
हेमंत खंडेलवाल।
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनके परिवार पर जमीन खरीदी को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोप पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पलटवार किया। उन्होंने साफ कहा कि यह कांग्रेस का षड्यंत्र है।
जब-जब ओबीसी वर्ग का मुख्यमंत्री बना और आगे बढ़ा तो यह कांग्रेस को रास नहीं आया। खंडेलवाल ने बताया कि कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री मोहन पर जो आरोप लगाए गए हैं, वे पूरी तरफ गलत हैं। कांग्रेस और उसके नेताओं के द्वारा भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसमें बिल्कुल भी सच्चाई नहीं है। मुख्यमंत्री के द्वारा 2023 के विधानसभा चुनाव में जो नामांकन दाखिल किया था, उस स्थिति में उनके पास 17 एकड़ जमीन थी। आज उसमें कुछ भी परिवर्तन नहीं हुआ है। उनकी पत्नी सीमा यादव के नाम से 12.29 एकड़ की जो जमीन थी, इसमें भी 2026 में कोई परिवर्तन नहीं हुआ।
जिस सिद्धिविनायक कंपनी का उल्लेख किया गया है, उसके पास 2023 में 68 एकड़ जमीन थी, जो जून 2026 में घटकर 65 एकड़ रह गई। मुख्यमंत्री ने 2017 में इस कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके पुत्र वैभव के पास भी 2023 के पूर्व 16 एकड़ जो जमीन थी, मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद उसमें कोई परिवर्तन नहीं आया। यह सारी जमीन मास्टर प्लान लागू होने के पहले थी।
पुत्रवधू शालिनी यादव के द्वारा जरूर 2025 में ग्राम गंगेड़ी में 10 एकड़ की कृषि भूमि खरीदी गई है, जो कि विकसित मास्टर प्लान क्षेत्र के बाहर थी। खंडेलवाल ने कहा कि आरोप में जिन रिश्तेदारों का जिक्र किया गया है, वह भी पूरी तरह से गलत है। मुख्यमंत्री और उनके परिवार का उससे कोई उसे लेना-देना है।
उनके रिश्तेदारों का स्वतंत्र अस्तित्व है और मेरी जानकारी में यह आया है कि वे आरोपों के संबंध में अपना स्टैंड लेंगे और जो कार्रवाई करना होगी, वह करेंगे। खंडलेवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के द्वारा प्रदेश के विकास में लगातार काम किया जा रहा है। इस प्रदेश को विकसित प्रदेश बनाने काम किया है फिर वह चाहे किसानों की बात हो या फिर चाहे औद्योगिक विकास की।
इस प्रदेश को मध्य प्रदेश को देश के सबसे विकसित राज्यों में ले जाने का काम मुख्यमंत्री द्वारा किया जा रहा है। उनके खिलाफ षड्यंत्र का काम कांग्रेस कर रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जब-जब प्रदेश को ओबीसी मुख्यमंत्री मिला, चाहे उमा भारती हो, शिवराज सिंह चौहान या मोहन यादव, उन्हें षड्यंत्र करके कमजोर करने का काम कई लोगों के द्वारा किया गया।
इस तरह मुख्यमंत्री को कमजोर करने का काम कांग्रेस के लोग करते हैं। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को जनता के द्वारा जो विकास कार्य किए जा रहे हैं, उसमें पीछे नहीं कर पाए तो इस तरह के षड्यंत्र करके हमारी सरकार और मुख्यमंत्री को कमजोर करने का काम किया जा रहा है। इसे इस प्रदेश की जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
उधर, मंगलवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव का दिन व्यस्तता भरा रहा। सुबह साढ़े नौ बजे वह प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे और वहां श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक के बाद तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग की समीक्षा कर राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान आचारपुरा भोपाल में आदिरंग शिल्पकार महोत्सव 2026 में सहभागिता की।