नियुक्तियों में संगठन और युवाओं को तरजीह देने की तैयारी

हारे नेताओं और पूर्व मंत्रियों को नहीं मिलेगी जगह,

भोपाल। भाजपा में निगम-मंडलों की नियुक्तियों को लेकर चल रहा लंबा इंतज़ार अब खत्म होने वाला है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इस बहुप्रतीक्षित सूची को लेकर बड़ा खुलासा किया है। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश इकाई ने अपना होमवर्क पूरा कर लिया है और अब अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व के पाले में है। संगठन नियुक्तियों में युवाओं को तरजीह देने की तैयारी कर चुका है, वहीं चुनाव हारे नेताओं और पूर्व मंत्रियों को भी स्थान देने से दूरी बना रहा है।

खंडेलवाल ने नियुक्तियों की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन की प्राथमिकता पहले आंतरिक नियुक्तियों को पूर्ण करने की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश भाजपा ने नामों का पैनल फाइनल कर लिया है।  सबसे पहले एल्डरमैन की नियुक्तियां पूरी की जाएंगी। एल्डरमैन की प्रक्रिया संपन्न होते ही निगम-मंडलों की सूची जारी कर दी जाएगी। सबसे चौंकाने वाला और महत्वपूर्ण बयान नियुक्तियों के मापदंड को लेकर आया है। प्रदेश अध्यक्ष ने साफ कर दिया है कि इस बार पहुंच नहीं बल्कि काबिलियत पैमाना होगी। हारे हुए नेताओं और पूर्व मंत्रियों को निगम-मंडलों में मौका नहीं मिलेगा। पार्टी युवाओं और काबिल कार्यकर्ताओं को आगे लाने के पक्ष में है। प्रदेश अध्यक्ष के बयान से यह संकेत भी मिले हैं कि वर्तमान विधायकों को उनकी सक्रियता के आधार पर इन पदों से नवाजा जा सकता है, जबकि पुराने दिग्गज जो चुनाव हार चुके हैं, उन्हें निराशा हाथ लग सकती है।

कांग्रेस से आए काबिल’ लोगों को भी जगह

दूसरी पार्टियों (विशेषकर कांग्रेस) से भाजपा में आए नेताओं की उम्मीदों पर खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी में शामिल हुए काबिल लोगों को निश्चित रूप से मौका दिया जाएगा। उनके अनुभव और योग्यता का उपयोग सरकार और संगठन के सामंजस्य में किया जाएगा।

अप्रैल में होगी नई कार्यकारिणी की पहली बैठक

संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि नई प्रदेश कार्यकारिणी की पहली कार्यसमिति बैठक अप्रैल में आयोजित होगी। इसके बाद हर तीन महीने में नियमित रूप से प्रदेश कार्यसमिति की बैठकें की जाएंगी, ताकि संगठन की सक्रियता और सरकार के साथ समन्वय बना रहे।

 


Leave Comments

Top