अधिकारियों, कर्मचारियों के अवकाश किए रद्द

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक में दिए निर्देश
भोपाल। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य में उच्च सतर्कता घोषित कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रदेश के सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी जाएंगी। वहीं, छुट्टी पर गए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल ड्यूटी पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा हमारा परम धर्म है और ताज़ा हालातों को देखते हुए सभी नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मुख्यमंत्री ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया कि जरूरी नागरिक सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, सभी विभाग अपनी-अपनी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करें और सुरक्षा के सभी आवश्यक ऐहतियाती कदम तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जोर देकर कहा कि राष्ट्र विरोधी किसी भी प्रचार पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए। नागरिकों को अफवाहों पर ध्यान न देने की लिए प्रेरित और सूचित करें। केंद्रीय और राज्य सरकार के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की चहुंओर सुरक्षा पर अत्यंत विशेष ध्यान दिया जाये। आपदा प्रबंधन के सभी उपाय एवं आवश्यकताओं जैसे स्वास्थ्य, अग्निशमन सेवाओं को और मजबूत कर लें।
अधिकारियों को तालमेल बनाए रखने के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की अद्यतन सुरक्षा व्यवस्थाओं, नागरिक सुविधाओं की स्थिति और विभागीय समन्वय की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी तालमेल को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। यह भी कहा कि किन्हीं भी आपातकालीन परिस्थितियों के लिए सभी विभाग तत्परता और सजगता के साथ तैयार रहें। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां सामान्य होने तक नागरिक सुविधाओं की सहज आपूर्ति से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी और फील्ड अमला अवकाश पर न जाये।
प्रदेश की बेटी कर्नल सोुया ने बढ़ाया देश का मान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज भोपाल में ‘जनजातीय शिल्पग्राम महोत्सव 2025 के शुभारंभ अवसर पर कहा कि हमारी कर्नल सोफिया कुर्रेशी ने भारत का मान बढ़ाया है। मध्य प्रदेश का मान बढ़ाया है। देश का मान बढ़ाया है। उनकी तीन पीढ़ियां सेना में रही हैं। बेटियां कम पड़ती हैं क्या? क्या हिंदू, क्या मुसलमान? सभी धर्म ने मिलकर कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक सब दलों के लोग प्रधानमंत्री के साथ हैं। आजादी के बाद यह पहला अवसर है। दुश्मनों के खिलाफ पूरा देश एक है यह संदेश दिया गया है। गौरतलब है कि कर्नल सोफिया कुरैशी का संबंध छतरपुर के नौगांव बुंदेलखंड से है। कर्नल सोफिया कुरैशी का जन्म 1976 में पुणे में हुआ। जन्म के बाद सोफिया के पिता परिवार को लेकर मध्य प्रदेश के छतरपुर के नौगांव में शिफ्ट हो गए। इनका पुस्तैनी मकान नौगांव में ही है।

Leave Comments

Top