ईरान-इस्राइल संघर्ष के बीच राजधानी भोपाल में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कमी के चलते हालात अचानक बिगड़ते नजर आ रहे हैं। छोटे-छोटे होटल, चाय और फास्ट फूड की दुकानों पर गैस खत्म होने लगी है, जिससे कई दुकानदारों को अपनी दुकानें बंद करनी पड़ रही हैं। वहीं, इस बीच फैली अफवाहों के कारण घरेलू सिलेंडर की बुकिंग भी तेजी से बढ़ गई है और गैस एजेंसियों पर लोगों की लंबी कतारें लगने लगी हैं। हालांकि एजेंसियों ने घरेलू गैस की सप्लाई सामान्य होने का दावा किया है।
छोटी दुकानों पर पड़ने लगा ताला
भोपाल के न्यू मार्केट में फास्ट फूड की दुकान चलाने वाले प्रीतम सिंह जाटव ने बताया कि आज उनकी दुकान का सिलेंडर खत्म हो गया और नया सिलेंडर मिल नहीं पा रहा है। उन्होंने कहा कि अब दुकान बंद करने की नौबत आ गई है। प्रीतम सिंह ने कहा, हम पिछले 20 साल से दुकान चला रहे हैं और इसी से हमारे परिवार का गुजारा होता है। आज सिलेंडर खत्म हो गया है, सामान भी खराब होने की कगार पर है। अगर गैस नहीं मिली तो दुकान बंद करनी पड़ेगी। ऐसे में परिवार का पालन-पोषण और बच्चों की पढ़ाई कैसे होगी, यह चिंता सताने लगी है। उन्होंने सरकार से जल्द इस समस्या का समाधान करने की मांग की है। आखिरी चाय पिलाकर एक हफ्ते के लिए दुकान बंद
न्यू मार्केट में चाय की दुकान चलाने वाले संजीव कुमार जायसवाल ने भी इसी तरह की परेशानी बताई। उन्होंने कहा कि उनके पास भी सिर्फ आज के लिए ही गैस बची थी और अब दुकान बंद करनी पड़ेगी। संजीव कुमार ने कहा,आज हमारा आखिरी सिलेंडर खत्म हो गया। कल से गैस नहीं है, इसलिए मजबूरी में दुकान एक हफ्ते के लिए बंद करनी पड़ रही है। अगर जल्द गैस नहीं मिली तो आर्थिक स्थिति और बिगड़ जाएगी। परिवार गांव चला गया है, लेकिन दुकान बंद होने से बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा।
ट्रेनों में भी दिखा असर, खाना नहीं मिला
कमर्शियल गैस की किल्लत का असर रेल सेवाओं पर भी दिखने लगा है। ग्वालियर से शताब्दी एक्सप्रेस से भोपाल आए यात्री प्रशांत ने बताया कि ट्रेन में यात्रियों को खाना नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि ट्रेन में अनाउंसमेंट किया गया कि कमर्शियल सिलेंडर की उपलब्धता नहीं होने के कारण खाना सर्व नहीं किया जा सकेगा और उसकी जगह पैक्ड फूड दिया जाएगा। प्रशांत का कहना है कि इस स्थिति में ब्लैक मार्केटिंग की भी आशंका बढ़ गई है और सरकार को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
अफवाह से घरेलू सिलेंडर के लिए बढ़ी भीड़
कमर्शियल सिलेंडर की किल्लत की खबरों के बीच भोपाल में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर भी अफवाहें फैल गईं। इसके चलते कई लोग गैस एजेंसियों पर पहुंचकर सिलेंडर लेने लगे। सुबह से ही कई एजेंसियों पर लंबी लाइनें देखी गईं।
बुकिंग तीन गुना तक बढ़ी
गैस एजेंसी संचालक आरके गुप्ता का कहना है कि पिछले दो दिनों में सिलेंडर की बुकिंग अचानक बढ़ गई है। पहले जहां लोग होम डिलीवरी का इंतजार करते थे, वहीं अब खुद एजेंसी पहुंचकर सिलेंडर लेने लगे हैं। एजेंसी संचालकों के मुताबिक सामान्य दिनों की तुलना में सिलेंडर की बुकिंग दो से तीन गुना तक बढ़ गई है, इसी कारण एजेंसियों पर भीड़ दिखाई दे रही है।
घरेलू गैस की कोई कमी नहीं
गैस एजेंसी संचालकों ने स्पष्ट किया है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की कमी नहीं है। उनका कहना है कि अफवाहों के कारण लोग घबराकर ज्यादा बुकिंग कर रहे हैं। एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है, सिलेंडरों की सप्लाई लगातार जारी है और सभी को समय पर गैस मिलती रहेगी।