एंडी बर्नहम ब्रिटेन के अगले पीएम बनने की राह पर, मिला 322 सांसदों का समर्थन

                                                            पॉल सेडन, जोशुआ नेवेट और मार्क सेवेज

एंडी बर्नहम लेबर पार्टी के अगले नेता और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ गए हैं.

लेबर पार्टी के अधिकांश सांसदों ने पार्टी नेतृत्व के लिए उनका समर्थन किया है. वह पार्टी नेता के पद पर सर किएर स्टारमर की जगह ले सकते हैं.

गुरुवार से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के बाद अब तक 322 लेबर सांसद बर्नहम के समर्थन में सामने आए हैं. फिलहाल वह इस पद के लिए अपनी उम्मीदवारी घोषित करने वाले इकलौते उम्मीदवार हैं.

अगर उम्मीद के मुताबिक़ कोई दूसरा उम्मीदवार मैदान में नहीं उतरता है, तो अगले सप्ताह बर्नहम को लेबर पार्टी का नेता घोषित किया जाएगा. इसके बाद वह 20 जुलाई को प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेंगे.

यह ग्रेटर मैनचेस्टर के पूर्व मेयर बर्नहम के लिए सत्ता तक पहुंचने का असाधारण सफर होगा. उन्होंने कुछ ही सप्ताह पहले मेकरफील्ड उपचुनाव में जीत हासिल की थी.

एक बयान में बर्नहम ने कहा कि पार्टी का नेता बनाने के लिए उनका नामांकन करने वाले लेबर सांसदों के प्रति वह "गहरे आभारी" हैं.

उन्होंने अपने समर्थन में खड़े होने वाले लेबर पार्टी के 322 सांसदों का शुक्रिया अदा किया है.

उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी के अलग-अलग वर्गों से समर्थन मिला है, जो इस साझा सोच को दर्शाता है कि "ब्रिटेन को राजनीति के लिए नए नज़रिए की जरूरत है."


Leave Comments

Top