भोपाल। मध्य प्रदेश कैडर के चर्चित युवा आईएएस अधिकारी रवि कुमार सिहाग अब प्रदेश छोड़कर एजीएमयूटी कैडर में अपनी सेवाएं देंगे। केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग से निर्देश मिलने के बाद, मध्य प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग ने उन्हें औपचारिक रूप से कार्यमुक्त कर दिया है।
रवि कुमार सिहाग के कैडर परिवर्तन का मुख्य कारण मैरिज ग्राउंड है। जानकारी के अनुसार सिहाग ने एजीएमयूटी कैडर की आईएएस अधिकारी इशिता राठी से विवाह किया है। केंद्र सरकार की नीति के अनुसार, यदि पति-पत्नी दोनों अखिल भारतीय सेवा में हैं, तो उन्हें एक ही कैडर में पदस्थ करने का प्रावधान है ताकि वे साथ रह सकें। इसी नीति के तहत रवि कुमार ने कैडर स्थानांतरण का आवेदन दिया था, जिसे केंद्र ने स्वीकार कर लिया।
सिवनी के लखनादौन में थे पदस्थ
साल 2022 बैच के आईएएस अधिकारी रवि कुमार सिहाग वर्तमान में सिवनी जिले के लखनादौन में एसडीएम के पद पर कार्यरत थे। अपने संक्षिप्त कार्यकाल में उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर अपनी कार्यक्षमता की छाप छोड़ी। अब वे अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेशों के संयुक्त कैडर में अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे।