जबलपुर में बनेगा औषधीय एवं सुगंधित फसलों का विशेष बाजार

 

केंद्र सरकार की पहल पर मंडी बोर्ड ने शुरू की तैयारी, किसानों को मिलेंगे उपज के बेहतर दाम
भोपाल। संस्कारधानी जबलपुर में औषधीय एवं सुगंधित फसलों के विपणन के लिए विशेष मार्केट, यार्ड और प्लेटफार्म विकसित किया जाएगा। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने इस संबंध में मध्यप्रदेश सरकार को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद राज्य सरकार ने मंडी बोर्ड के माध्यम से इस दिशा में तैयारी शुरू कर दी है।
औषधीय फसलों के व्यवस्थित विपणन और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से प्रदेश की सभी मंडियों में आवश्यकतानुसार अलग शेड आरक्षित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। मंडी बोर्ड ने किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), लाइसेंसधारक व्यापारियों, प्रसंस्करणकर्ताओं और अन्य संबंधित हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर औषधीय फसलों के कारोबार को प्रोत्साहित करने को कहा है।
’मंगाई जा रही उत्पादन और कारोबार की जानकारी
जबलपुर में प्रस्तावित विशेष मार्केट की स्थापना के लिए जिले की मंडी समितियों से औषधीय फसलों की आवक और उनके मूल्य से संबंधित आंकड़े जुटाए जा रहे हैं। इसके अलावा इन फसलों के क्रय-विक्रय में लगे व्यापारियों, क्रेताओं, विक्रेताओं और प्रसंस्करण उद्योगों की अद्यतन जानकारी भी मांगी गई है। मंडी समितियों के वर्तमान, नवीन और पुराने मंडी प्रांगणों में उपलब्ध भूमि, शेड और अन्य सुविधाओं की स्थिति का भी आकलन किया जा रहा है। साथ ही जबलपुर जिले और संबंधित मंडी क्षेत्रों में उत्पादित होने वाली औषधीय फसलों के उत्पादन से जुड़ी विस्तृत जानकारी एकत्र की जा रही है।
एजी मार्कनेट पोर्टल पर दर्ज होंगी आवक और दरें
औषधीय फसलों के कारोबार में पारदर्शिता लाने के लिए एजी मार्कनेट पोर्टल पर इनकी आवक और बाजार दरों की नियमित प्रविष्टि सुनिश्चित की जाएगी। इससे किसानों और व्यापारियों को फसलों के बाजार भाव की जानकारी मिल सकेगी तथा विपणन प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी।
किसानों को बेहतर बाजार, निर्यात की संभावनाएं बढ़ेंगी
जबलपुर में विशेष मार्केट और यार्ड विकसित होने से औषधीय एवं सुगंधित फसलों का उत्पादन करने वाले किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए एक समर्पित बाजार उपलब्ध होगा। यहां अधिक संख्या में किसानों और व्यापारियों की भागीदारी से प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, जिससे किसानों को उपज के बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है।


Leave Comments

Top