हैदराबाद. एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वाले एक बड़े रैकेट का हैदराबाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 414 गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं.
मामला बंजारा हिल्स इलाके का है, जहां आरोपी एक कब्रिस्तान में गैस सिलेंडरों को अवैध रूप से जमा कर रहे थे. यहां से वे सिलेंडरों को ऊंची कीमतों पर बेचते थे. पुलिस को गुप्त सूचना मिलने के बाद जुबली हिल्स टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया.
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी एक गैस एजेंसी संचालित करता है और इसी के जरिए सिलेंडरों की हेराफेरी कर उन्हें अवैध तरीके से जमा कर रहा था. पुलिस ने आरोपियों के पास से घरेलू और कॉमर्शियल दोनों तरह के सिलेंडर बरामद किए हैं. जब्त किए गए सिलेंडरों में बड़ी संख्या में भरे और खाली दोनों तरह के सिलेंडर शामिल हैं. इनके अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 वाहन भी जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल सिलेंडरों की ढुलाई में किया जा रहा था.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जब्त किए गए सिलेंडरों की कुल कीमत करीब 21 लाख रुपए से अधिक आंकी गई है. फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है.