भोपाल। राष्ट्रकुल संसदीय संघ (भारत क्षेत्र 6) के तीन राज्यों मध्य प्रदेश,छत्तीसगढ़ एवं राजस्थान के युवा विधायकों का सम्मेलन 30-31 मार्च को मध्य प्रदेश विधानसभा में आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध मे विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर जी ने आज कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया तथा कार्यक्रम सफल एवं सुचारु रूप से संपन्न हो इस हेतु संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।इस अवसर पर विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा भी उपस्थित रहे।
आयोजन की तैयारियों के अवलोकन उपरांत विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र को मजबूत करना और युवा जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर मंथन करना है। सम्मेलन में लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। मध्यप्रदेश में इस तरह का युवा विधायक सम्मेलन होना गर्व की बात है। सम्मेलन के दौरान कुल पांच सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पहले दिन तीन और दूसरे दिन दो सत्र होंगे। सम्मेलन में 45 वर्ष से कम उम्र वाले मध्यप्रदेश के 37, राजस्थान के 13 और छत्तीसगढ़ के 13 विधायक शामिल होंगे।