Assembly Elections: बंगाल में रैली के दौरान राहुल ने PM मोदी को घेरा, कालियागंज में गृह मंत्री का मेगा रोड शो

न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: अमन तिवारी Updated Tue, 14 Apr 2026 02:50 PM IST

Assembly Election Live Updates: देश के तीन राज्यों असम, केरल और पुदुचेरी में नौ अप्रैल को एक चरण में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो चुके हैं। पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। वहीं, तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा। कौन सा दल किस मुद्दे के सहारे जनता के बीच जा रहा है? किस राज्य में कौन सा गठबंधन या रणनीति अधिक कारगर साबित होगी? अलग-अलग राज्यों में विधानसभा चुनाव से जुड़े सभी अपडेट्स यहां पढ़ें...

Assembly Elections 2026 Live Updates April 14 Tamil Nadu West Bengal Assam Kerala Puducherry Election News

चुनावी राज्यों में राजनीतिक हलचल तेज - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक

लाइव अपडेट

05:34 PM, 14-Apr-2026

तिरुप्पुर रैली में विजय के बड़े वादे, किसानों के लिए एमएसपी और कर्ज माफी का एलान

तमिलनाडु में चुनावी माहौल के बीच टीवीके प्रमुख विजय ने तिरुप्पुर की रैली में किसानों के लिए कई बड़े वादे किए। उन्होंने धान के लिए 3,500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ने के लिए 4500 रुपये प्रति टन देने का भरोसा दिया। साथ ही न्यूनतम समर्थन मूल्य को कानूनी गारंटी देने की बात कही। विजय ने छोटे किसानों (पांच एकड़ से कम) का पूरा कर्ज माफ करने और बड़े किसानों के लिए 50 प्रतिशत कर्ज माफी का वादा किया। उन्होंने डीएमके सरकार पर आरोप लगाया कि राज्य में कई एमएसएमई बंद हो गए हैं और उद्योगों को नुकसान पहुंचा है।
 
02:27 PM, 14-Apr-2026

राहुल गांधी की मालदा में रैली के दौरान प्रधानमंत्री की देश भक्ति पर उठाए सवाल

पश्चिम बंगाल के मालदा में एक चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए उन्हें देशभक्त के बजाय देशद्रोही करार दिया। राहुल ने मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया (SIR) को असंवैधानिक बताते हुए वादा किया कि कांग्रेस सरकार आने पर गलत तरीके से हटाए गए नामों को दोबारा बहाल किया जाएगा। इसके साथ ही, राहुल ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर भी चिंता जताते हुए कहा कि इस डील से भारत के लघु और मध्यम उद्योग बंद हो जाएंगे, जिससे देश में बड़े स्तर पर बेरोजगारी बढ़ेगी।
02:13 PM, 14-Apr-2026

गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल के कालियागंज में रोड शो किया

पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों की सरगर्मी के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दक्षिण दिनाजपुर के कालियागंज में रोड शो किया। इस दौरान रोड शो में भारी संख्या में समर्थकों और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ी। अमित शाह के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता और स्थानीय उम्मीदवार भी मौजूद थे।
02:08 PM, 14-Apr-2026

कांग्रेस विधायक रमेश चेन्निथला ने केरल चुनावों में UDF की जीत का किया दावा

केरल विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस विधायक रमेश चेन्निथला ने आगामी विधानसभा चुनावों में UDF की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि केरल की जनता पिछले 10 वर्षों के कुशासन से तंग आ चुकी है और बदलाव चाहती है। चेन्निथला के अनुसार, जनता इस बार CPM को मुंहतोड़ जवाब देगी और UDF भारी बहुमत के साथ राज्य में अगली सरकार बनाएगी।
02:01 PM, 14-Apr-2026

बंगाल में चुनाव के लिए मैदान में 2,926 उम्मीदवार

भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी है। राज्य में कुल 2,926 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाएंगे। चुनाव दो चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को 152 सीटों (1,478 उम्मीदवार) पर होगा, जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को 142 सीटों (1,448 उम्मीदवार) पर किया जाएगा। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित होंगे। आयोग ने इस बार ईवीएम के बैलेट पेपर पर उम्मीदवारों की रंगीन फोटो लगाने का निर्देश दिया है ताकि मतदाता आसानी से अपने प्रतिनिधि को पहचान सकें।

अमित शाह का टीएमसी पर तीखा हमला, घुसपैठ और सुरक्षा को बनाया मुद्दा
इससे एक दिन पहले, पश्चिम बंगाल में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ममता बनर्जी सरकार पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही बांग्लादेश सीमा पर फेंसिंग का काम पूरा कर घुसपैठ को रोका जाएगा। उन्होंने टीएमसी कार्यकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि वे चुनाव के दौरान गड़बड़ी न करें, वरना 5 मई के बाद उन पर सख्त कार्रवाई होगी। शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बहुसंख्यक समुदाय को डराने का आरोप लगाया और मुर्शिदाबाद दंगों का जिक्र करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। इस बार बंगाल में टीएमसी चौथी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है, जबकि भाजपा उसे कड़ी चुनौती दे रही है।
12:21 PM, 14-Apr-2026

चुनावी प्रचार के दौरान एमके स्टालिन ने की बस की सवारी

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और कोलाथुर से द्रमुक उम्मीदवार एमके स्टालिन ने किलवैथिनांकुप्पम में चुनावी प्रचार के दौरान एक सरकारी बस की सवारी की। इस दौरान उन्होंने बस में सवार यात्रियों से बातचीत की।
11:12 AM, 14-Apr-2026

वीसीके ने चुनावी घोषणापत्र में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण का किया वादा

चेन्नई में विदुथालाई चिरुथैगल कच्ची (वीसीके) के अध्यक्ष थोल थिरुमावलवन ने 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया। इस घोषणापत्र में पार्टी ने सामाजिक सुधार और महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया है। पार्टी ने जनता से वादा किया है कि सत्ता में आने पर महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही, समाज में होने वाली 'ऑनर किलिंग' की घटनाओं को रोकने के लिए एक विशेष कानून बनाया जाएगा। 
11:05 AM, 14-Apr-2026

बंगाल चुनाव को लेकर खड़गपुर से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने जताई चिंता 

पश्चिम बंगाल के खड़गपुर सदर से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने चुनाव से पहले सुरक्षा को लेकर बड़ी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों के बाद जो हिंसा हुई थी, वह आज भी लोगों के मन में ताजा है। घोष ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के गुंडों ने अभी से लोगों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया है। दिलीप घोष का कहना है कि ये लोग चुनाव की प्रक्रिया को प्रभावित करते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे तत्वों को चुनाव से पहले ही गिरफ्तार किया जाए। घोष ने चेतावनी दी कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो इसका चुनाव पर बुरा असर पड़ सकता है।
10:45 AM, 14-Apr-2026

तमिलनाडु में एमके स्टालिन के लिए वोट मांगेंगे अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तमिलनाडु के दौरे पर जा रहे हैं। वे 20 अप्रैल को वहां पहुंचेंगे। केजरीवाल वहां मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और उनकी पार्टी द्रमुक (DMK) के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। वे 20 और 21 अप्रैल को होने वाली चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे जनता से गठबंधन के उम्मीदवारों को जिताने की अपील करेंगे। 
09:03 AM, 14-Apr-2026

Assembly Elections: बंगाल में रैली के दौरान राहुल ने PM मोदी को घेरा, कालियागंज में गृह मंत्री का मेगा रोड शो

तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। मुख्यमंत्री और कोलाथुर से द्रमुक (डीएमके) उम्मीदवार एमके स्टालिन ने वेल्लोर में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने वहां घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और अपने पक्ष में समर्थन मांगा।
कांग्रेस प्रभारी ने क्या कहा?
दूसरी तरफ, कांग्रेस ने भी अपनी चुनावी तैयारियों को लेकर जानकारी साझा की है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के कांग्रेस प्रभारी गिरीश चोडनकर ने चेन्नई में मीडिया से बात की। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी जल्द ही तमिलनाडु आएंगे और चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। उनके साथ पार्टी के अन्य बड़े नेता भी प्रचार के लिए पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि जब चुनाव प्रचार और ज्यादा आक्रामक होगा, तब सभी बड़े नेता मैदान में उतरेंगे। कांग्रेस ने राज्य की सभी 234 विधानसभा सीटों पर अपने कार्यकर्ताओं को तैनात कर दिया है। इसके लिए हर निर्वाचन क्षेत्र में खास कमेटियां भी बनाई गई हैं। ये कमेटियां गठबंधन के सभी उम्मीदवारों की हर संभव मदद करेंगी। 

Leave Comments

Top