शिक्षक पात्रता परीक्षा की तैयारी में जुटा स्कूल शिक्षा विभाग

 1.5 लाख शिक्षकों के शामिल होने की संभावना
भोपाल। प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। विभाग की योजना आगामी जुलाई या अगस्त महीने में परीक्षा आयोजित करने की है, जिसमें प्रदेश भर के करीब डेढ़ लाख से अधिक शिक्षकों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने और शिक्षकों की सहूलियत के लिए लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) के आयुक्त ने शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक की। बैठक के दौरान आयुक्त ने आश्वस्त किया कि परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए शिक्षकों को आवश्यक अध्ययन सामग्री ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी। इससे शिक्षक घर बैठे ही आसानी से पढ़ाई कर सकेंगे और उन्हें तैयारी में कोई असुविधा नहीं होगी। विभाग फिलहाल सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप टीईटी से संबंधित नई गाइडलाइन तैयार करने में जुटा है। इसके साथ ही एक अन्य संवेदनशील मामले पर भी मंथन चल रहा है, जिनमें  वर्ष 2005 से 2009 के बीच व्यापमं के माध्यम से चयनित हो चुके शिक्षकों को इस टीईटी के दायरे में शामिल किया जाए या नहीं? इस कानूनी उलझन को सुलझाने के लिए विभाग द्वारा विधि विशेषज्ञों (कानूनी सलाहकारों) से राय ली जा रही है।
5 सितंबर को दिल्ली में आंदोलन
सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले के बाद प्रदेश सहित देशभर के शिक्षक संगठनों में असमंजस और चिंता का माहौल है। इस मुद्दे को लेकर अध्यापक-शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने कड़ा रुख अपनाया है। मोर्चे ने अपनी मांगों को लेकर 5 सितंबर शिक्षक दिवस पर  देश की राजधानी दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़े आंदोलन की घोषणा की है।


Leave Comments

Top