MP RajyaSabha Election: महेश केवट ने भरा नामांकन, सीएम यादव बोले- तीनों सीटें जीतने के लिए संकल्पित हैं हम

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल Published by: Anand Pawar Updated Mon, 08 Jun 2026 04:57 PM IST

मध्यप्रदेश राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने तीसरे उम्मीदवार के रूप में महेश केवट का नामांकन दाखिल करा दिया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तीनों सीटों पर जीत का दावा करते हुए कहा कि भाजपा हर वर्ग को प्रतिनिधित्व देने के अपने संकल्प पर काम कर रही है।

MP Rajya Sabha Election: Mahesh Kewat files nomination, CM Yadav says - we are determined to win all three sea
 
भाजपा के तीसरे प्रत्याशी महेश केवट के साथ सीएम यादव - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा चुनाव के तीसरे उम्मीदवार महेश केवट ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे। नामांकन दाखिल कराने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा तीनों राज्यसभा सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए संकल्पित है। नामांकन से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद पार्टी नेताओं के साथ विधानसभा पहुंचकर महेश केवट का नामांकन पत्र जमा कराया गया। 

मुख्यमंत्री यादव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने महेश केवट को राज्यसभा चुनाव के लिए तीसरे प्रत्याशी के रूप में चयनित किया है। उन्होंने कहा कि महेश केवट बचपन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं। विद्यार्थी परिषद, भारतीय जनता युवा मोर्चा और संगठन में विभिन्न दायित्वों का उन्होंने सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि भगवान राम और निषादराज की परंपरा भारतीय संस्कृति में सामाजिक समरसता का प्रतीक है। महेश केवट को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने समाज के उस वर्ग को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है, जिसकी लोकतांत्रिक संस्थाओं में भागीदारी अपेक्षाकृत कम रही है।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि भारतीय जनता पार्टी राज्यसभा की तीनों सीटों पर विजय प्राप्त करेगी। आज नामांकन की अंतिम तिथि के अवसर पर हमारे सभी योग्य प्रत्याशियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेते हुए नामांकन दाखिल किया है। महेश केवट एक ऐसे कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने बाल्यकाल से स्वयंसेवक, विद्यार्थी परिषद और युवा मोर्चा सहित संगठन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। भगवान श्रीराम की नगरी और निषादराज की गौरवशाली परंपरा का स्मरण कराते हुए उन्हें यह अवसर मिला है। यह भारतीय जनता पार्टी की उस विचारधारा का प्रमाण है, जो ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को केवल कहती नहीं, बल्कि उसे धरातल पर लागू भी करती है।
 
केवट, मल्लह, रैकवार का प्रतिनिधित्व सीमित रहा है
केवट, मल्लाह, रैकवार तथा अन्य संबंधित समाजों का प्रतिनिधित्व लंबे समय से सीमित रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें सीधे संसद के उच्च सदन में प्रतिनिधित्व देकर समाज के वंचित और उपेक्षित वर्गों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सिद्ध किया है। लोकतंत्र में विजय प्राप्त करना प्रत्येक राजनीतिक दल की इच्छा होती है। हमें विश्वास है कि पार्टी का संगठन, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ हमारे प्रत्याशी को विजय दिलाने के लिए कार्य करेंगे

हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है भाजपा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा केवल घोषणा नहीं करती, बल्कि अपने संकल्पों को धरातल पर उतारकर दिखाती है। उन्होंने कहा कि जिस समाज का लोकसभा और विधानसभा में पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं था, उस वर्ग के व्यक्ति को सीधे संसद के उच्च सदन में भेजने का अवसर दिया जा रहा है। डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र पर काम कर रही है। महेश केवट को उम्मीदवार बनाए जाने का निर्णय पार्टी की सामाजिक समरसता और सभी वर्गों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मैं वास्तव में भावुक हूं- महेश केवट
वहीं, महेश केवट ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश में एक नया इतिहास रचा है। त्रेता युग में भगवान श्रीराम ने वनवास के दौरान निषादराज को गले लगाकर सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया था। उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने मेरे जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता, जो निषाद (केवट) समाज से आता हूं, को इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया है। महेश केवट ने कहा कि वह वास्तव में भावुक हूं। मैंने कभी इसकी कल्पना भी नहीं की थी, क्योंकि कुछ समय पूर्व ही पार्टी ने मुझे मछुआ कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त कर सम्मान दिया था। अब राज्यसभा जैसे महत्वपूर्ण दायित्व के लिए चुना जाना मेरे लिए अत्यंत गौरव और विनम्रता का विषय है। उन्हाेंने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी तथा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए मैं स्वयं को कृतज्ञ और सौभाग्यशाली मानता हूं। भारतीय जनता पार्टी ने एक साधारण कार्यकर्ता को जो सम्मान और जिम्मेदारी दी है, उसे मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करूंगा। पार्टी और समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही मेरी प्राथमिकता होगी।"


Leave Comments

Top