अधिकारियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
भोपाल। प्रदेश में अब अनुकंपा नियुक्ति के आवेदन आफलाइन के बजाय ऑनलाइन लिए जाएंगे। इसके लिए नया पोर्टल तैयार किया गया है। ऐसे सभी अधिकारी जिनकी अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया में भूमिका होती है, उन सभी को इस ऑनलाइन पोर्टल के संचालन हेतु प्रशिक्षण दिया जाना है।
प्रदेश में शासकीय कर्मचारियों की असमय मृत्यु के बाद उनके आश्रित परिवार में से किसी एक को अनुकंपा नियुक्ति के लिए मध्य प्रदेश शासन द्वारा एक नया ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया गया है। इसके माध्यम से अनुकंपा नियुक्ति के सभी मामलों का निराकरण तेजी से किया जा सकेगा और पारदर्शिता भी बनी रहेगी। अधिकारियों को प्रशिक्षण के लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय की ओर से सभी विभागों के अधिकारियों को सर्कुलर जारी करके बताया गया है कि, सरकार की पॉलिसी के अनुक्रम में अनुकंपा नियुक्ति कार्य प्रणाली को पारदर्शी एवं अनुकंपा नियुक्ति के आवेदनों को समय सीमा में निराकृत करने के उद्देश्य से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा ऑनलाइन पोर्टल डेवलप कर दिया गया है। इस ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदनों का निराकरण, जांच एवं सत्यापन आदि सभी प्रकार की प्रक्रियाओं को तेजी से संपादित किया जा सकेगा।
ऐसे सभी अधिकारी जिनकी अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया में भूमिका होती है, उन सभी को इस ऑनलाइन पोर्टल के संचालन हेतु प्रशिक्षण दिया जाना है। अधिकारियों को सूचित किया गया है कि उनके प्रशिक्षण के लिए जो तारीख और टाइम स्लॉट निर्धारित किया गया है, अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम 8 अप्रैल एवं 9 अप्रैल को आयोजित किए गए।