भोपाल। सरकार ने दिव्यांगों के लिए आरक्षित पदों पर सीधे साक्षात्कार के जरिए नियुक्ति देने के आदेश पर रोक लगा दी है। अब दिव्यांगों को भर्ती प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा, जिससे सरकारी नौकरी के इंतजार में बैठे हजारों दिव्यागों को झटका लगा है। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि पिछले साल जिन विभाग एवं सरकारी कार्यालयों ने दिव्यांगों के खाली पदों को साक्षात्कार के जरिए भरने के लिए आवेदन बुलाए थे, उनकी नियुक्ति होगी या फिर उन्हें भर्ती परीक्षा देनी होगी।
सामान्य प्रशासन विभाग ने दिव्यांगों के लिए आरक्षित पदों पर नियुक्ति के संबंध में हाल ही में एक आदेश जारी किया है, जिसके तहत 22 फरवरी 2014 के परिपत्र के अनुसार दिव्यांगों के लिए आरक्षित पदों की पूर्ति विशेष भर्ती अभियान के तहत साक्षात्कार के माध्यम से करने के निर्देश दिए थे। 4 जनवरी 2024 को जारी परिपत्र के अनुसार साक्षात्कार के जरिए पद भरने की समय-सीमा 31 दिसंबर 2024 निर्धारित थी, जो समाप्त हो चुकी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभाग, विभागाध्यक्ष, संभागायुक्त, जिलाधीश एवं अन्य कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि दिव्यांगजनों के रिक्त पदों की पूर्ति साक्षात्कार के माध्यम से न करते हुए, भर्ती प्रक्रिया का अनुसरण किया जाए।
सरकार के इस नए परिपत्र से उन दिव्यांगों के बीच हड़कंप मच गया है, जिन्होंने पिछले साल भर्ती के लिए आवेदन दिया था, लेकिन संबंधित कार्यालयों ने भर्ती प्रक्रिया को पूरा नहीं किया है। सामान्य प्रशासन विभाग के द्वारा जारी परिपत्र में यह स्पष्ट नहीं है कि जो भर्ती प्रक्रिया लंबित है, उसको साक्षात्कार के जरिए ही पूरा किया जाएगा या फिर नए सिरे से भर्ती होगी।