भोपाल। राजधानी भोपाल में 26 नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च और इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संभावित दौरे को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। पुलिस प्रशासन द्वारा शहर में बिना अनुमति धरना-प्रदर्शनों पर रोक लगाने के आदेश जारी होते ही सत्ताधारी भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है।
कांग्रेस ने सोमवार को जैसे ही राहुल गांधी के कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की, भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी। 16 नवंबर से प्रभावी यह आदेश आगामी दो महीनों तक लागू रहेगा, जिसके तहत बिना पूर्व अनुमति किसी भी रैली, सभा या प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुलिस के इस कदम पर पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने कहा कि कांग्रेस द्वारा वोट चोरी के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन की घोषणा के बाद से ही भाजपा सरकार की घबराहट साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक दबाव कांग्रेस को लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा की लड़ाई से नहीं रोक सकता। वहीं, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने स्पष्ट किया कि पार्टी हमेशा नियमों का पालन करती है। उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक के बाद स्थान तय कर प्रशासन से विधिवत अनुमति मांगी जाएगी।
जंबूरी मैदान में आयोजन की दी सलाह
कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस का प्रदर्शन विफल रहने के बाद अब राहुल गांधी राज्यों का रुख कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भोपाल में कार्यक्रम करने से किसी ने मना नहीं किया है। शर्मा ने तंज कसते हुए सलाह दी कि पूरा जंबूरी मैदान खाली पड़ा है, कांग्रेस प्रशासन से वहां की अनुमति लेकर अपना आयोजन कर सकती है।