नामांकन के बहाने कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन आज, नटराजन भरेंगी नामांकन

भोपाल। राज्यसभा चुनाव के बहाने कांग्रेस एक तीर से दो निशाने साधने की तैयारी में है। पार्टी उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन को कांग्रेस ने एक बड़े सियासी इवेंट में तब्दील कर दिया है, जिसके जरिए भाजपा को विपक्ष की एकजुटता और ताकत का अहसास कराया जाएगा। हालिया सियासी उठापटक और दल-बदल की अटकलों के बीच कांग्रेस हाईकमान और प्रदेश नेतृत्व इस मौके का उपयोग अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए कर रहा है।
रणनीति के तहत, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने सभी विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के लिए व्हिप की तरह कड़े निर्देश जारी किए हैं। सभी नेताओं को सुबह 10. 30 बजे अनिवार्य रूप से भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचने को कहा गया है। यहाँ से सभी विधायक और शीर्ष नेता एक साथ एकजुटता का संदेश देते हुए विधानसभा के लिए कूच करेंगे। इसके बाद, सुबह 11 बजे मीनाक्षी नटराजन दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में राज्यसभा सीट के लिए अपना आधिकारिक नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। सूत्रों की मानें तो  इस भव्य आयोजन के पीछे कांग्रेस की मंशा केवल नामांकन दाखिल करना नहीं, बल्कि यह साबित करना है कि प्रदेश में विपक्ष पूरी तरह एकजुट और मजबूत है। सभी विधायकों को साफ हिदायत दी गई है कि वे तय समय पर उपस्थित रहें, ताकि भाजपा के सामने विपक्ष की एकजुटता को पुरजोर तरीके से रखा जा सके। अब देखना यह होगा कि कांग्रेस का यह शक्ति प्रदर्शन कितना सफल रहता है।

Leave Comments

Top