राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान पर आयोजित वोट चोरी रैली में अनुपस्थित रहने के कारण मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस में नौ जिला अध्यक्षों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव पर भी कार्रवाई की गई है। इन सभी को अनुशासनहीनता का दोषी मानते हुए संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आगामी आदेश तक निलंबित किया गया है।
नौ जिला अध्यक्षों सहित प्रदेश पदाधिकारियों पर गिरी गाज
प्रदेश कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि मैहर जिला इकाई के अध्यक्ष सौरभ शर्मा, आगर के पृथ्वीराज चौहान, नीमच के मनमोहन शेखावत, बुरहानपुर के अर्जुन जांगले, अनूपपुर के मानवेंद्र मिश्रा, गुना के पंचम भील, बड़वानी के आदित्य गोयल, छतरपुर के मानवेंद्र सिंह परमार और भिंड के मनीष पुरोहित रैली में शामिल नहीं हुए।
इसी तरह प्रदेश उपाध्यक्ष शिवराज यादव, राजवीर सिंह, योगिता सिंह परिहार, प्रमोद सिंह खरे, नीरज पटेल के साथ 14 महासचिव, 32 प्रदेश सचिव भी अनुपस्थित रहे। इन सभी को निलंबित किया गया है।