भोपाल पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
भोपाल। 21 जून को होने वाली नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) से पहले छात्रों और अभिभावकों को निशाना बनाने वाले साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। सोशल मीडिया पर प्रश्न-पत्र उपलब्ध कराने का झांसा देकर की जा रही ठगी और फैल रही अफवाहों को देखते हुए भोपाल साइबर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस ने इस संबंध में एक विशेष एडवाइजरी जारी कर छात्रों और अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की है।
साइबर पुलिस के अनुसार, ठगों द्वारा टेलीग्राम, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पेपर लीक करने और परीक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी देने के झूठे दावे किए जा रहे हैं। इसके लिए वे फर्जी वेबसाइट्स, संदिग्ध लिंक्स, फर्जी पीडीएफ (गेस पेपर) और खतरनाक एपीके फाइल्स का सहारा ले रहे हैं। छात्र और अभिभावक किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही पेपर लीक से जुड़े किसी भ्रामक संदेश या बहकावे में आएं। परीक्षा से जुड़ी हर प्रामाणिक जानकारी के लिए केवल नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की आधिकारिक वेबसाइट और नोटिस पर ही भरोसा करें।
प्रदेश में परीक्षा के पुख्ता इंतजाम
परीक्षा की 21 जून को होना है। प्रदेष में इस परीक्षा में लगभग 1.18 लाख छात्र बैठेंगे। परीक्षा के लिए पूरे मध्य प्रदेश में 283 केंद्र बनाए गए हैं। इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर यहां उम्मीदवारों की संख्या सर्वाधिक होने के कारण सबसे ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
यहां करें शिकायत
पुलिस ने अपील की है कि यदि आपको परीक्षा से जुड़ी कोई भी संदिग्ध गतिविधि, फर्जी मैसेज या ठगी का प्रयास दिखाई देता है, तो तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दें। साइबर ठगी का शिकार होने या शिकायत दर्ज कराने के लिए सरकार की राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत संपर्क करें।