प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नाम से सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित फर्जी एआई पोस्ट को लेकर कांग्रेस ने साइबर क्राइम कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। मंगलवार को पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस मुख्यालय पहुंचा और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर अपराध) साई मनोहर को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने, एफआईआर दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
संस्थान के नाम का दुरुपयोग
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एक कथित फर्जी एआई पोस्ट में एक संस्थान के नाम और पहचान का दुरुपयोग किया गया है। पार्टी का कहना है कि जीतू पटवारी के नाम से झूठा और भ्रामक कथन प्रसारित कर उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि धूमिल करने की कोशिश की गई है। कांग्रेस ने इसे सुनियोजित दुष्प्रचार बताया है। तीन लोगों की भूमिका की जांच की मांग
ज्ञापन में कांग्रेस ने उपलब्ध सोशल मीडिया साक्ष्यों के आधार पर जितेंद्र प्रताप सिंह, अजय सेंगर और रवि गुर्जर की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि पोस्ट के निर्माण, प्रसार और प्रचार-प्रसार में जिन लोगों की भूमिका सामने आए, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
एफआईआर दर्ज करने की मांग
कांग्रेस ने भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि सोशल मीडिया पर फर्जी एआई सामग्री के जरिए राजनीतिक व्यक्तित्वों को बदनाम करने और जनता को भ्रमित करने की कोशिशों पर प्रभावी रोक लगाई जानी चाहिए
ये नेता रहे मौजूद
प्रतिनिधिमंडल में मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता कुंदन पंजाबी, अवनीश बुंदेला, रोशनी यादव, प्रवीण धौलपुर, अभिनव बरोलिया, विक्रम चौधरी और जिला संगठन महासचिव अभिषेक शर्मा सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी शामिल रहे।