तेहरान/वाशिंगटन डीसी. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीएस) ने दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट में दो तेल टैंकरों में विस्फोट हो गया. आईआरजीएस ने बताया कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की गलत जानकारी के कारण दोनों टैंकर समुद्र में बिछी माइंस से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गए.
हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इस दावे को झूठा बताया. वहीं, सेंट्रल कमांड ने कहा कि उसने लगातार सातवीं रात ईरान के सैन्य ठिकानों, हथियार भंडार और समुद्री सैन्य क्षमताओं पर हमले किए. अल जजीरा के मुताबिक, इन हमलों में सीरिक, बुशेहर, बंदर अब्बास, केश्म द्वीप और यज्द को निशाना बनाया गया. उधर, ईरानी सांसद अहमद बख्शायेश अर्देस्तानी ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ने जमीनी हमला किया, तो ईरान कुवैत और बहरीन में घुस जाएगा और वहां मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को तबाह कर देगा.
ईरान ने नए होर्डिंग में ट्रम्प फैमिली को ताबूत में दिखाया
ईरान ने राजधानी तेहरान में एक नया होर्डिंग लगाया है, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प और उनके पूरे परिवार को ताबूतों में दिखाया गया है. इन ताबूतों पर अमेरिकी झंडा लिपटा हुआ है, जबकि पीछे व्हाइट हाउस को आग की लपटों में घिरा दिखाया गया है. होर्डिंग में ट्रम्प के साथ उनकी पत्नी मेलानिया और उनके पांचों बच्चों की तस्वीरें भी हैं. इस पर फारसी भाषा में खून के बदले खून का नारा लिखा गया है. यह दूसरी बार है, जब ईरान ने सार्वजनिक होर्डिंग के जरिए ट्रम्प को धमकी दी है. इससे पहले तेहरान के एंगेलाब स्क्वायर में एक होर्डिंग लगाया गया था, जिसमें ट्रम्प को ताबूत में लेटा हुआ दिखाया गया था.