसे लोगों के नाम हैं, जिनका पता सत्यापित नहीं किया जा सका? अगर उनमें हिम्मत है, तो उन्हें गांव-गांव जाकर लोगों से पूछना चाहिए कि उनके परिवारों के कितने नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। जनता को मूर्ख मत समझिए। कोई वोट चोरी नहीं हुई है, लोगों ने चोरों को वोट देना बंद कर दिया है।"
01:47 PM, 01-Nov-2026
आईयूएमएल के सांसद मोहम्मद बशीर बोले- हम हासिल करेंगे जीत
'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली पर इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के सांसद ईटी मोहम्मद बशीर ने कहा, "यह वास्तव में बहुत शानदार है। हमें पूरा भरोसा है कि हम इस प्रयास में सफल होंगे और बड़ी जीत हासिल करेंगे।" कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा, "मैं मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर इस रैली में शामिल हो रहा हूं। मुझे लगता है कि हां, ज्ञानेश कुमार इस्तीफा देंगे।"
01:36 PM, 01-Nov-2026
विपक्ष के नेता कुछ देर में शुरू करेंगे रामलीला मैदान तक मार्च
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, नेशनल कॉन्फ्रेंस सांसद फारूक अब्दुल्ला, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, एनसीपी-एससीपी सांसद सुप्रिया सुले, टीएमसी नेता ममता बनर्जी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और अन्य नेता मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक मार्च शुरू करेंगे। यहां कुछ ही देर में इंडिया ब्लॉक की रैली शुरू होगी।
01:18 PM, 01-Nov-2026
व्यापारियों के नुकसान पर क्या बोले राहुल गांधी?
राहुल गांधी ने रामलीला मार्च के दौरान कहा कि हमने रैली में आने वालों से यहां शॉपिंग करने की अपील की थी, जिससे दुकानदारों का फायदा हो सके। लेकिन कनॉट प्लेस आते समय पता चला है कि भाजपा ने जबरदस्ती सारी दुकानें बंद करवा दी हैं। देश देख रहा है कि भाजपा दुकानदारों का नुकसान कर रही है।
01:15 PM, 01-Nov-2026
सपा सांसद रामगोपाल यादव बोले- भाजपा बोलती है हमेशा झूठ
इंडिया ब्लॉक की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली पर समाजवादी पार्टी के सांसद रामगोपाल यादव ने कहा, "यह अभूतपूर्व रैली है। भाजपा हमेशा झूठ बोलती है। उनकी बातों पर कौन भरोसा कर सकता है?"
01:12 PM, 01-Nov-2026
टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने बंगाल के पूर्व सीईओ पर क्यों साधा निशाना?
टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने सीईसी ज्ञानेश कुमार का जिक्र करते हुए कहा, "पूरे देश में इतने बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। उन्हें इस्तीफा देकर इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।" टीएमसी सांसद ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा, "उस व्यक्ति को देखिए, जो पहले सीईओ था। अब वह मुख्यमंत्री का निजी सचिव और फिर मुख्य सचिव बन गया है। उसने भी बेहद अन्यायपूर्ण तरीके से काम किए हैं।"
12:43 PM, 01-Nov-2026
राहुल गांधी के साथ बस में कौन-कौन से नेता सवार?
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा, फारुक अब्दुल्ला, तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, सुप्रिया सुले अभिषेक बनर्जी, केसी वेणुगोपाल और अन्य नेता खुली बस में बैठकर रामलीला मैदान की ओर रवाना हुए।
12:33 PM, 01-Nov-2026
राहुल गांधी के साथ मिंटो ब्रिज के लिए रवाना हुए विपक्षी दलों के नेता और सांसद
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर से इंडिया ब्लॉक के सांसद मिंटो ब्रिज के लिए रवाना होना शुरू हो चुके हैं। राहुल गांधी भी इंडिया ब्लॉक के नेताओं के साथ खुली बस में मिंटो ब्रिज के लिए रवाना हुए।
12:16 PM, 01-Nov-2026
हिमंत बिस्व सरमा बोले- घुसपैठियों को बचाने के लिए हो रही नौटंकी
हिमाचल प्रदेश के शिमला में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, "राहुल गांधी इसलिए रो रहे हैं, क्योंकि एसआईआर प्रक्रिया के जरिए घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। इन घुसपैठियों को बसाने के लिए ही वह यह पूरा ड्रामा कर रहे हैं। हालांकि, देश की जनता कभी भी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होने देगी। हम चुनाव आयोग और देश के नागरिकों के साथ मजबूती से खड़े हैं। वह पागल हैं, उन्हें मानसिक अस्पताल में होना चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा, "बंगाल और असम जैसे राज्यों में घुसपैठियों का मुद्दा हर कोई स्वीकार करता है। सुप्रीम कोर्ट से लेकर संसद तक इस पर चर्चा हुई है। अगर एसआईआर नहीं होगा, तो घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से कैसे हटाए जाएंगे? हमें 'बाबरों और औरंगजेबों' को मतदाता सूची से बाहर करने के लिए एसआईआर की जरूरत है।"
उन्होंने कहा, "हिमाचल प्रदेश और केरल में हुए चुनावों का क्या? क्या उन्हें भी रद्द कर देना चाहिए? रायबरेली से उनका अपना चुनाव क्या रद्द किया जाना चाहिए? कांग्रेस से कहिए कि पहले अपनी सरकारों से इस्तीफा दे, फिर हमसे बात करे। उन्हें लगता है कि उनकी अपनी सरकारें ठीक हैं, लेकिन जहां भाजपा सत्ता में है, वहां उन्हें वोट चोरी नजर आती है। यह कैसा दोहरा मापदंड है? यह पूरा ड्रामा सिर्फ घुसपैठियों को बचाने की कोशिश है, इसके अलावा कुछ नहीं।"
12:09 PM, 01-Nov-2026
जेपी नड्डा बोले- भारत में सत्ता परिवर्तन का एजेंडा नहीं चलेगा
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों पर रामलीला मैदान में होने वाली रैली को लेकर निशाना साधा। उन्होंने सिख दंगों का जिक्र करते हुए कहा, 'राहुल गांधी, ध्यान से सुन लीजिए। यह भारत है, कोई 'बनाना रिपब्लिक' नहीं, जहां आप जब चाहें लोगों को आगजनी के लिए उकसा दें, दंगे भड़काएं या 'सत्ता परिवर्तन' का एजेंडा चलाने लगें। राहुल गांधी, ऐसे सपने देखना बंद कर दीजिए। भारत दुनिया का सबसे पुराना और सबसे मजबूत लोकतंत्र है। 1 नवंबर भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का सबसे बदनाम और काला दिन है। इसी दिन कांग्रेस पार्टी द्वारा पाले-पोसे गए गुंडों ने हमारे निर्दोष सिख भाइयों का नरसंहार किया था। हजारों सिख परिवार रातोंरात बेघर हो गए और हजारों महिलाओं ने अपने पति खो दिए। देश उस घटना को नहीं भूला है। आज भी दिल्ली की 'विधवा कॉलोनी' कांग्रेस के इतिहास के उस भयावह और खूनी अध्याय की गवाही देती है। उस गंभीर अपराध के लिए गांधी परिवार ने आज तक सिख समुदाय से ईमानदारी से माफी नहीं मांगी है। कांग्रेस की असंवेदनशीलता और राहुल गांधी की छोटी सोच देखिए। इस काले दिन, जब देश को अपने शहीदों और पीड़ितों को याद करना चाहिए, राहुल गांधी रामलीला मैदान में खड़े होकर सिर्फ अपना राजनीतिक एजेंडा आगे बढ़ाने में लगे हैं।"
12:03 PM, 01-Nov-2026
सपा सांसद इकरा हसन बोलीं- सड़कों पर उतरना ही जनता के पास एकमात्र रास्ता
समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने कहा, "जब जनता अपने अधिकारों की मांग को लेकर सड़कों पर उतरती है और उसका सभी संस्थाओं से भरोसा उठ जाता है, तो इसकी वजह यह होती है कि आपने हर जगह स्वतंत्र और निष्पक्ष संस्थाओं के अस्तित्व को योजनाबद्ध तरीके से खत्म कर दिया है। ऐसे में लोकतंत्र में जनता के पास यही एक रास्ता बचता है। इसके अलावा, यह हमारा मौलिक अधिकार है। आज हम सत्ता में बैठे लोगों को दिखा देंगे कि यह मुद्दा सिर्फ राजनीतिक पार्टियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इस देश की जनता से जुड़ा हुआ मुद्दा है।"
11:58 AM, 01-Nov-2026
भूपेंद्र सिंह हुड्डा बोले- व्यापारियों को नहीं हो रहा कोई नुकसान
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "राहुल गांधी के आह्वान पर लाखों लोग यहां पहुंच रहे हैं। इंडिया ब्लॉक के सभी नेता इस रैली में शामिल होंगे। यह जनता की आवाज है और ज्ञानेश कुमार को पद छोड़ना होगा। व्यापारियों को कोई नुकसान नहीं हो रहा है। जब लोग यहां आएंगे, तो वे कुछ न कुछ खरीदारी भी करेंगे।"
11:53 AM, 01-Nov-2026
इंडिया ब्लॉक की रैली को लेकर क्या बोले सपा सांसद प्रिया सरोज और जियाउर्रहमान बर्क?
समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज ने कहा, "हम इस रैली में इसलिए शामिल हो रहे हैं, क्योंकि यह जनता की मांग है। लोग चाहते हैं कि हम उन आरोपों पर सरकार से जवाब मांगें, जो लगातार लगाए जा रहे हैं। विपक्ष लंबे समय से चुनाव आयोग की पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल उठा रहा है। लगातार आरोप लगाए जा रहे हैं। मैं कहना चाहूंगी कि अगर सब कुछ ठीक है, तो आयोग सामने आए और तथ्यों व सबूतों के आधार पर जवाब दे। केवल राजनीतिक बयानबाजी न करे। हम लगातार कह रहे हैं कि अगर आप सही हैं, तो प्रेस कॉन्फ्रेंस कीजिए। लेकिन आप न तो प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पा रहे हैं और न ही सवालों के जवाब दे रहे हैं। ऐसे में जनता को यह समझ आने लगा है कि चुनाव आयोग एक ही पार्टी को बचाने और उसे सत्ता में बनाए रखने के लिए काम कर रहा है। इससे एक संवैधानिक संस्था चुनाव आयोग की छवि का मजाक बनकर रह गई है।"
समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा, "हम पूरी तरह एकजुट हैं और आज पूरी ताकत के साथ इस रैली को सफल बनाएंगे। भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन इस रैली को रोकने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे इसमें सफल नहीं होंगे। हमारी रैली पूरी ताकत के साथ होगी। जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते और एसआईआर पर रोक नहीं लगाई जाती, तब तक हम इस मुद्दे पर अपना संघर्ष जारी रखेंगे।"
11:42 AM, 01-Nov-2026
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने एसआईआर को लेकर किस पर साधा निशाना?
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "हमें मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित चाहिए। यह बेहतर होगा कि मतदाता सूची में एक-दो मृत लोगों के नाम रह जाएं, लेकिन 13 करोड़ वास्तविक मतदाताओं के नाम न हटाए जाएं।" उन्होंने आगे कहा, "भारतीय नागरिकों के संवैधानिक अधिकार चुनाव आयोग द्वारा नहीं छीने जाने चाहिए। आयोग ने जो किया, वह पूरी तरह गलत था। इस देश में पिछले 80 वर्षों से हम बिना ऐसी किसी समस्या के स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराते आए हैं। इस दौरान कभी इतनी बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से नहीं हटाए गए।"
उन्होंने कहा, "आप 13 करोड़ मतदाताओं के नाम नहीं काट सकते। जैसा कि राहुल गांधी ने कल बताया था, भारत की वयस्क आबादी के 15 फीसदी लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। यह स्वीकार्य नहीं है। यह एक गंभीर समस्या है। हम सभी को साथ लेकर चलना चाहते हैं। पूरा इंडिया ब्लॉक यहां मौजूद है। हम इस रैली को लेकर उत्साहित हैं। इसके जरिए पूरा देश संवैधानिक संस्थाओं को स्पष्ट संदेश देना चाहता है कि भारतीय नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए।"
11:40 AM, 01-Nov-2026
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी बोले- भाजपा की तानाशाही सरकार की विदाई तय
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा, "1942 में महात्मा गांधी के आह्वान पर पूरा देश अंग्रेजों के खिलाफ आजादी की लड़ाई लड़ने के लिए जाग उठा था। आज भी भारत की जनता ने वोटों की चोरी रोकने और लोकतंत्र को बचाने का संकल्प ले लिया है। कुछ लोग यहां आएंगे, तो कुछ मतदान केंद्रों तक पहुंचेंगे। भाजपा की तानाशाही सरकार की विदाई अब तय है।"
11:38 AM, 01-Nov-2026
पवन खेड़ा बोले- केंद्रीय गृह मंत्री और सरकार डरे हुए हैं
इंडिया ब्ल